विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहादुरगढ़: 700 साल पुराना कुलासी गांव; जहां की वीर परंपरा, खेलों में जलवा और 'आमो वाला तालाब' आज भी हैं बेहद खास

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:15 PM (IST)

बहादुरगढ़ का कुलासी गांव 700 साल पुराना है, जो अपनी समृद्ध परंपराओं, वीर सपूतों और 'आमो वाला तालाब' के लिए ...और पढ़ें

कुलासी गांव।

कुलासी गांव।

HighLights

  1. कुलासी गांव 700 साल पुराने इतिहास और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक।

  2. खेलों में गांव के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया।

  3. आजादी और देश की रक्षा में गांव के सपूतों का अहम योगदान।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ का गांव कुलासी अपने करीब 700 साल पुराने इतिहास, समृद्ध परंपराओं और वीर सपूतों के लिए खास पहचान रखता है। मान्यता के अनुसार गांव की स्थापना कंवरपाल पुत्र कालू ने की थी।

कंवरपाल के दो पुत्र जीते और सुरजे थे। उन्हीं के नाम पर गांव में आज भी जीतान और सुजान नाम के दो मुहल्ले बसे हुए हैं। पीढ़ियों से चली आ रही यह पहचान गांव के इतिहास को अपने भीतर समेटे हुए है। गांव में आमो वाला तालाब भी विशेष प्रसिद्धि रखता है।

यह तालाब गांव की पुरानी पहचान और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। गांव में मुख्य रूप से खत्री गोत्र के परिवार रहते हैं। आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता के लिए भी गांव की अपनी अलग पहचान है।

खेलों में भी चमकाया नाम

खेलों के क्षेत्र में कुलासी के बाशिंदों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कुश्ती में रामचंद्र ने गांव का नाम रोशन किया तो दौड़ में सुनील ने अपनी पहचान बनाई। तलवारबाजी के क्षेत्र में अशोक खत्री और अश्वनी खत्री ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। वहीं परमजीत ने राष्ट्रीय खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर गांव को गौरवान्वित किया। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

82057108

देश सेवा में भी आगे रहे गांव के सपूत

देश की आजादी और सुरक्षा में कुलासी के लोगों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। आजाद हिंद फौज में गांव के सरदार सिंह, दलेल सिंह, बनवारी लाल, छोटेराम और धारा सिंह शामिल रहे। प्रथम विश्व युद्ध में गणेशीराम ने हिस्सा लिया, जबकि द्वितीय विश्व युद्ध में सूबे सिंह पुत्र हीरा सिंह और सूबे सिंह पुत्र लायकराम ने अपनी सेवाएं दीं।

भारत-पाक युद्ध में इंद्र सिंह और भारत-चीन युद्ध में राय सिंह का योगदान रहा। थल सेना में भी गांव के कई लोगों ने सेवाएं देकर देश की रक्षा में भूमिका निभाई। इनमें कैप्टन मान सिंह, भूप सिंह, बलवान, वेदपाल और कैप्टन डॉ. बलवान सिंह खत्री के नाम प्रमुख हैं।

गांव के लोगों के मुताबिक केवल सेना और खेलों में ही नहीं, बल्कि पुलिस, सिविल सेवा और अन्य सेवाओं में भी गांव ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। अनेक लोग अधिकारी पदों तक पहुंचे हैं।

करीब सात शताब्दियों की यात्रा में कुलासी ने अपनी ऐतिहासिक विरासत, खेल प्रतिभाओं और देश सेवा की परंपरा को संजोकर रखा है। यही विशेषताएं इस गांव को क्षेत्र के अन्य गांवों से अलग पहचान दिलाती हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश से दिवाली मनाने घर आ रहे थे दो भाई, गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई बाइक; एक की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।