गुजरात में ज्वेलरी फर्म के कर्मचारी को गोली मारकर 1.53 करोड़ के सोने-चांदी की लूट; 9 आरोपी गिरफ्तार
राजकोट में एक कीमती धातु रिफाइनरी में लूटपाट के दौरान कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और लगभग 1.53 करोड़ रुपये का सोना-चांदी लूटा गया।

राजकोट में 1.53 करोड़ की सोने-चांदी की लूट (स्क्रीनग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, राजकोट। गुजरात के राजकोट शहर में स्थित एक कीमती धातु रिफाइनरी में लुटेरों ने एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी और लगभग 1.53 करोड़ रुपये का सोना-चांदी लूटकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से इस मामले में शामिल सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एफआईआर के अनुसार, तानवी एक्सपोर्ट्स इंडिया लिमिटेड के 53 वर्षीय कर्मचारी लालजीभाई सरधारा रिफाइनरी से सोना-चांदी लेकर लौट रहे थे। उनके पास एक बैग था, जिसमें 946 ग्राम सोने की ईंटें (कीमत लगभग 1.48 करोड़ रुपये) और दो किलो रिफाइंड चांदी का पाउडर (कीमत 4.3 लाख रुपये) रखा था।
चार आरोपियों में से दो एक मैरून रंग की टाटा टिगोर कार से उतरा और सरधारा से बैग छीनने की कोशिश की। ब सरधारा और सुरक्षा गार्ड बावनजी बाबुजी पधियार ने विरोध किया, तो सफेद शर्ट पहने एक आरोपी ने बंदूक निकाली और सरधारा को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी बैग लेकर कार में बैठकर फरार हो गए।
दूसरे राज्य के हैं चारों आरोपी
सरधारा को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जोन-1 की पुलिस उपायुक्त हेतल पटेल ने बताया कि सभी आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और वे राज्य के बाहर के रहने वाले हैं। लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी अपनी रिफाइनरी (जो मुख्य परिसर से लगभग 40 मीटर दूर है) से रिफाइंड सोना और चांदी सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में 'युग बिल्डिंग' स्थित अपनी ज्वेलरी निर्माण इकाई में भेजती है।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और गुजरात पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त जगदीश बांगरवा के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से हैं।
इन सभी आरोपियों को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
