हरियाणा के भिवानी में अनोखी शादी, बेटों की तरह दुल्हन को घोड़ी पर बैठाकर निकाला बनवारा; हर तरफ हो रही खूब चर्चा
भिवानी के बवानीखेड़ा में एक परिवार ने बेटी साक्षी की शादी में बेटों वाली रस्में निभाईं, जिसमें उसे घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला गया।

कस्बा बवानीखेड़ा निवासी साक्षी की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकालते हुए परिजन। फोटो जागरण
HighLights
बेटी साक्षी की शादी में बेटों वाली रस्में निभाई गईं।
ताऊ-ताई ने साक्षी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला।
यह पहल बेटा-बेटी के भेदभाव को खत्म करने हेतु की गई।
संवाद सहयोगी, बवानीखेड़ा (भिवानी)। बेटा-बेटी के भेद को खत्म करने व समाज को एक सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से कस्बा बवानीखेड़ा निवासी कुलदीप नाहड़िया व रोहिणी देवी ने अपनी पुत्री साक्षी की शादी में बेटों की शादी में होने वाली सभी रस्में निभाई। साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई व ताई संतोष देवी ने बेटों की तरह साक्षी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा भी निकाला।
वहीं, दूसरी तरफ खुशी के मौके पर परिजन घोड़ी पर बैठी दुल्हन के आगे खूब डांस करते दिखाई दिए। साक्षी के परिजनों की इस अनूठी व सराहनीय मुहिम चर्चा का विषय बनी रही। साक्षी का कहना है कि आज बेटियां किस भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है तथा हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि वे स्नातक तक शिक्षित है तथा उनकी शादी में उनके परिजनों ने बनवारा निकालकर बेटा-बेटी के भेदभाव को खत्म करने का संदेश दिया है, जिसके लिए उन्हें अपने परिजनों पर गर्व है।
बेटी की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला
वहीं, साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई व ताई संतोष देवी ने कहा कि बेटियों को भी बेटों की तरह ही समाज में बराबर का मान-सम्मान मिलना चाहिए तथा इसी सकारात्मक संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए उन्होंने अपनी बेटी की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला है।
वहीं साक्षी की दादी शरबती देवी ने बताया कि उनके पति स्व. मनीराम ने कभी बेटा-बेटी में भेद नहीं किया। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए उन्होंने भी बेटा-बेटी के भेद को खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा और अपनी पौत्री की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।