Move to Jagran APP

Box Office Report: 500 करोड़ की 'पठान' के बावजूद 2022 से कमजोर रही 2023 की पहली तिमाही, फ्लॉप की लगी है लाइन

Box Office Report First Quarter January To March 2023 साल की पहली तिमाही में अगर पठान रिलीज ना होती तो बॉक्स ऑफिस की हालत की कल्पना करना भी मुश्किल है। ऐसा लगता है कि जनवरी से मार्च के बीच फिल्में फ्लॉप होने के लिए ही रिलीज हुईं।

By Manoj VashisthEdited By: Manoj VashisthPublished: Fri, 31 Mar 2023 08:48 PM (IST)Updated: Fri, 31 Mar 2023 08:48 PM (IST)
Box Office Report: 500 करोड़ की 'पठान' के बावजूद 2022 से कमजोर रही 2023 की पहली तिमाही, फ्लॉप की लगी है लाइन
Box Office Report First Quarter January To March. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। खैर मनाइए कि शाह रुख खान की फिल्म 'पठान' ने साल 2023 की पहली तिमाही को कुछ संभाल लिया। अगर इस फिल्म को पहली तिमाही से निकाल दें तो बॉक्स ऑफिस की हालत चिंताजनक है। 'पठान' के अलावा रणबीर कपूर की 'तू झूठी मैं मक्कार' ने कुछ हद तक इंडस्ट्री को राहत दी है।

loksabha election banner

इन दोनों फिल्मों को छोड़ दें तो इस अवधि में रिलीज हुई ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर रही हैं। अजय देवगन की 'भोला', तेलुगु फिल्म 'दसरा' और हॉलीवुड फिल्म 'डंजंस एंड ड्रैगंस' 30 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंची हैं, इसलिए इन्हें पहली तिमाही की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया है।

2022 से भी बदतर पैटर्न 

फिल्मों के चलने का पैटर्न देखें तो यह 2022 से भी बदतर नजर आ रहा है। पिछले साल जनवरी में कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई थी। सिर्फ फरवरी और मार्च में ही फिल्में रिलीज हुई थीं, लेकिन इस बार जनवरी से ही फिल्में सिनेमाघरों में लगना शुरू हो गयी थीं। इसके बावजूद हिट कम फ्लॉप अधिक हैं।

साल की पहली बड़ी रिलीज 'कुत्ते' थी, जिसमें अर्जुन कपूर और तब्बू जैसे चर्चित सितारों ने लीड रोल निभाये। विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज की निर्देशकीय डेब्यू फिल्म बॉक्स ऑफिस पर करीब चार करोड़ ही कमा सकी और फ्लॉप रही। इसके बाद 25 जनवरी को आयी 'पठान' ने कमाई के रिकॉर्ड धराशायी करके नये कीर्तिमान बनाये।

हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई फिल्म ने सिर्फ हिंदी भाषा में 540 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है, जबकि वर्ल्डवाइड फिल्म की कमाई 1000 करोड़ से अधिक रही है। 'पठान' को ट्रेड ने हिट का दर्जा दिया है, क्योंकि इसका बजट 200 करोड़ से अधिक है।

फेल रहे अक्षय, कार्तिक

पिछले साल जिन सितारों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म किया था, उनमें कार्तिक आर्यन का नाम भी शामिल था, मगर 'भूल भुलैया 2' जैसी हिट देने के बाद भी 17 फरवरी को रिलीज हुई कार्तिक की फिल्म 'शहजादा' फ्लॉप रही। अक्षय कुमार की शुरुआत भी निराशाजनक रही। 2022 में अक्षय की एक भी फिल्म नहीं चली। यह सिलसिला इस साल भी जारी रहा। 24 फरवरी को आयी 'सेल्फी' ने बॉक्स ऑफिस पर पानी नहीं मांगा।

8 मार्च को होली के मौके पर रिलीज हुई रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की रोमांटिक ड्रामा 'तू झूठी मैं मक्कार' ने जरूर पठान के बाद लड़खड़ाये बॉक्स ऑफिस को संभाला। यह फिल्म 130 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन कर चुकी है। 'तू झूठी मैं मक्कार' के बाद रिलीज हुईं 'ज्विगाटो', 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' और 'भीड़' आश्वचर्यजनक रूप से फ्लॉप रहीं। 

हॉलीवुड फिल्मों ने थामा हाथ

इस अवधि में रिलीज हुईं हॉलीवुड फिल्में फिर भी रकम जोड़ने में कामयाब रहीं। 17 फरवरी को आयी 'एंटमैन एंड द वास्प- क्वांटमेनिया' ने लगभग 42 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वहीं, 24 मार्च को रिलीज हुई 'जॉन विक 4', 36 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन कर चुकी है। 

नहीं गली साउथ की दाल

साउथ सिनेमा की फिल्में भी हिंदी दर्शकों को लुभाने असफल रहीं। 11 जनवरी को रिलीज हुई विजय स्टारर 'वारिसु' हिंदी वर्जन से महज 7 करोड़ के आसपास बटोर पायी। वहीं, 17 मार्च को रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'कब्जा' का हिंदी वर्जन पूरी तरह वॉश आउट रहा। 

2022 की पहली तिमाही में रिलीज हुई फिल्मों को याद करें तो 'गंगूबाई काठियावाड़ी', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'आरआरआर' ने अपने प्रदर्शन से स्थिति को काफी संभाला। आलिया भट्ट की 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने 128 करोड़, 'द कश्मीर फाइल्स' ने 252 करोड़ और 'आरआरआर' ने 277 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.