मैनचेस्टर यूनाईटेड ने पलटी हारी हुई बाजी, चैंपियंस लीग में पीएसजी और बायर्न म्यूनिख की आसान जीत
लगभग एक घंटे तक 2-0 से पीछे रहने के बाद मैनचेस्टर यूनाईटेड ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को जीत लिया।

मैनचेस्टर यूनाईटेड ने जीता मैच

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्लीः सूरज निकलने से पहले अंधेरा सबसे घना होता है, ऐसा कहने वालों ने जरूर सर एलेक्स फर्ग्युसन के मैनचेस्टर यूनाईटेड को हार के एकदम करीब से वापसी करते हुए जीतते देखा होगा। जो चूक गए वो मंगलवार देर रात मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम हुआ चैंपियंस लीग ग्रुप स्टेज का मैच देख सकते हैं जहां फर्ग्युसन के शागिर्द रहे माइकल कैरिक की कोचिंग वाले मैनचेस्टर यूनाईटेड ने लगभग एक घंटे तक 2-0 से पीछे रहने के बाद आखिरी पलों में तीन मिनट में दो गोल मारकर इतालवी क्लब रोमा को 3-2 से परास्त कर दिया।
मैतियस सुले (11वां मिनट) और डोन्येल मालेन (17वां मिनट, पेनाल्टी) की मदद से रोमा ने पहले 17 मिनट में ही 2-0 की बढ़त ले ली और पहला पूरा हाफ अपने काबू में रखा। बीते नौ मैचों से जीत का इंतजार कर रही मैनचेस्टर यूनाईटेड एक और शर्मनाक हार की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन दूसरे हाफ में टीम ने कमाल की गर्मजोशी दिखाते हुए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दर्शकों को जीत का तोहफा दिया।
मतेउस कुन्या का ब्रेस
क्लब के कप्तान ब्रूनो फर्नांडेज ने 58वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल कर जो वापसी शुरू की उसे मतेउस कुन्या ने 83वें और 86वें मिनट में गोल मार जीत में बदल दिया।
हालांकि दूसरे गोल के जश्न के दौरान टीशर्ट उतारने और फिर विपक्षी खिलाड़ी पर खतरनाक फाउल के लिए उन्हें पांच मिनट के अंदर दो येलो कार्ड मिले (रेड कार्ड) और उन्हें बाहर जाना पड़ा।
पीएसजी की रिकार्ड जीत
स्पेन के शहर वियारियाल में खेले गए एक अन्य मैच में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने घरेलू टीम के विरुद्ध पहले 17 मिनट में ही चार गोल मार दिए। यह चैंपियंस लीग के इतिहास में किसी टीम द्वारा सबसे तेजी से किए गए चार गोल का रिकार्ड है।
टीम ने दूसरे हाफ में भी दो गोल किए और मुकाबला 6-0 से जीत लिया। पीएसजी के लिए इस मैच में जोआओ नेवेस (नौवां मिनट), डिजायर डुए (12वां मिनट), सेनी मायुलु (13वां मिनट), फैबियन रुइज (17 वां और 50वां मिनट) और डेविड बोली (78वां मिनट) ने गोल किए।
बायर्न ने एटलेटिको को हराया
बैलन डिओर विजेता हैरी केन भले ही एक भी गोल ना कर पाए हों लेकिन जर्मनी के बायर्न म्यूनिख ने मंगलवार रात बिना किसी परेशानी के स्पेन के एटलेटिको मैड्रिड को हरा दिया।
युवा मिडफील्डर लेनार्ट कार्ल और कोनराड लेमार ने बायर्न के लिए गोल किए। चार मैचों के बाद अब इनके आठ अंक हो गए हैं।बार्सिलोना की आसान जीतफारवर्ड राफिन्हा द्वारा किए गए दो गोल की मदद से स्पेन के क्लब बार्सिलोना ने इंग्लैंड के एस्टन विला को 3-0 से हरा दिया।
टीम के लिए एक गोल युवा फारवर्ड लामिने यमाल ने किया। बार्सिलोना के घरेलू स्टेडियम कैंप नोउ में हुए इस मैच में यमाल ने सातवें मिनट में पहला गोल किया जबकि राफिन्हा ने दूसरे हाफ के 52वें और 62वें मिनट में में गोल किए। इस जीत के बाद बार्सिलोना चैंपियंस लीग की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।