Move to Jagran APP

जिले में बेअसर रही राष्ट्रव्यापी हड़ताल, निर्धारित रूटों पर दौड़ी रोडवेज बसें, पेयजल, बिजली आपूर्ति रही सुचारू

विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर वीरवार को राष्ट

By JagranEdited By: Published: Fri, 27 Nov 2020 08:27 PM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2020 08:27 PM (IST)
जिले में बेअसर रही राष्ट्रव्यापी हड़ताल, निर्धारित रूटों पर दौड़ी रोडवेज बसें, पेयजल, बिजली आपूर्ति रही सुचारू

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर वीरवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का दादरी जिले में कोई खास असर देखने को नहीं मिला। अन्य दिनों की तरह रोडवेज बसें अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार विभिन्न रूटों पर दौड़ती रही। जिले में बिजली, पेयजल आपूर्ति भी दिनभर सुचारू रही। विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल पर रहे लेकिन प्रशासन के निर्देश पर कई विभागों के अधिकारियों द्वारा हड़ताल के मद्देनजर पहले ही तैयारियां कर ली गई थी। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। हड़ताल पर रहे कर्मचारी सुबह से ही नगर परिषद में इकट्ठा होने शुरू हो गए थे। उसके बाद कर्मचारियों ने शहर में रोष प्रदर्शन भी किया।

loksabha election banner

कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना के निपटने के लिए दादरी के बस स्टैंड परिसर में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस के अलावा पुलिस भी मुस्तैद रही। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। ये कर्मचारी रहे हड़ताल पर

वीरवार को जिले में विभिन्न विभागों से मिले आंकड़ों के मुताबिक बिजली निगम के छह, रोडवेज के 21, नगर परिषद के 109 सफाई कर्मचारी, जनस्वास्थ्य विभाग से 30, सिचाई विभाग के छह कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल रहे। इनके अलावा पशुपालन विभाग, आशा वर्कर्स, वन विभाग, शिक्षा विभाग के काफी कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। हालांकि स्कूलों में इन दिनों कोरोना संक्रमण के कारण छुट्टियों के चलते अध्यापकों का हड़ताल पर रहने से कोई असर नहीं पड़ा। जनसेवाएं रही सुचारू

कर्मचारियों की हड़ताल के चलते रोडवेज महाप्रबंधक द्वारा सभी चालकों, परिचालकों के अवकाश रद कर दिए गए थे। जिसका नतीजा यह रहा कि वीरवार को रोडवेज बसें अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार विभिन्न रूटों पर दौड़ती रही। जिसके कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। रोडवेज महाप्रबंधक धनराज कुंडू ने परिसर में सुबह से ही बसों का संचालन करवाना शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया हर रोज की तरह वीरवार को भी बसों का नियमित संचालन किया गया। सभी रूटों पर बसें चलाई गई। इनके अलावा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी आम दिनों की तरह जारी रही। बिजली आपूर्ति में जहां भी फाल्ट की सूचना मिली, तुरंत कर्मचारियों ने वहां पर पहुंच कर समस्या का समाधान किया। शहर में नियमित तरीके से पेयजल सप्लाई की गई। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। नियमित तरीके से हुई सफाई

राष्ट्रव्यापी हड़ताल में दादरी नगर परिषद के कच्चे व नियमित करीब 109 कर्मचारी शामिल हुए। करीब एक तिहाई सफाई कर्मियों के हड़ताल पर रहने के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रही। ड्यूटी पर आए कर्मचारियों ने अधिक समय तक काम कर शहर की विभिन्न मुख्य सड़कों, गलियों से कचरे का उठान किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.