विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘सांबा संगीत’ पर थिरकने को तैयार कोलकाता , साल्टलेक स्टेडियम में भारत-ब्राजील के बीच आज ऐतिहासिक मुकाबला

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:00 AM (IST)

साल्टलेक स्टेडियम में यूं तो दर्जनों अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच हुए हैं, लेकिन इस बार बात कुछ अलग है। भारत के ...और पढ़ें

शुक्रवार को साल्टलेक स्टेडियम में अभ्यास करते ब्राजील के खिलाड़ी।  फोटो सौजन्य : बलाई चंद्र गिरि

शुक्रवार को साल्टलेक स्टेडियम में अभ्यास करते ब्राजील के खिलाड़ी।  फोटो सौजन्य : बलाई चंद्र गिरि

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। साल्टलेक स्टेडियम में यूं तो दर्जनों अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच हुए हैं, लेकिन इस बार बात कुछ अलग है। भारत के सामने कोई और नहीं बल्कि पांच बार की फीफा विश्व कप चैंपियन ब्राजील है। यह मैच न सिर्फ भारतीय टीम को विश्व की सबसे बड़ी फुटबॉल शक्तियों में से एक के विरुद्ध खुद को परखने का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान भी भारतीय फुटबॉल की ओर खींचेगा।

फुटबॉल प्रेमियों के शहर में इस मैच को लेकर उत्साह चरम पर है। कोलकाता में लाखों की संख्या में ब्राजील के प्रशंसक हैं। इनमें से एक अजय चक्रवर्ती ने कहा कि कभी सोचा नहीं था कि अपने शहर में ब्राजील की टीम का मैच देखने का मौका मिलेगा। कोई भी टीम जीते, हम ब्राजील के ‘सांबा संगीत’ पर थिरकने को तैयार हैं।

मैच के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के अंदर-बाहर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। लेजर लाइट, बैनर-पोस्टर-होर्डिंग, छतरी और पानी की बोतल लेकर स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुक्रवार को मैच के लिए जमकर अभ्यास किया। वहीं रात को ब्राजीलियाई टीम के लिए बंगाल सरकार की ओर से राजकीय भोज का आयोजन किया गया।

भारत के विरुद्ध मैच को बेहद गंभीरता से ले रहे : एंसेलोटी

ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने साफ किया कि उनकी टीम भारत के विरुद्ध मैच को बिल्कुल हल्के में नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि ब्राजील भारतीय टीम का पूरा सम्मान करता है। भारत ने पनामा के विरुद्ध अच्छा खेल दिखाया है। हमारी टीम मुकाबले में पूरी गंभीरता के साथ उतरेगी। गत फीफा विश्व कप में ब्राजील के खराब प्रदर्शन पर एंसेलोटी ने कहा कि कुछ समस्याएं थीं, जिनका हम समाधान नहीं कर पाए। फुटबाल काफी बदला है और दूसरी टीमें काफी बेहतर हुई हैं।

परिस्थितियों के हिसाब से बदलेंगे रणनीति : खालिद

भारत के मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा कि ब्राजील के विरुद्ध मुकाबले में हम परिस्थितियों के हिसाब से रणनीति बदलेंगे। जहां आक्रामकता दिखाने की जरूरत होगी, वहां टीम आक्रमण करेगी और जहां रक्षात्मक शैली में खेलने की जरूरत होगी, वहां खिलाड़ी मजबूती से बचाव करेंगे। इस तरह के बड़े मैचों में दबाव स्वाभाविक है, लेकिन खिलाड़ियों को उसका असर अपने खेल पर नहीं पड़ने देना चाहिए। भारतीय रक्षापंक्ति के प्रमुख खिलाड़ी अनवर अली ने कहा कि ब्राजील के विरुद्ध मुकाबला टीम के लिए बड़ी चुनौती है। प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करना होगा।

पहले भी भिड़ चुकी हैं दोनों टीमें

ब्राजील के विरुद्ध भारत की सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम भले पहली बार मैदान पर उतरेगी, लेकिन भिन्न आयु वर्ग, महिला फुटबॉल और पूर्व खिलाड़ियों के मुकाबलों को मिलाकर दोनों देशों के बीच कई फुटबॉल मुकाबले हो चुके हैं। पहली भिड़ंत 2016 में गोवा में आयोजित ब्रिक्स अंडर-17 फुटबाल प्रतियोगिता में हुई थी। ब्राजील वह मैच 3-1 गोल से जीता था।

2021 में भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने ब्राजील में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। ब्राजील के विरुद्ध मुकाबले में भारत को 1-6 से हार मिली थी, हालांकि मनीषा कल्याण ने ब्राजील के खिलाफ भारतीय सीनियर महिला टीम की ओर से गोल करने वाली पहली खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था।

2022 में भारत में आयोजित अंडर-17 महिला विश्व कप में भारत को ब्राजील के हाथों 0-5 से हार मिली थी। पिछले साल चेन्नई में टाइटन सीरीज के तहत दोनों देशों के पूर्व खिलाड़ियों का सामना हुआ था। ब्राजील ने वह मुकाबला 2-1 से जीता था। कुछ दिन पहले कोच्चि में हुए मुकाबले में भारतीय पूर्व खिलाड़ियों ने पलटवार करते हुए ब्राजील के दिग्गजों को 4-3 से हराया था।

यह भी पढ़ें- मेसी वाला 'जख्म' ब्राजील से भरने की तैयारी, साल्टलेक स्टेडियम में होगी भारत खेलेगा ऐतिहासिक मुकाबला

यह भी पढ़ें- जिस मैदान पर गूंज रही थीं तालियां, वहीं थम गई कजरू मुर्मू की सांसें; बोकारो में फुटबॉल खेलते-खेलते मौत