100 से ज्यादा घाट और 1 लाख श्रद्धालु... बहादुरगढ़ में छठ महापर्व की धूम; खरना से लेकर अर्घ्य तक का पूरा शेड्यूल
बहादुरगढ़ में चार दिवसीय छठ पर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है, जिसमें एक लाख से अधिक पूर्वांचलवासी शामिल ...और पढ़ें

छठ पूजा की तैयारी करती महिलाएं।
HighLights
बहादुरगढ़ में एक लाख से अधिक पूर्वांचलवासी मनाएंगे छठ पर्व।
नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का हुआ शुभारंभ।
सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर तैयारियां जोरों पर।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। चार दिवसीय छठ पर्व नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से शुरू हो गया। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट तैयार किए जा रहे हैं। कहीं सफाई की गई तो कहीं पर अस्थायी घाट बनाए जा रहे हैं। सभी जगह सामूहिक पूजा का आयोजन किया जाएगा।
कई घाटों पर रविवार को ही पानी भरा जाएगा, ताकि शाम को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जा सके। बहादुरगढ़ के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर 100 से ज्यादा घाट पर पूजा होगी। समूचे क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा पूर्वांचलवासी यह पर्व मनाएंगे।
महावीर पार्क के पास सिंचाई माइनर की सफाई की गई है। यहां पर हजारों लोग पूजा करेंगे। स्ट्रीट लाइटों से रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी जगह खोदाई करके अस्थायी घाट बनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले उत्सव में अब सूर्य को पहला अर्घ्य रविवार को दिया जाएगा।
कई स्थानों पर इस पूजा के लिए व्यवस्था की गई है। पर्व को लेकर यहां खूब चहल-पहल बनी हुई है। छठ उत्सव की शुरूआत होते ही घर-घर में धार्मिक माहौल बन गया। नहाय खाय के साथ निर्जला उपवास शुरू हो गया।
बाजारों में खरीददारी तेज
चार दिवसीय इस उत्सव में दूसरे दिन यानी शनिवार को खरना होगा। प्रसाद के रूप में गन्ने के रस में बने चावल की खीर के साथ दूध, चावल का पिट्ठा और घी से चुपड़ी रोटी बनाई जाएगी। इस दौरान नमक का प्रयोग नहीं होगा।
तीसरे दिन (संध्या अर्घ्य) होगा और कार्तिक शुक्ल षष्ठी को दिन में छठ का प्रसाद बनाया जाएगा। इसके अलावा चढ़ावे के रूप में लाया गया सांचा और फल को प्रसाद के रूप में शामिल किया जाएगा। शाम में बांस की टोकरी में अर्घ्य सूप सजाया जाएगा।
चौथे दिन कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। ऐसे में इस पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए बाजारों में काफी लोग खरीददारी के लिए पहुंचे। राष्ट्रीय पूर्वांचल परिवार के पदाधिकारी प्रदीप सिन्हा ने बताया कि छोटूराम नगर, बिहार कॉलोनी, माया विहार कालोनी पार्ट वन और पार्ट टू में घाट बनाए गए हैं।
सभी घाटों में पानी की व्यवस्था पूजा से पहले कर दी जाएगी। गांवों में भी काफी जगह घाट बनाए गए हैं। इधर, शहर की सब्जी मंडी में छठ पूजा सामग्री की दर्जनों स्टाल लगी हैं। यहां पर शुक्रवार को खरीददारी होती रही। शनिवार को भीड़ उमड़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।