नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। लियोनेल मेसी ने अपने खाते में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। मेसी को साल 2022 के लिए फीफा का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। मेसी ने 36 साल का सूखा खत्म करते हुए अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में सात गोल दागे थे।
लियोनेल मेसी के हमवतन और कोच लियोनेल स्कालोनी को सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच चुना गया। स्कालोनी ने दक्षिण अमेरिकी को वर्ल्ड कप खिताब दिलाने के लिए मार्गदर्शन दिया। 35 साल के मेसी ने इस अवॉर्ड के लिए फ्रांस के फॉरवर्ड कायलिन मबापे और करीम बेंजेमा को पीछे छोड़ा। मेसी ने अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने के अलावा 2021-22 में देश व क्लब के लिए कुल 49 मैचों में 27 गोल दागे।
What a night! 😍
Congratulations to all the winners at this year's #TheBest FIFA Football Awards 🏆
Find out who won in each category at the awards ceremony in Paris:
— FIFA (@FIFAcom) February 27, 2023
मेसी ने अवॉर्ड लेने पर क्या कहा
लियोनेल मेसी ने दूसरी बार फीफा के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का खिताब जीता। उन्होंने कहा, 'यह शानदार है। यह शानदार साल रहा और मेरे लिए यहां आकर अवॉर्ड हासिल करना सम्मान की बात है। मेरे टीम साथियों के बिना मैं यहां नहीं होता। मैंने लंबे समय से देखा सपना हासिल किया। कुछ ही लोग इसे हासिल कर पाते हैं और मैं भी ऐसा करके भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।'
पेरिस में हुई सेरेमनी में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप खिताब दिलाने वाले कोच लियोनेल स्कालोनी ने पेप गार्डियोला और कार्लो एंसेलोटी को मात दी। गार्डियोला ने मैनचेस्टर सिटी को छठा प्रीमियर लीग खिताब दिलाया था। वहीं एंसेलोटी ने रीयल मैड्रिड को चैंपियंस लीग खिताब दिलाया था।
इंग्लैंड की मैनेजर सारिना विगमैन को साल का सर्वश्रेष्ठ महिला कोच चुना गया। उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड को यूरोपीयन चैंपियनशिप खिताब दिलाने में मार्गदर्शन दिया था। यह टीम की पहली प्रमुख ट्रॉफी थी। एस्टन विला और अर्जेंटीना के ऐमिलियानो मार्टिनेज को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर जबकि इंग्लैंड की मैरी ईयरप्स को महिला पुरस्कार मिला। बार्सिलोना की एलेक्सिया पुतेलास को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया।