विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गुजरात की भरूच लोकसभा सीट आप को देने से अहमद पटेल का परिवार नाराज, कांग्रेस आलाकमान से करेगा मुलाकात

By Agency Edited By: Sonu Gupta
Published: Sat, 24 Feb 2024 08:14 PM (IST)

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गुजरात में सीट बंटवारे को लेकर समझौता हो गया है। इसके तहत आप ...और पढ़ें

गुजरात की भरूच लोकसभा सीट आप को देने से अहमद पटेल का परिवार नाराज।
गुजरात की भरूच लोकसभा सीट आप को देने से अहमद पटेल का परिवार नाराज।

HighLights

  1. -बेटे फैसल ने कहा, मेरे पिता ने यहां के लोगों के लिए बहुत कुछ किया
  2. इस सीट से मेरी जीत अहमद पटेल को श्रद्धांजलि होगी: चैतर वसावा

पीटीआई, अहमदाबाद। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गुजरात में सीट बंटवारे को लेकर समझौता हो गया है। इसके तहत आप भरुच और भावनगर लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इस निर्णय से कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल और बेटी मुमताज पटेल नाराज हो गए हैं। यह वही सीट है जहां से अहमद पटेल ने 1970 और 1980 के दशक में तीन बार जीत दर्ज की थी। अहमद पटेल के दिवंगत होने के बाद उनके बेटे और बेटी इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में थे।

कांग्रेस के फैसले से खुश नहीं है फार्टी के कार्यकर्ता

इस बीच, भरुच से आप उम्मीदवार चैतर वसावा ने दावा किया कि इस सीट से उनकी जीत अहमद पटेल को श्रद्धांजलि होगी, लेकिन दिवंगत नेता के बेटे फैसल पटेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइ के तहत सीट छोड़ने के फैसले से खुश नहीं हैं। फैसल पटेल ने कहा कि वह कांग्रेस आलाकमान के निर्णय का पालन करेंगे। वह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिलेंगे।

मेरे पिता ने लोगों के लिए बहुत कुछ किया: फैसल पटेल

उन्होंने कहा कि नामांकन और चुनाव में अभी काफी समय है। अब भी बहुत सी चीजें हो सकती हैं। मेरे पिता ने भरुच के लोगों के लिए बहुत कुछ किया। ये हमारी सीट है। कार्यकर्ता और मैं इस गठबंधन के खिलाफ हैं, लेकिन पार्टी जो कहेगी हम मानेंगे। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस उन्हें भरुच से टिकट देती है तो वह यहां से जीत जाएंगे।

मुमताज पटेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मांगी माफी

मुमताज पटेल ने इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और उनसे पार्टी को मजबूत करने के लिए फिर से संगठित होने को कहा। उन्होंने एक्स पर कहा, गठबंधन में भरुच लोकसभा सीट नहीं बचा पाने के लिए अपने जिला कैडर से माफी मांगती हूं। मैं आपकी निराशा समझती हूं। हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए फिर से संगठित होंगे। हम अहमद पटेल की 45 साल की विरासत को जाया नहीं जाने देंगे।

वसावा ने पार्टी नेतृत्व को दिया ध्यवाद

आप के देडियापाड़ा से विधायक वसावा ने उन्हें भरुच से उम्मीदवार बनाए जाने के लिए अपनी पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय नेताओं को भी धन्यवाद देता हूं। उन्हें आश्वासन देता हूं कि मैं इस सीट से जीतूंगा, जो अहमद पटेल को श्रद्धांजलि होगी। हमारा पूरा प्रयास भाजपा को हराने का होगा।

यह भी पढ़ेंः Lok Sabha Elections: 'भाजपा को हराना हमारा मिशन', भरूच सीट से आप के उम्मीदवार बोले- कांग्रेस के साथ मिलकर बनाएंगे रणनीति

24 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी कांग्रेस

आप ने बोटाद से पार्टी विधायक उमेश मकवाना को भावनगर लोकसभा सीट से टिकट देने का एलान किया है। कांग्रेस और आप के बीच शनिवार को हुए समझौते के तहत केजरीवाल नीत पार्टी को भरुच और भावनगर सीटें मिली हैं। जबकि कांग्रेस शेष 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

यह भी पढ़ेंः Lok Sabha Elections: ‘यूज एंड थ्रो में विश्वास करती है गांधी फैमिली', कांग्रेस ने AAP को दी भरूच सीट तो भाजपा ने राहुल गांधी पर कसा तंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।