मुफ्त कोचिंग योजनाओं में बल्लभगढ़ के छात्रों की दिलचस्पी कम, 'सुपर-100' और 'मिशन बुनियाद' में महज 12% हिस्सेदारी
बल्लभगढ़ के विद्यार्थी नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजनाओं में आवेदन करने में फरीदाबाद ब्लॉक से पीछे रह गए हैं।
-1795777982833_m.webp)
बल्लभगढ़ के छात्रों का फ्री कोचिंग योजनाओं के लिए कम आवेदन आया। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
बल्लभगढ़ के विद्यार्थी नीट-जेईई आवेदनों में फरीदाबाद से पीछे।
मिशन बुनियाद, सुपर-100 योजनाएं देती हैं मुफ्त कोचिंग।
स्कूलों को आवेदन बढ़ाने के लिए रिमाइंडर भेजा जाएगा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की दौड़ में बल्लभगढ़ के विद्यार्थी फरीदाबाद ब्लॉक के मुकाबले पिछड़ गए हैं। नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं के प्रति यहां के विद्यार्थियों में अपेक्षित रुझान नहीं दिख रहा है।
मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजना के तहत पूरे ब्लॉक से केवल 330 विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया है। जबकि फरीदाबाद ब्लॉक के विद्यार्थियों की संख्या 2,654 है। कुल आवेदनों में बल्लभगढ़ की हिस्सेदारी करीब 12.4 प्रतिशत ही है।
मिशन बुनियाद और सुपर-100 का उद्देश्य
मिशन बुनियाद और सुपर-100 का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने का अवसर देना है। निजी कोचिंग संस्थानों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराना कई परिवारों के लिए आर्थिक रूप से मुश्किल होता है।
ऐसे में सरकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नि:शुल्क तैयारी का अवसर दिया जाता है। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर मेडिकल व इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रवेश पाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
तीन चरणों की परीक्षा करनी पड़ती है पास
मिशन बुनियाद के तहत आठवीं के उन छात्रों को आवेदन करना है, जिनको सातवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक मिले हैं। वहीं सुपर-100 में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को आवेदन करना है। जिन्हें नौंवी कक्षा में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक मिले हैं।
आवेदन करने की अंतिम तिथि
मिशन बुनियाद के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 12 दिसंबर और सुपर-100 के तहत आवेदन की अंतिम तिथि पांच दिसंबर है। दोनों योजनाओं में विद्यार्थियों का चयन तीन चरणों में आयोजित होने वाली परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को आगे की तैयारी के लिए निश्शुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
सुपर-100 योजना की खासियत?
सुपर-100 योजना विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल करना चाहते हैं।
वहीं मिशन बुनियाद विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करने और उन्हें आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में मदद करता है। विज्ञान विषय में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए नीट और जेईई में बेहतर भविष्य बनाने के अवसर हैं।
बल्लभगढ़ के विद्यार्थियों ने बहुत कम आवेदन किया है। सभी स्कूलों को रिमाइंडर भेजा जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को योजना के प्रति जानकारी दी जाएगी, जिससे आवेदन बढ़ सके। आवेदन बढ़ाने जिम्मेदारी कक्षा इंचार्ज को दी गई है।
-श्रीकृष्ण शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-फरीदाबाद सफर होगा आसान, बदरपुर टोल पर दिसंबर से नई व्यवस्था; फर्राटा भारेंगी गाड़ियां
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।