प्रदूषण में मामूली गिरावट लेकिन मुसीबत बरकरार, बहादुरगढ़ में आंखों और सांस के मरीजों की संख्या में भारी उछाल
बहादुरगढ़ में प्रदूषण का स्तर मामूली रूप से घटकर 296 AQI पर आ गया है, लेकिन लोगों की सेहत पर ...और पढ़ें

बहादुरगढ़ के एक्यूआई में सुधार, पर समस्याएं बरकरार। जागरण
HighLights
बहादुरगढ़ में AQI 296 पर, प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में।
आंखों में जलन, खुजली के मरीज सिविल अस्पताल में चार गुना बढ़े।
नगर परिषद सड़कों पर पानी छिड़ककर और एंटी-स्मॉग गन से कर रही प्रयास।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। प्रदूषण के स्तर में लगातार दूसरे दिनम मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसका असर लोगों की सेहत पर अब भी साफ दिखाई दे रहा है। खासकर आंखों पर प्रदूषण का प्रभाव बढ़ रहा है।
स्मॉग के चलते आंखों में जलन, खुजली, पानी आने और लालिमा की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सिविल अस्पताल की नेत्र ओपीडी में सामान्य दिनों के मुकाबले ऐसे मरीज चार गुना तक बढ़ गए हैं। वहीं, सांस लेने में तकलीफ महसूस करने वाले लोग भी रोजाना इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं।
क्षेत्र में बुधवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 296 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले मंगलवार को यह 299 के स्तर पर था। यानी प्रदूषण में मामूली कमी आई है, मगर हवा की गुणवत्ता अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।
दीवाली के बाद से प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी ऐसे मरीजों की रोजाना रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, जिन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है।
नेत्र ओपीडी में आंखों की शिकायत वाले मरीज बढ़े
प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर आंखों पर देखने को मिल रहा है। सिविल अस्पताल की नेत्र ओपीडी में सामान्य दिनों में करीब 200 मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। इनमें 15 से 20 मरीजों को आंखों में जलन, खुजली, पानी आने और लाल होने जैसी शिकायतें रहती हैं। लेकिन इन दिनों यह संख्या बढ़कर 70 से 80 तक पहुंच गई है।
यानी ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में करीब 35 से 40 प्रतिशत आंखों की इन समस्याओं से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार स्माग और प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से आंखों में एलर्जी और जलन की समस्या बढ़ रही है।
खासकर घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। अस्पताल में ऐसे मरीजों को एंटी एलर्जिक और जरूरत के अनुसार अन्य दवाएं दी जा रही हैं।
सड़कों पर पानी का छिड़काव, एंटी स्माग गन का भी इस्तेमाल
दूसरी तरफ प्रदूषण कम करने के लिए नगर परिषद की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा ने बताया कि धूल को नियंत्रित करने के लिए एंटी स्माग गन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़कों पर पानी का छिड़काव कर उड़ती धूल को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।