विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

WhatsApp पर आया शादी का कार्ड, डाउनलोड करते ही गुजरात के युवक को लगा 10 लाख रुपये का चूना

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:01 PM (IST)

सूरत के एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर आए शादी के निमंत्रण के नाम पर एक खतरनाक APK फाइल डाउनलोड कर ली, जिससे उसके बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये ठग लिए गए। 

शादी का कार्ड डाउनलोड करते ही 10 लाख रुपये की साइबर ठगी। (फोटो- AI जेनरेटेड)

शादी का कार्ड डाउनलोड करते ही 10 लाख रुपये की साइबर ठगी। (फोटो- AI जेनरेटेड)

HighLights

  1. व्हाट्सएप पर नकली शादी का निमंत्रण बना ठगी का जरिया।

  2. सूरत के व्यक्ति ने APK फाइल डाउनलोड कर गंवाए 10 लाख।

  3. यूपी से देवेंद्र मलिक गिरफ्तार, बैंक खाते का किया दुरुपयोग।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के सूरत के एक व्यक्ति ने जैसे ही व्हाट्सएप पर आए एक शादी के निमंत्रण को डाउनलोड किया उसके अकाउंट से 10.02 लाख रुपये गायब हो गए।

पीड़ित के साइबर थाना में शिकायत करने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस ने यूपी के एक 28 साल के शख्स को भी गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

सूरत पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक यह मामला तब सामने आया जब गुजरात के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसने व्हाट्सएप पर आए एक 'शादी के निमंत्रण'के रूप में भेजी गई एक खतरनाक APK फाइल को डाउनलोड कर लिया, जिससे उसके 10.02 लाख रुपये ठग लिए गए।

पुलिस ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर 'wedding invitation.APK' नाम की एक खतरनाक फाइल भेजी थी जिसे उन्होंने असली शादी का निमंत्रण बताकर पेश किया था।

पुलिस के मुताबिक फाइल डाउनलोड होते ही पीड़ित का मोबाइल फोन हैक हो गया, जिससे जालसाजों को पीड़ित की जानकारी के बिना उसके बैंक अकाउंट से 10.02 लाख रुपये ट्रांसफर करने का मौका मिल गया।

इसके बाद यह रकम आरोपी और उसके साथियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक अकाउंट्स के जरिए इधर-उधर भेजी गई और अंत में चेक के माध्यम से रुपये निकाल लिए गए।

जांचकर्ताओं का आरोप है कि देवेंद्र मलिक नाम के शख्स ने अपने अकाउंट में आई रकम निकली और उसमें से लगभग 20 प्रतिशत कमीशन के तौर पर अपने पास रखा और बाकी रकम अपने साथियों को देदी, जो अभी भी फरार हैं

यूपी से देवेंद्र मलिक की गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम ब्रांच ने इस लेन-देन में इस्तेमाल किए गए बैंक अकाउंट्स का विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी की, जिसके जरिए वे बिजनौर में मलिक तक पहुंच गए। जिसके जरिए वे बिजनौर में मलिक तक पहुंच गए।

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यूपी में 28 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उस पर साइबर अपराधियों की मदद करने का आरोप है। पुलिस ने बताया गिरफ्तार शख्स साइबर अपराधियों को अपना बैंक अकाउंट इस्तेमाल करने देता था और ऑनलाइन धोखाधड़ी से हासिल की गई रकम को इधर-उधर करने में मदद करता था।

आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धर्म नगरी कॉलोनी के रहने वाले देवेंद्र मलिक के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने साइबर अपराध से जुड़े लेन-देन के लिए जालसाजों का अपना बैंक अकाउंट इस्तेमाल करने दिया, जिसके बदले में उसने कमीशन लिया। अपना हिस्सा रखने के बाद बाकी पैसे नेटवर्क के अन्य सदस्यों को सौंप दिए।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और 3(5), तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2008 की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने इस लोगों से अपील की है कि वे व्हाट्सएप या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली APK फाइलों को डाउनलोड न करें। खासकर ऐसी फाइलें जो शादी के निमंत्रण, RTO चालान, बैंकिंग सेवाओं, कस्टमर सपोर्ट मैसेज, KYC अपडेट, सरकारी योजनाओं, अपॉइंटमेंट बुकिंग या ग्रोसरी से जुड़ी एप्लिकेशन होने का दावा करती हों। साथ ही साथ लोगों से SMS या ईमेल के जरिए मिलने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की भी अपील की है।

यह भी पढ़ें- 'साइबर हमला-प्रोपगेंडा-आर्थिक दबाव बना हाइब्रिड युद्ध का नया हथियार', दीक्षांत समारोह में बोले राजनाथ सिंह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।