विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'द ट्रायल' के बाद OTT पर फिर छाएंगी काजोल, इस फिल्म में 'सिंघम' की तरह करेंगी दमदार एक्शन

By Deepesh PandeyEdited By: Tanya Arora
Published: Sun, 12 Apr 2026 08:00 AM (IST)

'द ट्रायल' और 'मां' जैसी महिला प्रधान सीरीज के बाद काजोल अब 'महाराग्नि: क्वीन ऑफ क्वींस' में आएंगी नजर, जिसके ...और पढ़ें

काजोल की 'महाराग्नि: क्वीन ऑफ क्वींस' रिलीज के लिए तैयार/ फोटो- Instagram

काजोल की 'महाराग्नि: क्वीन ऑफ क्वींस' रिलीज के लिए तैयार/ फोटो- Instagram

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

दीपेश पांडे, मुंबई। अपने बेबाक अंदाज और शानदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वालीं काजोल (Kajol) बड़े पर्दे के साथ-साथ अब ओटीटी पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं। 'द ट्रायल' वेब सीरीज और 'मां' जैसी महिला प्रधान कहानियों का हिस्सा रहीं काजोल आगामी दिनों में अपनी नई फिल्म 'महाराग्नि: क्वीन ऑफ क्वींस' (Maharagni: Queen of Queens) में एक बार फिर दमदार अवतार में नजर आएंगी।

हाल ही में 90 के दशक की इस डीवा ने अपने करियर, बॉक्स ऑफिस के दबाव, ओटीटी और अपने निजी विचारों को लेकर खुलकर बात की और कई सवालों के जवाब दिए। 

काजोल के पति और अभिनेता अजय देवगन खुद एक सफल निर्माता-निर्देशक भी हैं। ऐसे में क्या काजोल कभी अजय से अपने लिए कोई महिला प्रधान फिल्म निर्देशित करने का आग्रह नहीं करती हैं?

इस सवाल पर काजोल जोर से हंसते हुए कहती हैं, "नहीं, बिल्कुल नहीं। किसी भी फिल्म का प्रोडक्शन उसके प्रोजेक्ट पर निर्भर करता है। मैंने कभी नहीं कहा कि सिर्फ मेरे साथ पिक्चर बनाओ और किसी के साथ नहीं। मेरी उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। मैंने वैसे भी कभी इन चीजों के बारे में नहीं सोचा।" बता दें कि काजोल फिलहाल ओटीटी और सिनेमा दोनों माध्यमों पर एक बेहतरीन संतुलन बनाकर चल रही हैं।

यह भी पढ़ें- फेसबुक फोटो की वजह से हीरोइन बनी ये एक्ट्रेस, साउथ के बाद अब बॉलीवुड में जमाएंगी पैर; Kajol-Tabu के साथ करेंगी डेब्यू

kajol_1775652232_3870773573778043402_2994654426

करियर के इतने वर्षों में खुद को साबित करने के बाद भी क्या उन पर बॉक्स ऑफिस पर नंबर जुटाने का दबाव रहता है?

इस पर वह बेबाकी से जवाब देती हैं, "कलाकारों पर हमेशा से इसका दबाव रहा है। अगर आप दिलीप कुमार जैसे बड़े अभिनेता से भी पूछते, तो उन्हें भी दबाव रहा होगा कि फिल्म चलेगी या नहीं। अमित (अमिताभ बच्चन) जी से या रणवीर सिंह से पूछेंगे, तो उन्हें भी यह दबाव होता है। 'शुक्रवार का प्रेशर' उन सभी कलाकारों पर होता है, जिनकी फिल्में रिलीज होती हैं। लेकिन, जब शुक्रवार को मेरी फिल्म रिलीज होती है, तो मैं कोई तनाव नहीं लेती। मैं हमेशा अपना 100% देती हूं, और फिर बाकी सब भगवान पर छोड़ देती हूं।"

क्या ओटीटी अभिनेत्रियों को ज्यादा मौके दे रहा है?

इस पर काजोल अपनी राय रखते हुए कहती हैं, "बेहतर या ज्यादा से इतर, मुझे लगता है कि यह 'अलग' मौके दे रहा है। ओटीटी की मांग बिल्कुल अलग है और वहां का काम भी अलग है। वहां पर इतनी पाबंदियां नहीं होती हैं और उसके नियम भी सिनेमा से काफी अलग होते हैं।"

आज की काजोल, अपनी 'युवा काजोल' को क्या सलाह देना चाहेंगी?

इस सवाल पर वह मुस्कुराते हुए कहती हैं, "पहले तो मैं बता दूं कि युवा काजोल किसी से सलाह लेती ही नहीं थी! और अभी वाली काजोल भी नहीं लेती है। मुझे लगता है कि मैं जो हूं, आज जिस तरह की इंसान हूं, उसे देखते हुए अपनी युवा काजोल से यही कहूंगी कि- 'तू जिस तरह की इंसान है, बिल्कुल सही है। खुद को मत भूलना और किसी की सलाह मत लेना। तुम जो कर रही हो, सही कर रही हो।'"

kajol_1774791122_3863549873366399198_2994654426

बेटे युग और महिलाओं से प्रेरणा पर क्या बोलीं काजोल?

अपने बेटे युग की फिल्मों में दिलचस्पी को लेकर काजोल बताती हैं कि वह फिलहाल 15 साल का है और काफी समझदार है। वह कहती हैं, "इस समय दुनिया के पास सूचनाओं का भंडार है। ऐसे में कई बार उनके पास दुनिया की जानकारी हमसे भी ज्यादा होती है। हम सौभाग्यशाली हैं कि वह इस मामले में अग्रणी है, बाकी वह आम किशोरों की तरह ही है।"

अपनी मां तनुजा के अलावा किन महिलाओं से प्रेरणा मिलती है?

इस पर काजोल ने कहा, "बहुत सारी महिलाएं हैं, जैसे हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी। मैं शायद सबका नाम नहीं ले पाऊंगी, लेकिन जब मैं महिलाओं को समाज के एक अहम हिस्से के तौर पर देखती हूं, जो हर दिन अपने काम और घर के बीच बेहतरीन संतुलन साधती हैं, तो ऐसी हर महिला मुझे प्रेरित करती है।"

यह भी पढ़ें- 'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल ला रहे हैं करण जौहर? निर्देशक बोले- 'हर फिल्म की अपनी खामियां....'