विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दीवाली गिफ्ट में एक लाख रुपये', सूरत के कपड़ा व्यापारी ने कर्मचारियों को दिया बोनस, नोटों से भरी थाली का वीडियो वायरल

Published: Sat, 07 Nov 2026 05:53 PM (IST)

सूरत के एक कपड़ा व्यापारी ने दीवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को एक लाख रुपये का नकद बोनस देकर खुश किया।

HighLights

  1. सूरत के व्यापारी ने कर्मचारियों को दिया 1 लाख रुपये बोनस।

  2. नोटों से सजी थालियों में दिया गया नकद उपहार।

  3. व्यापारी ने कर्मचारियों को बताया अपना परिवार का सदस्य।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। दीवाली के मौके पर ज्यादातर कंपनियों, दुकानों और स्टोर्स में कर्मचारियों को मिठाई, उपहार या नकद बोनस देकर त्योहार पर खुशियां बांट जाती हैं। ज्यादातर जगह बोनस में कर्मचारियों को कुछ हजार रुपये दिए जाते हैं, लेकिनसूरत के एक कपड़ा व्यापारी ने अपने कर्मचारियों एक लाख रुपये बोनस में देकर उनकी दीवाली की खुशियां बढ़ा दीं।

सूरत के इस कपड़ा व्यापारी ने दिवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को इतना बड़ा बोनस दिया कि सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है।

कर्मचारियों को बांटे एक लाख रुपये

सूरत के वराछा जिले के सुदामा चौक स्थित महादेव क्लॉथ सेंटर के मालिक ने अपने कर्मचारियों को अनोखे तरीके से नकद उपहार दिए। उन्होंने नोटों के ढेर को चमकीली पूजा थालियों में सजाकर रखा और अपनी पत्नी के हाथों प्रत्येक कर्मचारी को 1 लाख रुपये से अधिक का बोनस दिया।

कर्मचारी दीवाली गिफ्ट में एक लाख रुपये पाकर हैरान रह गए। उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। कर्मचारियों ने कपड़ा व्यापारी और उनकी पत्नी के पैर भी छुए।

नोटों को सजाने का विशेष तरीका भी इस पूरे आयोजन का आकर्षण केंद्र बन गया। 10 रुपये, 20 रुपये, 50 रुपये, 100 रुपये, 200 रुपये और 500 रुपये के नए और चमकदार नोटों के कई बंडल थालियों में खूबसूरती से सजाए गए थे।

करेंसी नोटों से भरी विशाल थालियों को देखकर कर्मचारी भी कुछ देर के लिए अवाक रह गए। साल भर की मेहनत के लिए ऐसा अनूठा सम्मान पाकर कई कर्मचारी भावुक हो गए।

'ये सिर्फ कर्मचारी नहीं, परिवार के सदस्य'

अपने इस फैसले के बारे में व्यवसायी रामस्वरूप मुंडे ने कहा कि उनके लिए दुकान में काम करने वाले लोग सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। साल भर कर्मचारियों की मेहनत और लगन से कारोबार आगे बढ़ता है।

व्यापारी रामस्वरूप मुंडे का मानना है कि दिवाली के पवित्र त्योहार पर परिवार को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े, यह उनकी जिम्मेदारी है। इस बोनस का मुख्य उद्देश्य यही था कि हर कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार की खरीदारी कर सके और उनके घरों में खुशियां ला सके।

कर्मचारियों को एक लाख रुपये बांटते हुए इस व्यापारी और उनकी पत्नी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग वीडियो शेयर कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- गुजरात: उपमुख्‍यमंत्री संघवी की अनूठी पहल, दिव्यांगों के बनाए 35 हजार दीये बिकवाए; ₹2 लाख जुटाए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।