विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

United Kacche On Zee5: प्रवासियों की मुश्किलों को दिखाएगा सुनील ग्रोवर का नया शो, इस तारीख को होगा रिलीज

By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
Published: Fri, 17 Mar 2023 08:22 PM (IST)

United Kacche On Zee5 सुनील ग्रोवर ओटीटी स्पेस में काफी सक्रिय हैं और निरंतर वेब सीरीज में नजर आ रहे ...और पढ़ें

United Kacche Web Series Release Date And Teaser. Photo- screenshot
United Kacche Web Series Release Date And Teaser. Photo- screenshot

नई दिल्ली, जेएनएन। कॉमेडी एक्टर सुनील ग्रोवर फिल्मों के साथ ओटीटी स्पेस में भी जमकर सक्रिय हैं और निरंतर अलग-अलग प्रकार की वेब सीरीज में नजर आ रहे हैं। सुनील अब जी5 की कॉमेडी ड्रामा सीरीज यूनाइटेड कच्चे में नजर आएंगे। इस सीरीज में सुनील का साथ दिग्गज अभिनेता सतीश शाह देंगे।

यह शो यूनाइटेड किंगडम में प्रवासियों की दिक्कतों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करता है। शो की शूटिंग यूके में ही हुई है। सुनील शो में तेजिंदर टैंगो गिल नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो पंजाब का रहने वाला है। तेजिंदर विदेश में बसने का सपना देखता है। उसे यह सपना अपने पिता और दादा से मिला होता है, जो बेहतरी जिंदगी के लिए खुद विदेश में बसने का सपना देखते थे।

उसे किसी तरह टूरिस्ट वीजा मिल जाता है और वो बिना किसी तैयारी के यूनाइटेड किंगडम चला जाता है। कहानी तब मोड़ लेती है, जब उसका वीजा खत्म होने वाला होता है और जल्द वो अवैध प्रवासी बन जाएगा। तब उसका असली संघर्ष शुरू होगा।

शो का निर्देशन मानव शाह ने किया है। शाह ने कहा कि भारत में बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जो विदेश जाने और वहां बसने का ख्वाब देखते हैं। इसके लिए वो कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। यूनाइटेड कच्चे ऐसे ही लोगों के बारे में है। शो में सपना पब्बी, निखिल विजय, मनु ऋषि चड्ढा, नयनी दीक्षित और नीलू कोहली भी अहम किरदारों में दिखेंगे।

शो ऐसे भारतीय, पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिकों की जिंदगी दिखाता है, जिन्हें इंग्लैंड में परमानेंट रेजीडेंट्स का स्टेटस नहीं मिला है। ऐसे लोगों को वहां कच्चे कहा जाता है। शो का निर्माण यूडली फिल्म्स ने किया है। यूनाइटेड कच्चे 31 मार्च को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा। 

सुनील इससे पहले जी5 की वेब सीरीज सनफ्लॉवर में नजर आ चुके हैं, जो कॉमेडी थ्रिलर और मर्डर मिस्ट्री सीरीज थी। इसका निर्देशन विकास बहल ने किया था। सुनील ने शो में सोनू नाम का किरदार निभाया था। शो की कहानी सनफ्लॉवर नाम की हाउसिंग सोसाइटी में दिखायी गयी थी। इससे पहले प्राइम वीडियो की सीरीज तांडव में उन्होंने अपनी छवि के उलट गंभीर किरदार निभाया था। इस राजनीति ड्रामा में सुनील एक बड़े नेता के पीए के रोल में थे। इस शो का निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया था।