विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूरत: दीवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले श्रमिकों का सैलाब, उधना स्टेशन पर होल्डिंग एरिया हाउसफुल

Published: Sat, 07 Nov 2026 02:40 PM (IST)

दीवाली और छठ पूजा के लिए सूरत से अपने गृह राज्यों (यूपी-बिहार) लौट रहे प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ से उधना रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया भर गया है।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का हुजूम।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का हुजूम।

डिजिटल डेस्क, सूरत। दीवाली और छठ पूजा का त्योहार नजदीक आते ही गुजरात के सूरत शहर में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की अपने गृह राज्यों (उत्तर प्रदेश और बिहार) लौटने की होड़ शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है।

विशेष रूप से सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का हुजूम इतना बढ़ गया है कि रेलवे प्रशासन द्वारा बनाया गया विशाल होल्डिंग एरिया भी यात्रियों से पूरी तरह भर चुका है।

उधना स्टेशन पर उमड़ा यात्रियों का हुजूम

रेलवे प्रशासन द्वारा उधना स्टेशन पर 15,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था वाला विशाल होल्डिंग शेड बनाया गया है। यात्रियों को धूप से बचाने के पर्याप्त इंतजाम के बावजूद भीड़ इतनी ज्यादा है कि यह जगह भी कम पड़ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात से आज सुबह 10 बजे तक ही 15,000 से अधिक यात्री ट्रेनों के माध्यम से अपने गृहनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। स्टेशन परिसर में अत्यधिक भीड़ के कारण कई यात्रियों को बैठने की जगह भी नहीं मिल पा रही है।

5 से 10 घंटे पहले पहुंच रहे यात्री, 7 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल

अपने गांव और घर पहुंचने की उतावली में प्रवासी श्रमिक ट्रेनों के निर्धारित समय से 5 से 10 घंटे पहले ही उधना स्टेशन पहुंच रहे हैं। इसके चलते होल्डिंग एरिया में लगातार भीड़ बढ़ रही है। लंबे सफर के सामान के साथ आए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घंटों खड़े रहकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।

WhatsApp Image 2026-11-07 at 13.29.47

त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा कुल 10 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है, जिनमें 3 नियमित (रेगुलर) ट्रेनें और 7 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से 5 ट्रेनें उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को लेकर रवाना हो चुकी हैं। स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आरपीएफ (RPF) और स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।

1 अक्टूबर से अब तक 4 लाख से अधिक श्रमिक रवाना

सूरत से प्रवासियों के घर लौटने का आंकड़ा बेहद बड़ा है। आधिकारिक अनुमान के अनुसार, 1 अक्टूबर से अब तक सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों से 4 लाख से अधिक यात्री अपने गृहनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। आने वाले दिनों में वाघ बारस, ग्यारस और छठ पूजा तक 2.5 से 3 लाख और श्रमिकों के सूरत छोड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

कपड़ा और हीरा उद्योग में दिखेगा सन्नाटा

सूरत के प्रसिद्ध टेक्सटाइल (कपड़ा) और डायमंड (हीरा) उद्योगों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर काम करते हैं। त्योहारों के अवसर पर श्रमिकों के अपने गांव लौटने से आने वाले एक सप्ताह के दौरान सूरत शहर के कई औद्योगिक क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ नजर आएगा।

यह भी पढ़ें: सूरत: दांत में दर्द की शिकायत के बाद पुलिस पहरे में अस्पताल पहुंचा नारायण साईं, जांच के बाद भेजा गया जेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।