Liger VS Karthikeya 2: 'लाइगर' की रिलीज से क्या धीमी पड़ जाएगी 'कार्तिकेय 2' के जहाज की रफ्तार?
Liger VS Karthikeya 2 लाइगर से विजय देवरकोंडा ने हिंदी डेब्यू किया है। यह उनकी पहली पैन इंडिया फिल्म है। विजय का नाम हिंदी दर्शकों के बीच भी काफी लोकप्रिय है और उन्होंने अपनी फिल्म का प्रचार भी खूब किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आखिरकार गुरुवार को इंतजार खत्म हुआ और विजय देवरकोंडा की फिल्म लाइगर- द हंट बिगिंस सिनेमाघरों में रिलीज हो गयी। पुरी जगन्नाथ निर्देशित इस फिल्म से विजय की हिंदी सिनेमा में पारी का आगाज हुआ है। विजय का नाम हिंदी बेल्ट में अपरिचित नहीं है, मगर बतौर लीड एक्टर यह उनकी पहली हिंदी फिल्म है। लाइगर हिंदी और तेलुगु के साथ तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज की गयी है।
लाइगर की रिलीज से एक और तेलुगु फिल्म कार्तिकेय 2 का सफर धीमा पड़ सकता है, जिसका हिंदी वर्जन इस वक्त सिनेमाघरों में धमाल मचा रहा है। कार्तिकेय 2 को लाइगर से हिंदी के साथ तेलुगु बॉक्स ऑफिस पर भी कड़ी टक्कर मिलेगी। कार्तिकेय 2 ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर अब तक लगभग 18.40 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। कार्तिकेय 2 दूसरे हफ्ते में चल रही है।
View this post on Instagram
फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 2.46 करोड़, शनिवार को 3.04 करोड़, रविवार तो 4.07 करोड़, सोमवार को 98 लाख मंगलवार को 1.15 करोड़ और बुधवार को 95 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया था। फिल्म वर्ल्डवाइड 80 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है और जल्द 100 करोड़ के पड़ाव तक पहुंच सकती है। हिंदी बेल्ट में कार्तिकेय 2 की कामयाबी आंकड़ों के हिसाब से भले ही ज्यादा बड़ी ना दिखे, मगर इस फिल्म के बजट और कलेक्शंस में उछाल बताते हैं कि कार्तिकेय 2 इसके निर्माताओं के लिए मुनाफे का सौदा साबित हुई है।
View this post on Instagram
कार्तिकेय में निखिल सिद्धार्थ ने लीड रोल निभाया है, जबकि अनुपम खेर ने कैमियो किया है। बुधवार को अनुपम खेर ने फिल्म की सक्सेस को लेकर खुशी भी जाहिर की थी।
लाइगर लगभग 2500 स्क्रींस पर रिलीज की गयी है। पहले दिन के ट्रेंड को देखते हुए लाइगर 20 करोड़ से अधिक की ओपनिंग सभी भाषाओं में ले सकती है। अब यह गुरुवार के कलेक्शंस से पता चलेगा कि कार्तिकेय 2 का बिजनेस लाइगर से कितना प्रभावित हुआ है। कार्तिकेय 2 के आगे का सफर काफी हद तक लाइगर की रफ्तार पर निर्भर करेगा। हालांकि, हिंदी बेल्ट में माना जा रहा है कि फिल्म को 3-5 करोड़ की कमाई पहले दिन हो सकती है।