'साइबर हमला-प्रोपगेंडा-आर्थिक दबाव बना हाइब्रिड युद्ध का नया हथियार', दीक्षांत समारोह में बोले राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि साइबर हमले, प्रोपगेंडा और आर्थिक दबाव जैसे 'हाइब्रिड युद्ध' आज बड़ी चुनौती हैं, जो आंतरिक व बाहरी सुरक्षा की सीमाओं को धुंधला कर रहे हैं।

साइबर हमला-प्रोपगेंडा-आर्थिक दबाव बना हाइब्रिड युद्ध का नया हथियार। (X- @rajnathsingh)
HighLights
साइबर हमले, प्रोपगेंडा, आर्थिक दबाव हाइब्रिड युद्ध के नए हथियार।
आंतरिक-बाहरी सुरक्षा की सीमाएं धुंधली, भविष्य के खतरे भांपना जरूरी।
एनडीसी को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति निर्माण में योगदान देना चाहिए।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पारंपरिक सैन्य खतरों के साथ-साथ अब साइबर हमले, प्रोपगेंडा, आर्थिक दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं से लेकर अन्य तरह के 'हाइब्रिड युद्ध' आज बड़ी चुनौती बनाए गए हैं। इनकी वजह से आंतरिक और बाहरी सुरक्षा तथा शांति और संघर्ष के बीच की सीमाएं हुई धुंधली हो गई है।
रक्षामंत्री ने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य और युद्ध के विकसित होते स्वरूप से उत्पन्न तात्कालिक खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला के लिए उभरते जोखिमों का पूर्वानुमान लगाने तथा संभावित परिस्थितियों का व्यापक आकलन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में केवल मौजूदा चुनौतियों से निपटना पर्याप्त नहीं है बल्कि भविष्य के खतरों को भांपकर दूरदर्शी रणनीति विकसित करना और राष्ट्रीय सुरक्षा संस्थानों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना भी अनिवार्य है।
रक्षामंत्री ने गुरुवार को यहां राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति, लंबी जमीनी सीमाएं, समुद्री हित और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियां उसे एक जटिल रणनीतिक माहौल में रखती हैं। जिसके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
रणनीतिक शिक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति-निर्माण से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि एनडीसी रक्षा बलों, सिविल सेवाओं और मित्र देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के सामूहिक पेशेवर अनुभव और बौद्धिक क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है।
भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति-निर्माण में सीधे योगदान देने के लिए इस 'बौद्धिक पूंजी' का अधिक उपयोग करने का सुझाव देते हुए कहा कि एनडीसी को रक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे हर कोर्स के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण समकालीन चुनौतियों की पहचान की जा सके। इनमें भारत के रणनीतिक पड़ोस, सीमा प्रबंधन, समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकें, आर्थिक सुरक्षा, अहम बुनियादी ढांचे की सुरक्षा, और उभरते आंतरिक व बाहरी खतरों से जुड़े मुद्दे शामिल हो सकते हैं।
राजनाथ ने एनडीसी से एक ऐसी व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया जिसके माध्यम से सेवारत वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सिविल सेवकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को आमंत्रित किया जा सके। वे देश के सामने मौजूद विशिष्ट समकालीन चुनौतियों को औपचारिक रूप से प्रस्तुत कर सकें ताकि कोर्स में शामिल प्रतिभागी उनका विश्लेषण कर सकें।
साथ ही कहा कि एनडीसी के हर कोर्स से न केवल प्रशिक्षित रणनीतिक लीडरशिप का एक बैच निकलना चाहिए बल्कि शोध, विश्लेषण और नीतिगत सुझावों का एक ऐसा संग्रह भी तैयार होना चाहिए जो देश के संस्थागत ज्ञान और राष्ट्रीय सुरक्षा की तैयारियों में योगदान दे सके। एनडीसी को रणनीतिक शिक्षा के लिए भारत का प्रमुख संस्थान बताते हुए राजनाथ ने कहा कि इस कॉलेज की सबसे बड़ी ताकत वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सिविल अधिकारियों और अन्य संबंधित विशेषज्ञों को एक साथ लाना है।
यह एक साझा मंच पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को एक साथ लाता है और उन्हें न केवल विभिन्न क्षेत्रों की जटिलताओं को, बल्कि अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोणों को भी समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। यह संस्था आज के दौर में बहुत मूल्यवान है क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां अब संस्थागत और भौगोलिक सीमाओं से परे जा रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।