विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेसी वाला 'जख्म' ब्राजील से भरने की तैयारी, साल्टलेक स्टेडियम में होगी भारत खेलेगा ऐतिहासिक मुकाबला

By Vishal ShresthaEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Fri, 02 Oct 2026 06:00 AM (IST)

साल्टलेक स्टेडियम भारत-ब्राजील फुटबॉल मैच के सफल आयोजन से लियोनेल मेसी कार्यक्रम की पिछली अव्यवस्था के कारण खोया सम्मान वापस पाने की तैयारी में है।

इंडिया वर्सेस ब्राजील (फोटो: AIFF)

इंडिया वर्सेस ब्राजील (फोटो: AIFF)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। जिस स्टेडियम को करीब 10 महीने पहले अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के कुप्रबंधन के कारण पूरी दुनिया के सामने शर्मसार होना पड़ा था, उसके सामने अब भारत-ब्राजील का ऐतिहासिक फुटबॉल मैच करवाकर खोया सम्मान वापस पाने की चुनौती है।

बंगाल में गठित नई सरकार से लेकर अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) तक सभी आगामी तीन अक्टूबर को विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन (साल्टलेक स्टेडियम) में होने वाले इस मैच को लेकर बेहद सतर्क हैं। राज्य सरकार के खेल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मैच का सफलतापूर्वक आयोजन कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

वीआईपी कल्चर को रखा जाएगा दूर

ब्राजिलियाई खिलाड़ियों को ‘वीआइपी कल्चर’ को दूर रखने पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह चौकस है। बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट, जिसके अंतर्गत साल्टलेक स्टेडियम आता है, के आयुक्त राठौर अमित कुमार ने बताया- ‘हमारा मुख्य उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से मैच कराना है। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ द्वारा निर्धारित सभी नियमों और प्रतिबंधों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। स्टेडियम में लेजर लाइट, बैनर-पोस्टर-होर्डिंग, छतरी और पानी की बोतल लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। स्टेडियम के अंदर-बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सादे पोशाक में भी तैनात रहेंगे।’

लियोनेल मेसी के दौरे पर हुआ था हंगामा

मालूम हो कि पिछले साल मेसी के भारत दौरे के कोलकाता चरण के दौरान 13 दिसंबर को साल्टलेक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। ग्राउंड पर राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिश्वास समेत वीवीआईपी ने मेसी को इस कदर घेर रखा था कि बेहद महंगा टिकट खरीद दर्शक दीर्घा में बैठे लोग अपने प्रिय फुटबालर की एक झलक को तरस गए थे, जिसके बाद उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी थी।

उन्होंने कुर्सियों के साथ स्टेडियम के गोलपोस्ट के नेट को भी फाड़ डाला था। हालात बिगड़ते देख मेसी को निर्धारित समय से पहले ही स्टेडियम से निकालकर ले जाया गया था।

अभ्यास करेगी ब्राजिलियाई टीम

ब्राजील की फुटबॉल टीम गुरुवार रात कोलकाता पहुंची। एआईएफएफ से मिली जानकारी के अनुसार वह शुक्रवार शाम चार बजे स्टेडियम में अभ्यास करेगी। वहीं भारतीय टीम सुबह 9.30 बजे अभ्यास करेगी।