Gujarat Assembly Election: गुजरात में उम्मीदवारों के नाम पर BJP का मंथन, पार्टी नेताओं संग अमित शाह ने की बैठक
Gujarat Assembly Election गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने गुरुवार दोपहर चुनाव की तारीखों का एलान किया। उधर चुनाव को लेकर अमित शाह ने गांधीनगर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।
गांधीनगर, ऑनलाइन डेस्क। गुजरात की 182 विधानसभा सीटों पर इसी साल दिसंबर में चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया। चुनाव आयोग ने कहा कि गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। इसी बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में भाजपा नेताओं के साथ बैठक की।
उम्मीदवारों के नाम पर BJP का मंथन
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में भाजपा नेताओं की बैठक हुई। बैठक में भाजपा उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए थे। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और कई वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल रहे।
फरवरी 2023 में खत्म होगा गुजरात विधानसभा का कार्यकाल
गौरतलब है कि 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 8 फरवरी 2023 को खत्म हो रहा है। 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने 99 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। कांग्रेस 77 सीटों पर ही कब्जा कर पाई थी। वहीं, भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) को दो सीटें, नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP) को एक, जबकि निर्दलीयों ने तीन सीटें जीती थीं।
गुजरात में करीब 5 लाख मतदाता
गुजरात में कुल 4,90,89,765 मतदाता हैं। इनमें से 2,53,36,610 पुरुष मतदाता और 2,37,51,738 महिला मतदाता हैं। 3,24,422 नए मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इसके अलावा इसमें 1,417 ट्रांसजेंडर वोटर भी शामिल हैं। चुनाव के लिए कुल 51,782 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि कम से कम 50 फीसदी मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी।
ये भी पढ़ें:
बिहार में उप चुनाव, मोकामा में गोपालगंज से तेज है मतदान की रफ्तार, सुशील मोदी ने किया बड़ा दावा