विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हर चौराहे पर मिलेंगे 'झूठ की गूंज' से बरगलाने वाले', पीएम मोदी ने कांग्रेस को फिर बताया नाराज फूफा

Published: Tue, 08 Sep 2026 01:30 PM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2026 01:35 PM (IST)

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में 'NaMo for Viksit Bharat' कार्यक्रम में कांग्रेस को 'नाराज फूफा' बताते हुए कहा ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर के उद्घाटन अवसर पर जेन-जी से सीधे संवाद किया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि आलोचक अब भी 'नाराज फूफा' की तरह शिकायतें करेंगे और बिना वजह की परेशानियां गिनाएंगे।

मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए कहा कि 'झूठ की गूंज' से भरमाने वाले तो हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार से चलता है, सत्य की हुंकार के लिए चलता है।

वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर के तीन अहम हिस्सों के उद्घाटन और परियोजना पूरी होने के मौके के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी अलग ही रंग में नजर आए और अपनी सरकार के काम करने की रफ्तार की जमकर प्रशंसा की। यह फ्रेट कारिडोर नवी मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट को उत्तर प्रदेश के दादरी से जोड़ता है।

मोदी ने कहा, '2014 के बाद आपके आशीर्वाद से जब मैं दिल्ली पहुंचा, तो वहां पहुंचते ही हमने इस परियोजना की गति बढ़ानी शुरू कर दी। आज डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर का काम पूरा हो गया है।" उन्होंने कहा, 'हाल ही में मुंबई के जेएनपीटी पोर्ट से वडोदरा तक एक डबल-स्टैक कंटेनर फ्रेट ट्रेन चलाई गई, जिसमें कंटेनर एक के ऊपर एक रखे जाते हैं। इस ट्रेन से एक ही फेरे में दोनों शहरों के बीच 250 से अधिक ट्रकों के बराबर सामान पहुंचाया गया। अब नाराज फूफाजी चिल्लाना शुरू कर देंगे- ट्रक ड्राइवरों का क्या होगा? ट्रक कहां जाएंगे? जिन लोगों ने ट्रक खरीदे हैं, उनका क्या होगा? अब फूफाजी को शिकायत करने के लिए कुछ नया मिल गया है।'

प्रधानमंत्री का इशारा था कि विपक्षी पार्टियां देश की प्रगति के विरुद्ध शिकायतें गढ़ने की हर मुमकिन कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा, '2014 के बाद भारत ने 50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाए। पिछली सरकार 10 वर्षों में 50 हजार शौचालय भी नहीं बना पाई थी।'


राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान को सीधे निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा कि झूठ की गूंज के सामने सच्‍चाई की हुंकार है। उन्होंने दोहराया कि देश के युवा राजनीतिक बयानबाजी के बजाय सच्चाई का साथ देंगे। उन्होंने युवाओं से गुमराह करने वाली बातों से सावधान रहने को भी कहा। प्रधानमंत्री ने कहा, "साथियों, झूठ की गूंज से भरमाने वाले तो हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार से चलता है... सत्य की हुंकार के लिए चलता है।"
डेडिकेटेड रेलवे फ्रेट कारिडोर को जीवन रेखा बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक माल ढुलाई ढांचे की वजह से भारत का आर्थिक बदलाव तेजी से हो रहा है। पहले यात्री ट्रेन और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर चलती थीं, जिससे दोनों पर बुरा असर पड़ता था, लेकिन डेडिकेटेड कारिडोर ने इस स्थिति को बदल दिया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि मालगाड़ी से 100 किलोमीटर की जो यात्रा पहले 6.5 घंटे में पूरी होती थी, वह अब आधे से भी कम समय में पूरी हो सकती है, जबकि ट्रक से 30 घंटे में की जाने वाली यात्रा डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर पर 10-12 घंटे में पूरी की जा सकती है।

पहले अटकी और लटकी रहती थीं फाइलें

मोदी ने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कारिडोर अब देश के व्यापार और वाणिज्यिक गतिविधियों की मुख्य रीढ़ के तौर पर उभर रहे हैं। 2800 किलोमीटर लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर इस बात का सुबूत है कि पिछले 12 वर्षों में देश की काम करने की संस्कृति में कितना बुनियादी बदलाव आया है। पिछली सरकार में हुई प्रशासनिक देरी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही इस अवधारणा की शुरुआत 2004 में हुई थी, लेकिन 2014 तक फाइलें बिना किसी प्रगति के अटकी रहीं। फाइलें अटकी रहती थीं, लटकी रहती थीं और बिना किसी मकसद के घूमती रहती थीं।

मैन्युफैक्चरिंग की नई कहानी लिख रहा भारत

मोदी ने कहा कि भारत मैन्युफैक्चरिंग की नई कहानी लिख रहा है, जिसमें आत्मनिर्भरता के लिए कलपुर्जे, अंतिम उत्पाद और आपूर्ति शृंखला तैयार करने समेत चिप्स से लेकर जहाज तक का निर्माण शामिल हैं। भारत रेलवे कोच, मेट्रो कोच और लोकोमोटिव बनाने एक प्रमुख केंद्र के तौर पर उभरा है। उन्होंने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम और डाटा सेंटर व एआइ जैसे उद्योगों पर निर्भर करेगा, जिनके लिए भारी मात्रा में पानी व बिजली की जरूरत होती है। भारत एआइ के क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति बनने के लिए जरूरी इकोसिस्टम तैयार कर रहा है और यूरेनियम, महत्वपूर्ण खनिजों और रेअर अर्थ मिनरल्स के लिए अंतरराष्ट्रीय समझौते कर रहा है।

ऑनलाइन कोचिंग में पढ़ाएंगे सर्वश्रेष्ठ शिक्षक

मोदी ने बताया कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मुफ्त आनलाइन कोचिंग देने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसमें देश के सर्वश्रेष्ठ अध्यापक पढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को एआइ के लिए तैयार करने के लिए सरकार एक बड़ा अभियान शुरू करेगी।

प्रतीक्षा सूची में रह गए 42 हजार लोग

मोदी कार्यक्रम में एक ऊंचे रैंप से होते हुए मंच पर पहुंचे और दर्शकों (अधिकतर युवा) ने उनका स्वागत किया। उन्होंने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। 'नमो फार विकसित भारत' नामक इस कार्यक्रम को भव्‍यता के साथ आधुनिक तरीके से डिजायन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए प्रशंसकों को 'बुक माई शो' पर टिकट पंजीकरण कराना था। पंजीकरण बंद होने के बाद भी करीब 42 हजार लोग प्रतीक्षा सूची में ही रह गए।

यह भी पढ़ें: PM मोदी की रैली को लेकर गजब का क्रेज, 1 घंटे में ही ऑनलाइन बिके सारे टिकट