नस्लवाद पर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ का दोहरा रवैया उजागर, रंग का मजाक उड़ाने की शिकायत पर AIFF ने खड़े किए हाथ
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ पर नस्लवाद के मामलों में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगा है। एक ओर उसने फलस्तीनी खिलाड़ी के खिलाफ शिकायत दर्ज की, वहीं अपने मैच आयुक्त की नस्लीय टिप्पणी की शिकायत पर पुलिस के पास जाने की सलाह दी।

एआईएफएफ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) पर नस्लवाद के मामलों में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगा है। भारतीय अंडर-17 टीम के कप्तान डल्लालमौन गांगटे के साथ फलस्तीनी खिलाड़ी ताहा सुवेइदान द्वारा कथित नस्लीय दुर्व्यवहार किए जाने के मामले में महासंघ ने एशियाई फुटबॉल परिसंघ (AFC) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, अपने मैच आयुक्त नंदन वाघमारे द्वारा की गई जातिसूचक टिप्पणी और नस्लीय दुर्व्यवहार की शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय महासंघ ने उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया। मामला इस साल अप्रैल का बताया जा रहा है। युवा लीग में क्लासिक फुटबॉल अकादमी और गोकुलम एफसी के बीच मुकाबले के बाद वाघमारे ने एआईएफएफ से रेफरी आकलनकर्ता वाल्टर एडवर्ड परेरा के विरुद्ध शिकायत की थी।
रंग का उड़ाया मजाक
उन्होंने आरोप लगाया था कि परेरा और दो प्रतिभा खोजकर्ता बिना अनुमति खेल मैदान में घुस आए थे और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। परेरा ने उनकी सांवली त्वचा का भी मजाक उड़ाया था। जुलाई में महासंघ की अनुशासन समिति ने उनकी शिकायत पर जवाब देते हुए कहा था कि मामले की जांच की गई है।
आरोपों की प्रकृति को देखते हुए, विशेषकर नस्लीय भेदभाव और जाति आधारित टिप्पणियों से जुड़े आरोपों के कारण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 और अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई हो सकती है इसलिए वाघमारे को सक्षम स्थानीय पुलिस या संबंधित जांच एजेंसी के पास शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
वाघमारे ने पुलिस में नहीं की शिकायत
वाघमारे ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की, क्योंकि यह एआईएफएफ की जिम्मेदारी थी। एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने कहा कि उन्हें शिकायत के पूरे विवरण की जानकारी नहीं है। वहीं एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे से फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।