गुजरात: माफियाओं से मुक्त कराई 100 करोड़ की 507 बीघा जमीन, उपमुख्यमंत्री संघवी ने किसानों को सौंपे दस्तावेज
गुजरात पुलिस के 'तेरा तुझको अर्पण' अभियान के तहत राजकोट में माफियाओं से 507 बीघा जमीन मुक्त कराई गई। उपमुख्यमंत्री ...और पढ़ें

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी(फोटो: पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात पुलिस के तेरा तुझको अर्पण अभियान के तहत राजकोट में माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर करीब 507 बीघा जमीन के दस्तावेज जब 51 किसान को सौंपे गये तो उनकी आंख से आंसू निकल आए। एक किसान ने भावुक होकर रेंज आईजी निर्लिप्त राय के पांव तक छू लिऐ।
गुजरात पुलिस काफी समय से लोगों की खोई हुई जमीन, चोरी गये गहने, मोबाइल जैसी कीमती वस्तुएं बरामद कर उनके मूल मालिक को सौंपने का 'तेरा तुझको अर्पण' के नाम से अभियान चला रही है।
राजकोट ग्रामीण पुलिस के इस अभियान के तहत पुलिस ने शहर के डॉन के नाम से कुख्यात अल्पेश दोंगा व अन्य माफियाओं के कब्जे में रही 51 किसानों की 507 बीघा जमीन को मुक्त कराकर किसानों के सुपूर्द की।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने समारोह उपस्थित रहकर वर्षों से अपनी ही जमीन के लिए संघर्ष कर रहे किसानों को दस्तावेज सौंपे। इस मौके पर वर्षों बाद अपने पुरखों की जमीन पाकर खुशी से किसानों की आंख से आंसू छलक गये।
एक किसान ने राजकोट रेंज पुलिस महानिरीक्षक निर्लिप्त राय के पांव छू लिए। राय की छवि गुजरात में एक सख्त एवं ईमानदार आईपीएस की है तथा कई मौकों पर राय सरकार के लिए भी टर्बल शूटर साबित हुए हैं।
संघवी ने कहा कि अब गुजरात में कोई भी निर्दोष व कमजोर किसानों की जमीन हडप नहीं सकेगा। डरा धमकाकर, धोखे से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर लेकर अथवा ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर किसानों की जमीन छीनने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों के साथ गुजरात पुलिस सख्ती से निपटेगी।
संघवी ने कहा कि राज्य में किसी भी किसान, पशुपालक को कोई डरा धमकाकर उनकी संपत्ति हडपता है अथवा परेशान करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, गुजरात में किसी भी तरह के गुंडे बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा।
