चैंपियंस लीग का बेताज बादशाह रियल मैड्रिड, 83वें मिनट तक हार रही थी टीम; फिर 7 मिनट के तूफान में उड़ी रोमा
रियल मैड्रिड ने चैंपियंस लीग में रोमा के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 83वें मिनट तक 1-3 से पिछड़ने के ...और पढ़ें

रियल मैड्रिड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रियल मैड्रिड निर्विवाद रूप से यूरोपियन फुटबॉल की सबसे महान टीम है। लोस ब्लांकोस के नाम से मशहूर इस टीम के डीएनए में कुछ ऐसा है जो यूरोपियन क्लब फुटबॉल के सबसे बड़े मंच चैंपियंस लीग में उभरकर आता है। बीती रात इटली की राजधानी रोम में भी ऐसा ही कुछ हुआ, जहां मैच के 83वें मिनट तक 3-1 से पिछड़ रही इस टीम ने सात मिनट में तीन गोल मारकर रोमा को 4-3 से हरा दिया।
मैच में ज्यादातर वक्त तक संघर्ष करने वाली रियल मैड्रिड ने आखिरी पलों में जैसा जज्बा दिखाया, उसने साफ कर दिया कि ये टीम चैंपियंस लीग की बेताज बादशाह क्यों कही जाती है।
पहले हाफ में बराबरी पर रहा मुकाबला
मैच के पहले हाफ में रोमा ने मार्टेन डे रून के गोल से बढ़त ली जिसके बाद काइलियन एमबापे ने 25वें मिनट में रियाल के लिए बराबरी का गोल किया। पहले हाफ के बाद स्कोर 1-1 रहा। स्ट्राइकर डोन्येल मालेन ने दूसरे हाफ में छह मिनट के अंदर दो गोल (51वें और 57वें मिनट) मारकर रोमा को 3-1 से आगे कर दिया। ये स्कोर 83वें मिनट तक बरकरार रहा जब स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में आए स्ट्राइकर कार्लोस एस्पी ने रियाल का दूसरा गोल मारा।
युवा स्ट्राइकर एंड्रिक ने 85वें मिनट में हेडर के जरिए बराबरी का गोल किया और फिर 90वें मिनट में डिफेंडर एंटोनियो रुडिगर ने रियाल के लिए विजयी गोल किया। यह दोनों गोल कॉर्नर से हुए जिन्हें मिडफील्डर अर्दा गुलेर ने असिस्ट किया, वह भी स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में ही आए थे।
मैनचेस्टर सिटी को मिली हार
बुधवार देर रात हुए अन्य मैचों में एर्लिंग हालैंड के दो गोल के बावजूद मैनचेस्टर सिटी को पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के हाथों 2-4 से हार मिली। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में पीएसजी ने सिटी को 4-2 से परास्त करते हुए उन्हें सीजन (प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग मिलाकर) की पहली हार दी। डिजायर डुए (13वां मिनट), ओस्मान डेंबेले (15वां मिनट) और विटिन्हा (32वां मिनट) की मदद से पीएसजी ने पहले 32 मिनट में ही 3-0 की बढ़त ले ली थी। ये स्कोर पहला हाफ खत्म होने तक बरकरार रहा।
दूसरे हाफ में स्ट्राइकर हॉलैंड ने 53वें और 75वें मिनट में गोल किए लेकिन पीएसजी के लिए मैग्नेस अकलिउचे ने 63वें मिनट में चौथा गोल भी मार दिया और टीम ने 4-2 से मैच जीत लिया। वहीं, लिवरपूल ने ऑस्ट्रियन लीग की टीम एलएएसके के विरुद्ध 6-3 की बड़ी जीत हासिल की।
नीदरलैंड्स के फेयेनूर्ड ने इटली के कोमो को 3-2 से, यूक्रेन के शाख्तार डोनेत्स्क ने ग्रीस के एइके को 3-1 से, स्पेन के रियाल बेटिस ने पुर्तगाल के पोर्तो को 3-2 से, इंग्लैंड के एस्टन विला ने तुर्किए के फेनरबाशे को 6-0 से और नार्वे के बोडो ने जर्मनी के डार्टमंड को 1-0 से मात दी।
