YouTube से सीखा हथियार चलाना, गुजरात में थी 26/11 जैसे हमले की साजिश... जैश के संदिग्ध आतंकी पर खुलासा
एटीएस ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को पकड़ा है। वह वडोदरा वायुसेना कैंप पर मुंबई 26/11 जैसा हमला करने की तैयारी में था।

असम से वडोदरा आए जैश ए मौहम्मद के आतंकी(PHOTO: ATS Gujarat)
HighLights
असम से वडोदरा आए जैश ए मौहम्मद का आतंकी गिरफ्तार
आरोपी हमले के बाद भागने वाला था पाकिस्तान
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को पकड़ा है। वह अगले दो-तीन दिन में वडोदरा वायुसेना कैंप पर मुंबई 26/11 जैसा हमला करने की तैयारी में था।
आरोपी असम से ट्रेन के जरिए भोपाल पहुंचा और वहां से बस के माध्यम से वडोदरा आया। यहां पहुंचने के बाद उसने अपने हैंडलर के माध्यम से एके-47 जैसा ऑटोमेटिक हथियार हासिल किया था। एटीएस ने उसके पास से यह हथियार, 23 कारतूस, हजारों रुपये की नकदी और एक नया मोबाइल बरामद किया है।
कैसे पहुंचा वडोदरा?
गुजरात एटीएस ने वडोदरा एयरफोर्स कैंप पर मुंबई 26/11 जैसा हमला करने की साजिश रच रहे असम निवासी शाहरुल इस्लाम कबीरुद्दीन (22) को सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल मिलन से गिरफ्तार किया है।
आतंकवाद निरोधक दस्ते के उपमहानिरीक्षक सुनील जोशी ने बताया कि शाहरुल असम से ट्रेन के जरिए भोपाल पहुंचा था तथा वहां से बस के माध्यम से वडोदरा आया था। वह अपना असली आधार कार्ड दिखाकर होटल में ठहरा था।
आरोपी के पास से क्या-क्या मिला?
वह बीते एक वर्ष से प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तानी हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था। पुलिस ने उसके पास से एके-47 जैसा ऑटोमेटिक हथियार, 23 जिंदा कारतूस, नकदी और एक नया मोबाइल बरामद किया है। आतंकी को दाहोद में हैंडलर ने 50 हजार रुपये की नकदी उपलब्ध कराई थी, जिसे लेकर वह वापस वडोदरा आकर ठहरा था।
उसके मोबाइल से वडोदरा वायुसेना कैंप के मुख्य द्वार का फोटो मिला है। इसके अलावा कट्टरपंथी साहित्य और फोटो भी मिले हैं। वह व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से हैंडलर के संपर्क में था तथा यूट्यूब के जरिए हथियार चलाने का प्रशिक्षण ले रहा था।
हमल के बाद भागने वाला था पाकिस्तान
उसकी प्राथमिक शिक्षा मदरसे में हुई है और वह अधिक पढ़ा-लिखा नहीं है। उसे कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित बताया जा रहा है तथा उसका इरादा मुंबई में हुए आतंकी हमले जैसी वारदात को अंजाम देना था। उसके निशाने पर वायुसेना कैंप था। हमला करने के बाद वह पाकिस्तान भागने की फिराक में था।
इससे पहले कि शाहरुल अपने मंसूबों को अंजाम देता, एटीएस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। एटीएस ने उसके खिलाफ यूएपीए की धारा 18, 20 व 23 तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत देश विरोधी गतिविधियों का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीम उसको मिले धन और हथियार आदि के स्रोत का पता लगा रही है, तथा गुजरात में उसकी मदद करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश नाकाम, AK-47 के साथ जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।