'16 घंटे काम करना...', मां बनने के बाद शिफ्ट टाइमिंग पर अदिति शर्मा के बेबाक बोल; कलर्स के शो में आएंगी नजर
रणवीर सिंह के साथ लेडीज वर्सेज रिकी बहल में दिखीं एक्ट्रेस अदिति शर्मा टीवी पर लंबे समय के बाद लौट ...और पढ़ें

कलर्स के शो के साथ टीवी पर लौटीं अदिति शर्मा
HighLights
अदिति शर्मा ढाई साल बाद अभिनय में लौटीं
टीवी पर 16 घंटे काम करने को लेकर दिया बयान
एक्ट्रेस ने बताया-मां बनने के बाद कैसे बदलते हैं रोल
प्रियंका सिंह, मुंबई। अभिनेत्री अदिति शर्मा के लिए अभिनय सिर्फ पर्दे पर किसी पात्र को जीना नहीं, बल्कि उसके जरिये कुछ कहने का भी जरिया है। लेडीज वर्सेस रिकी बहल और अन्य फिल्मों में नजर आ चुकीं अदिति इन दिनों कलर्स के शो 'शायद यही है प्यार' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। ढाई साल के ब्रेक के बाद काम पर लौटीं अदिति के लिए यह वापसी मां बनने के बाद अपनी पहचान और पेशेवर जिंदगी के बीच संतुलन बनाने का भी सफर है।
क्या टीवी पर सास-बहू ड्रामा के बीच अपने लिए अलग भूमिका ढूंढ़ पाना कठिन होता है?
इसके लिए शो लिखने वाले और आपका उस शो का हिस्सा बनने का समय सही होना चाहिए। मैं हमेशा से महिला प्रधान और परतदार रोल करना चाहती हूं, जिसे करने में डर लगे, सेट पर नर्वस हो जाऊं। आसान काम मुझे नहीं पसंद है। मुझे वे रोल पसंद आते हैं, जो लोगों से जुड़ते हैं। पहले जब धारावाहिक गंगा की मीटिंग के लिए गई थी तो मैं आश्वस्त नहीं थी कि मुझे टीवी में काम करना है या नहीं, लेकिन उसकी कहानी सुनी तो लगा कि करना चाहिए।
अगर लगता है पात्र मुझसे जुड़ रहा है तो हां, कह देती हूं। लोग ऐसे रोल के लिए बुलाते हैं कि तुम्हें दिमाग में रखकर लिखा है। आज की आधुनिक महिलाओं का जो संघर्ष है, उसे स्क्रीन पर लाना पसंद है, जैसे इस शो में मेरे पात्र की उम्र 35 साल है, उसकी शादी नहीं हुई है तो लोग कहते हैं कि करियर छोड़ो, पहले शादी कर लो। मुझे लगा कि इससे कई महिलाएं खुद को जोड़कर देखेंगी।
![Untitled design - 2026-10-23T093956.576]()
इस पेशे में भी महिलाओं को बढ़ती उम्र काम पाने में दिक्कतें पैदा करती आई है। क्या अब कोई बदलाव महसूस करती हैं?
हां, बदलाव है, अब सीनियर कलाकारों के लिए रोल लिखे जा रहे हैं। टीवी में भी ऐसा हो रहा है। अब शादी और मां बनने के बाद भी अच्छा काम मिल रहा है। मेरे भी दो बच्चे हैं और मैं काम कर रही हूं। मुझे कई बार समझ नहीं आता है कि लड़कियों को क्यों इन दायरों में बांध दिया जाता है और पाबंदिया लगाई जाती हैं।
दो बच्चों की मां बनने के बाद सेट पर आने से पहले आप कितनी देर काम कर सकती हैं, कितनी देर नहीं, ये बातें स्पष्ट कर देती हैं?
टीवी अलग माध्यम है। अगर मैं कह दूं कि इतनी ही देर काम करूंगी और टेलीकास्ट फंस गया तो सबको नुकसान होगा। अगर उसके लिए 16 घंटे काम करना पड़े तो करना होगा। मेरी बेटी अभी दो साल की भी नहीं हैं और मैं काम पर लौट आई हूं। यह सब नहीं हो पाता, अगर मेरे पति (अभिनेता सरवर आहूजा) ने मुझे सपोर्ट नहीं किया होता। मैं ऐसी बातें सुनती थी कि मांओं का काम पर लौटना कठिन होता है। मेरी कई सहेलियां हैं, जो कार्पोरेट में काम करती हैं, वे भी काम पर नहीं लौट पाई हैं।
मैं अपने पति के कारण ऐसा कर पाई हूं। मैंने ढाई साल से काम नहीं किया था, तब मेरे पति अभिनय का काम कर रहे थे। ऐसे में जब मैंने यह शो लिया तो उन्होंने अपने काम से एक कदम पीछे लिया। आप गैरों के भरोसे अपने बच्चों को छोड़ नहीं सकते हैं। माता-पिता या स्वजन में से कोई एक बच्चे के पास होना ही चाहिए।
![Untitled design - 2026-10-23T093943.433]()
आप फिल्में कर रही थीं, उसके बाद टीवी की ओर बढ़ गईं। आज अपना निर्णय कितना सही लगता है? क्या उस वक्त ऐसा करना कठिन था?
साल 2015 में शो गंगा शुरू हुआ था। उसी साल मेरी पहली पंजाबी फिल्म अंग्रेज सुपरहिट हुई थी। मैं हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम कर रही थी। उस समय लोगों ने कहा था कि टीवी क्यों कर रही हो, लेकिन मेरे पास उस दौरान लोगों के फोन आते थे कि एक बार आकर कहानी तो सुन लो। मैं अलग तरह की भूमिकाओं की तलाश में थी। जब गंगा शो मिला तो बहुत सोचा नहीं। मुझे किसी ऐसी बड़ी फिल्म का हिस्सा नहीं बनना था, जहां मेरे करने के लिए कुछ हो ही नहीं। काम बहुत आ रहे थे, लेकिन मेरा रोल सीमित था। यहां मैं स्क्रीन टाइम की बात नहीं कर रही हूं, रोल में ही कुछ करने के लिए नहीं था। बड़े-बड़े पोस्टर पर मैं थी, लेकिन उतना काफी नहीं था।
![Untitled design - 2026-10-23T094630.658]()
आपके शो का नाम है शायद यही है प्यार। 20 की उम्र के प्यार में और अब के प्यार में क्या अंतर महसूस होता है?
शायद यही है प्यार वाला सवाल हम 20 की उम्र में कई बार किया करते थे। जब मैं स्कूल-कालेज में थी और कोई पसंद आ जाता था तो पेट में तितलियां उड़ने लगती थीं, लगता था यही प्यार है। उम्र और समय के साथ धीरे-धीरे यह और समझ आया। मैंने और मेरे पति ने एक-दूसरे को काफी समय तक डेट किया। फिर शादी कर ली। शादी को भी काफी समय हो गया है। हमारे रिश्ते में भी प्यार समय के साथ बेहतर हुआ है। अब एक-दूसरे को समझना, खयाल रखना, हमेशा एक-दूसरे के लिए मौजूद रहना यही प्यार है।



