विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lost OTT Release Date: यामी गौतम की फिल्म 'लॉस्ट' की रिलीज डेट हुई तय, इस दिन ओटीटी पर होगी स्ट्रीम

By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
Published: Thu, 26 Jan 2023 04:07 PM (GMT+05:30)

Lost OTT Release Date यामी गौतम की फिल्म कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में जा चुकी है। लॉस्ट का निर्देशन अनिरुद्ध ...और पढ़ें

Lost OTT Release Date Yami Gautam Starrer Film. Photo- Instagram
Lost OTT Release Date Yami Gautam Starrer Film. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। यामी गौतम की फिल्म लॉस्ट सिनेमाघरों के बजाए सीधे ओटीटी पर आ रही है और अब इसकी रिलीज डेट तय हो गयी है गुरुवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने इसका एलान भी कर दिया। फिल्म 16 फरवरी को प्लेटफॉर्म पर आ जाएगी। यामी ने फिल्म की ओटीटी रिलीज का एलान पिछले साल अपने जन्मदिन पर किया था। 

क्राइम रिपोर्टर के किरदार में यामी

लॉस्ट सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है, जिसमें यामी एक क्राइम जर्नलिस्ट का रोल निभा रही हैं। अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने फिल्म का निर्देशन किया है। लॉस्ट में राहुल खन्ना, पंकज कपूर, नील भूपलम, पिया बाजेपयी और तुषार पांडे सहयोगी भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में यामी का किरदार एक गुम हुए थिएटर आर्टिस्ट की तलाश करता हुआ नजर आएगा। इस क्रम में उनकी अपनी जिंदगी की पर्तें भी खुलेंगी। कहानी कोलकाता में दिखायी गयी है।

यह भी पढ़ें: Oscar 2023 Movies On OTT- जानें- ओटीटी पर कहां देख सकते हैं ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट होने वाली ये फिल्में

अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में हुई प्रदर्शित

ओटीटी पर आने से पहले फिल्म कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों का सफर कर चुकी है। 2022 में फिल्म शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल, अटलांटा इंडियन फिल्म फेस्टिवल और 53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में प्रदर्शित की जा चुकी है। श्यामल सेन गुप्ता ने फिल्म लिखी है, जबकि संवाद रितेश शाह के हैं।

विक्की डोनर से शुरू हुआ फिल्म करियर

यामी गौतम ने टीवी से फिल्मों की ओर लम्बा सफर तय किया है और अब वो केंद्रीय भूमिकाएं निभा रही हैं। यामी ने कुछ दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया। 2017 के बाद वो लगातार हिंदी फिल्मों में सक्रिय हैं। ऋतिक रोशन के साथ आयी काबिल, उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक, बाला और भूत पुलिस में उनके किरदार यादगार रहे।

2022 में उनकी दो फिल्में अ थर्सडे और दसवीं ओटीटी पर रिलीज हुई थीं। इन दोनों ही फिल्मों में यामी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थीं। अ थर्सडे डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आयी थी और एक बेहतरीन थ्रिलर के रूप में दर्ज हुई।

दसवीं नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन ने लीड रोल निभाया था। दसवीं सफल रही थी और पुरस्कार भी अपने नाम किये थे। फिल्मों में यामी का करियर आयुष्मान खुराना के साथ विक्की डोनर के साथ शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने एक बंगाली लड़की का रोल निभाया था। यामी अब अक्षय कुमार स्टारर ओह माई गॉड 2 में नजर आएंगी। नेटफ्लिक्स पर उनकी फिल्म चोर निकल के भागा भी आने वाली है।

यह भी पढ़ें: 'Farzi' का टाइटल ट्रैक 'सब फर्जी' हुआ रिलीज, ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड सबा ने दी अपनी आवाज