अहमदाबाद की कंपनी में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग; एक की मौत
अहमदाबाद के थलतेज स्थित मैग्नेट कॉर्पोरेट पार्क की एक पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ...और पढ़ें

अहमदाबाद के कॉर्पोरेट पार्क में भीषण आग (स्क्रीनग्रैब- PTI)
HighLights
अहमदाबाद के थलतेज में कॉर्पोरेट बिल्डिंग में लगी भीषण आग।
जान बचाने के लिए कूदने से एक की मौत, पांच लोग घायल।
शॉर्ट सर्किट से आग, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद के पॉश थलतेज इलाके स्थित मैग्नेट कॉर्पोरेट पार्क की एक पांच मंजिले कमर्शियल बिल्डिंग (कंपनी) में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। इस दौरान कम से कम पांच लोग घायल हो गए।
आग कंपनी की दूसरी मंजिल पर बिजली के केबल डक्ट में लगी और देखते ही देखते फर्नीचर में फैल गई, जिससे चारों तरफ घना धुआं भर गया। आग देख जान बचाने के लिए दो लोग दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे कूद गए, इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
मौके पर पहुंची दमकल की 12 गाड़ियां
घटना की जानकारी मिलते ही फायर बिग्रेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान चलाकर छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को सोला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फायर बिग्रेड के अधिकारी जयेश खाडिया ने बताया कि थलतेज स्थित मैग्नेट कॉर्पोरेट पार्क में बिजली के केबल डक्ट में आग लगने की सूचना मिलने के बाद, अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की 12 दमकल गाड़ियां वहां तैनात की गईं।
बिल्डिंग में मौजूद थे 40 लोग
आग पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी, जिससे पहली और दूसरी मंजिल सबसे ज्यादा प्रभावित हुईं। उस समय बिल्डिंग में लगभग 40 लोग मौजूद थे, जिनमें से ज्यादातर कर्मचारी थे।
दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही कई लोग खुद बाहर निकल आए, जबकि बाद में AFES की टीमों ने छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बोदकदेव पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर संदीप खंभालिया ने बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 बजे थलतेज इलाके की चार मंजिला 'मैग्नेट कॉर्पोरेट पार्क' बिल्डिंग में स्थित ऑफिस में आग लग गई।
खंभालिया ने बताया कि 23 वर्षीय रचित पटेल की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से कूदने के कारण आई चोटों से मौत हो गई। मृतक पटेल राजकोट का रहने वाला था। एक अन्य युवक, जो घबराहट में बिल्डिंग से कूद गया था, घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
बाद में आग पर काबू पा लिया गया। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिससे ऑफिस का सामान और फर्नीचर जलकर खराब हो गया। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।