विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 साल बाद TV पर एरिका फर्नांडिस की वापसी, सास-बहू ड्रामे को 'ना' कहकर बनीं आर्मी डॉक्टर

By Smita SrivastavaEdited By: Rinki Tiwari
Published: Fri, 11 Sep 2026 04:39 PM (IST)

108: बेस हॉस्पिटल उरी से कमबैक कर रहीं एरिका फर्नांडिस ने बताया है कि आखिर क्यों उन्होंने पांच साल का ब्रेक लिया।

एरिका फर्नांडिस ने कमबैक पर तोड़ी चुप्पी। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

एरिका फर्नांडिस ने कमबैक पर तोड़ी चुप्पी। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। करीब पांच साल बाद अभिनेत्री एरिका फर्नांडिस (Erica Fernandes) टीवी शो '108 बेस हॉस्पिटल उरी' (18: Base Hospital Uri) में डॉ. मेजर नैना सान्याल की भूमिका में नजर आ रही हैं।

कश्मीर की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि में सेट यह शो युद्धभूमि से हटकर आर्मी हॉस्पिटल पर रोशनी डालता है, जहां डॉक्टर और मेडिकल टीम संघर्ष वाले क्षेत्रों से लाए गए सैनिकों का इलाज करती है और असाधारण दबाव में काम करती है। एरिका ने एक्टिंग से ब्रेक लेने, शो करने और अन्य पहलुओं पर अपनी बात रखी है।

आपने पांच साल बाद टीवी पर वापसी की है। ब्रेक लेने की क्या वजह थी?

दरअसल, उस समय मुझे जो भी ऑफर मिल रहे थे, उनमें ज्यादातर सास-बहू वाले ड्रामे थे और मुझे वो करना नहीं था। मैं पहले ही तकनीकी रूप से कहूं तो तीन उस तरह के शो कर चुकी थी और वे सभी इसी शैली के थे। इसलिए मुझे कुछ अलग करना था।

जब यह प्रोजेक्ट मेरे पास आया तो मैंने सोचा, क्यों नहीं? मैंने कभी यह नहीं कहा था कि मुझे टीवी बिल्कुल नहीं करना है। मैंने हमेशा यही सोचा कि अगर कुछ अलग और अच्छा मिलेगा तो मैं जरूर करूंगी।

पर इंतजार करना आसान नहीं होता...

जाहिर है, अभिनय से दूर रहने पर आपको उसकी कमी महसूस होती है, लेकिन मेरे लिए सही प्रोजेक्ट चुनना भी उतना ही जरूरी है। आपको यह भी दिखाना होता है कि आप क्या-क्या कर सकते हैं वरना आप एक ही तरह के किरदार में फंस जाएंगे और हमेशा बहू का किरदार ही निभाएंगे तो लोग आपको उसी रूप में देखने लगेंगे।

इसलिए इस प्रोजेक्ट में मेरा किरदार और मेरी भूमिका कुछ अलग तरह की है और मैं वही कर रही हूं। इस शो की शूटिंग कश्मीर समेत कई वास्तविक लोकेशन पर हुई है। यहां तक कि हमारी आर्मी की वर्दी भी वास्तविक वर्दी है, इसे सिर्फ कॉस्ट्यूम की तरह तैयार नहीं किया गया है।

इसके अलावा मेडिकल क्षेत्र भी मेरे लिए इस शो को चुनने की एक बड़ी वजह थी। मुझे चिकित्सा के क्षेत्र में हमेशा से काफी दिलचस्पी रही है और मैंने इस किरदार के लिए काफी तैयारी भी की। इस शो में बहुत अलग-अलग केस दिखाए गए हैं। सेना के डॉक्टर का अनुभव थोड़ा अलग हो जाता है।

erica fernandise song

वह सैनिकों के लिए काम करता है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य डाक्टर से अलग होती है, क्योंकि एक तरफ आप अपने देश के लिए काम कर रहे होते हैं और दूसरी तरफ जरूरत पड़ने पर अपनी जान तक जोखिम में डालते हैं।

इन सब चीजों को समझना हमारे लिए सीखने का अनुभव था कि कैसे बोलना है, आवाज में कैसा ठहराव रखना है, हमारा नजरिया कैसा होना चाहिए और यह सब हमारी बाडी लैंग्वेज में कैसे दिखना चाहिए। हमने ये सारी चीजें सीखीं।

टीवी के ज्यादातर लोकप्रिय कलाकार कहते हैं कि अब टीवी नहीं करना, कुछ नया प्रयोग करना है...

क्योंकि टीवी की जिंदगी बहुत मुश्किल होती है। जब आप टीवी में काम करते हैं तो आपके पास अपनी जिंदगी के लिए समय ही नहीं बचता। आप कोई दूसरा काम नहीं कर पाते। कई साल लगातार काम करने के बाद कहीं न कहीं थकान होने लगती है और फिर लगता है कि कम समय वाला काम करना बेहतर है।

मेरे लिए यह फॉर्मेट एक अच्छा संतुलन है, क्योंकि यह टीवी पर भी आ रहा है और ओटीटी पर भी। इसके साथ ही शूटिंग के दौरान हमने बिल्कुल पारंपरिक टीवी वाले तरीके से काम नहीं किया। हमारे शो को पहले शूट किया गया वरना टीवी में हर दिन कहानी और स्क्रिप्ट बदलती रहती है। हमने यहां पर सेट फॉर्मेट में शूट किया। हमें पता है कि तीन महीने इसका शूट करने के बाद दूसरा काम करेंगे।

आपके किरदार में एक प्रेम कहानी का पहलू भी दिखाया जा रहा है। आपके लिए प्यार का क्या मतलब है?

मेरे लिए प्यार का मतलब है सम्मान और सहजता। खामोशी में भी सहज महसूस करना। मतलब, अगर आप दोनों एक कमरे में बिना कुछ बोले भी एक-दूसरे के साथ सहज रह सकते हैं तो वही प्यार है।

आपने दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया, लेकिन हिंदी फिल्मों में स्थापित करने की कोशिश नहीं की...

नहीं, मेरे लिए ऐसा नहीं था कि फिल्मों में काम करना ही अंतिम मंजिल है। मैंने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी, लेकिन मेरा सोच कभी यह नहीं रहा कि मुझे सिर्फ बॉलीवुड में आना था। मेरे लिए बस इतना मायने रखता है कि जहां मुझे अच्छा प्रदर्शन करने का मौका मिले, मैं वहां काम करूं।

Erica

जब मैं फिल्मों से टीवी पर आई थी, तब भी लोगों ने मुझसे पूछा था कि आप फिल्मों से टीवी पर क्यों आ गईं? फिल्में तो अलग स्तर की होती हैं। मैंने कहा था कि ऐसा नहीं है। हर माध्यम की अपनी खासियत है और सच कहूं तो टीवी ने मुझे जो दिया है, वह फिल्मों ने कभी नहीं दिया।

दोनों माध्यम अलग हैं और हर किसी की अपनी पसंद और अपनी यात्रा होती है। टीवी की पहुंच ज्यादा है और लोगों के साथ उसका जुड़ाव भी बहुत गहरा है।

यह भी पढ़ें- शिक्षकों की डांट ने संवारी जिंदगी, गुल्की जोशी ने कहा- 'जीवन में हर वो शख्स गुरु जो सही राह दिखाए'

यह भी पढ़ें- 'इंग्लिश टीचर से नफरत थी...', छड़ी से होती थी एक्ट्रेस की पिटाई, क्लास में करती थी सिर्फ एक ही दुआ