गुजरात: महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेमी ASI की हत्या कर कार में जलाया शव, भाई समेत चार गिरफ्तार
गुजरात के साबरकांठा में एक महिला हेड कांस्टेबल ने अपने प्रेमी ASI की हत्या कर दी।

गुजरात में महिला कॉन्सेटेबल ने प्रेमी ASI की हत्या की। (फोटो-सांकेतिक)
HighLights
महिला हेड कांस्टेबल ने अपने प्रेमी ASI की हत्या की।
प्रेम संबंध समाप्त करने की चाहत में हुई वारदात।
शव को कार सहित पेट्रोल डालकर जलाया गया।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के साबरकांठा जिले के चिथोडा पुलिस स्टेशन में तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है।
आरोप है कि उसी थाने में तैनात एक महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेम संबंध खत्म करने की चाहत में ASI की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए अपने परिजनों व दोस्तों की मदद से शव को कार सहित पेट्रोल डालकर जला दिया।
अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा (37) और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नदी किनारे जली हुई कार में मिले थे हड्डियों के अवशेष
मृतक की पहचान अरावली जिले के भिलोडा तालुका स्थित जिंझोडी गांव निवासी अश्विन तबियाद के रूप में हुई है। वे चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के तौर पर कार्यरत थे।
अश्विन 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी मारुति अर्टिगा कार से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
दो दिन बाद यानी 10 नवंबर को भिलोडा तालुका के पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे उनकी जली हुई मारुति अर्टिगा कार मिली, जिसके अंदर उनके जले हुए अवशेष पाए गए। उनके पिता बाबू तबियाद ने ये अवशेष उनके बेटे के होने की आशंका जताई।
महिला कांस्टेबल के साथ था प्रेम संबंध
अरावली LCB की गहन जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, अश्विन तबियाद के चिथोडा थाने में ही तैनात और महिला सुरक्षा टीम की सदस्य हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के साथ प्रेम संबंध थे।
जांच में सामने आया कि अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन उस पर संबंध जारी रखने का दबाव बना रहे थे।
महिला कांस्टेबल ने घर बुलाकर की हत्या
इसी विवाद के चलते 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चिथोडा स्थित अपने किराए के घर पर बुलाया, जहां वे रात भर रूके। पुलिस के मुताबिक अल्फा ने रात में ही अश्विन की हत्या कर दी।
शव को बोरे में भरकर दिनभर घर में छिपाया
अरावली के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहरसिंह जडेजा ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की पूरी साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के बाद अगली सुबह अल्फा ने अपने भाई कल्पेश कलसवा को फोन कर बुलाया, जो अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार लेकर वहां पहुंचा। तीनों ने शव को एक बोरे में बंद किया और पूरे दिन घर के अंदर छिपाए रखा।
इसके बाद पंकज मृतक की अर्टिगा कार को कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास सुनसान जंगल में ले गया, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे गए। वे अर्टिगा को वहीं छोड़कर वापस चिथोडा लौट आए।
रात होने पर कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को बुलाया। चारों आरोपी ईको कार में शव लेकर जंगल में खड़ी अर्टिगा के पास पहुंचे और शव से भरे बोरे को अर्टिगा की बीच वाली सीट के पास रख दिया।
इसके बाद मनोज अर्टिगा चलाकर पादरा गांव की ओर ले गया, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से पीछे चले। हथमाती नदी के पास पहुंचकर आरोपियों ने कार पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।
CCTV फुटेज और पेट्रोल पंप के सुराग से पकड़े गए आरोपी
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, अरावली और साबरकांठा जिलों के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कडियां जोड़ी।
जांच में यह भी सामने आया कि कार जलाने से पहले आरोपियों ने विजय नगर के एक पेट्रोल पंप से ईको कार का इस्तेमाल कर कैन में पेट्रोल खरीदा था।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने अल्फा कलसवा, कल्पेश कलसवा, पंकज और मनोज निनामा को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- वडोदरा में युसुफ पठान को प्लॉट गिफ्ट, गुजरात कांग्रेस ने किया विरोध
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।