विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वडोदरा में युसुफ पठान को प्‍लॉट गिफ्ट, गुजरात कांग्रेस ने किया विरोध

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:11 PM (IST)

गुजरात कांग्रेस ने वडोदरा में सांसद युसुफ पठान को 20 करोड़ रुपये का प्लॉट उपहार में दिए जाने का विरोध किया है।

युसुफ पठान को प्‍लॉट गिफ्ट करने का विरोध करेगी कांग्रेस।

युसुफ पठान को प्‍लॉट गिफ्ट करने का विरोध करेगी कांग्रेस।

HighLights

  1. युसुफ पठान को वडोदरा में 20 करोड़ का प्लॉट उपहार।

  2. गुजरात कांग्रेस ने इस फैसले का कड़ा विरोध जताया।

  3. महानगर पालिका की बैठक में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन।

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। पूर्व क्रिकेटर एवं पश्चिम बंगाल से सांसद युसुफ पठान को वडोदरा में 20 करोड़ रुपये की कीमत का प्‍लॉट उपहार में देने का गुजरात कांग्रेस ने विरोध जताया है। वडोदरा महानगर पालिका की बुधवार को होने वाली आम सभा में कांग्रेस पार्षद इसका विरोध करेंगे।

गुजरात कांग्रेस के अध्‍यक्ष अमित चावड़ा ने कहा है कि आम नागरिक को सरकार से 50 गज का प्‍लॉट पाने में जिंदगी निकल जाती है लेकिन यहां सरकार राजनीतिक उपहार बांट रही है।

गुजरात प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन पर गुजरात कांग्रेस अध्‍यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी के कारण जहां एक ओर आम आदमी परेशानी उठा रहा है, वहीं राज्‍य सरकार उत्‍सवों व रेवड़ी बांटने में जनता का करोड़ों रुपये बहा रही है।

चावड़ा ने सांसद युसुफ पठान को वडोदरा में 500 वर्ग गज का प्‍लॉट उपहार में देने पर विरोध जताते हुए कहा कि यही राज्‍य सरकार और महानगर पालिका ने उच्‍च न्‍यायालय में पठान पर प्‍लॉट पर कब्‍जा करने का आरोप लगाया था। जब पठान ने टीएमसी को छोडकर उनका समर्थन किया अब वही प्‍लॉट उसे गिफ्ट में दिया जा रहा है।

बुधवार को वडोदरा महानगर पालिका की आम सभा में महानगर पालिका के प्रस्‍ताव पर अंतिम मुहर लगनी है, कांग्रेस इसमें मनपा के इस फैसले का विरोध करेगी। वडोदरा शहर कांग्रेस के अध्‍यक्ष ऋत्‍विज जोशी व अन्‍य नेताओं ने कहा कि करोड़ों की कीमत की जमीन पठान को दी जा रही है, जबकि यह जमीन किसानों से लेकर सार्वजनिक उपयोग के लिए छोड़ी गई थी। अब यह राजनीतिक उपहार के रूप में युसुफ पठान को दी जा रही है।

उधर चावड़ा ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस महंगाई के खिलाफ एक बडा आंदोलन करेगी, आगामी दिनों में प्रदेश कांग्रेस की बैठक में इसको लेकर चर्चा कर अभियान का एलान किया जाएगा।

चावड़ा ने कहा कि गुजरात में गैस सिलिंडर, खाद्य तेल, दूध, घी, दही जैसी आम जरूरत की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। पूर्व में दो चार रुपये भाव बढ़ने पर भी भाजपा नेता आंदोलन करते थे लेकिन आज भयंकर महंगाई आम आदमी पर लाद रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।