यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gujarat Election 2022: पिता को नहीं मिला टिकट, बेटे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी पर फेंकी स्याही
विधानसभा चुनाव में अपने पिता को टिकट नहीं दिए जाने से गुस्साए कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने पार्टी के वरिष्ठ ...और पढ़ें

अहमदाबाद, पीटीआइ। विधानसभा चुनाव में अपने पिता को टिकट नहीं दिए जाने से गुस्साए कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी पर काली स्याही फेंक दी। घटना पार्टी कार्यालय में रविवार को हुई। घटना के समय सोलंकी पार्टी कार्यालय से प्रेस कांफ्रेंस के बाद निकल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में सोलंकी का बयान दर्ज किया, लेकिन उन्होंने इसे लेकर कोई मामला नहीं दर्ज कराया।
पिता को नहीं मिली एलिसब्रिज विधानसभा क्षेत्र से टिकट
पार्टी कार्यकर्ता रोमिन सुथार का कहना है कि उसने यह कदम पिता रश्मीकांत सुथार को अहमदाबाद की एलिसब्रिज विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं देने के चलते उठाया। इस सीट से पार्टी ने भीखू दवे को मैदान में उतारा है। 2017 के चुनाव में यह सीट भाजपा के राजेश शाह ने जीती थी।
कांग्रेस ने जारी की 43 प्रत्याशियों की पहली सूची
गुजरात की 182 सीटों के लिए एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में चुनाव होंगे। कांग्रेस 43 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुकी है। सोलंकी दो बार सांसद रहने के अलावा वर्ष 2015 से 2018 के बीच गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संप्रग सरकार में मंत्री थे।
भाजपा को ठहराया है जिम्मेदार
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी करने के बजाय गुजरात की भाजपा सरकार के खिलाफ 22 सूत्रीय आरोप पत्र दायर किया है। भाजपा सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि आम गुजराती को जो अब तक मिला वह भूख, भय और जुल्म है। विपक्षी कांग्रेस ने अपने आरोप पत्र में मोरबी पुल हादसे से लेकर गुजरात दंगों के दौरान हुए बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म केस तक के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
