Explainer: पहले ऐश्वर्या, अब कटरीना: 'मां' बनने के बाद अभिनेत्रियों पर समाज का ये 'हक' कैसा?
हाल ही में कटरीना कैफ (Katrina Kaif) को मां बनने के बाद बढ़े वजन के लिए ट्रोल किया गया, जो पहले ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ भी हुआ था।

मां बनने की सजा झेलतीं अभिनेत्रियां?
HighLights
कटरीना कैफ को वजन बढ़ने पर ट्रोल किया गया
कब बदलेगी समाज की संकीर्ण सोच?
ऐश्वर्या राय भी हुई थीं इसी ट्रोलिंग का शिकार
अंकित सिंह तोमर, नई दिल्ली। अरे रे, अब तो इसका करियर खत्म हो गया, अरे ये कैसी लग रही है, कितना वजन बढ़ गया है?... बस यही सोच है जो आज सोशल मीडिया पर नजर आ रही है। मनोरंजन जगत में एक हीरोइन को हर वक्त सही दिखने के लिए कितना प्रेशर झेलना पड़ता है, ये आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं। अगर वो मेकअप में है, तो ज्यादा मेकअप किया है। अगर कपड़े छोटे हैं, तो वह ज्यादा बोल्ड है।
अगर फुल कपड़े पहने हैं तो ढोंग कर रही है। मतलब बॉलीवुड अभिनेत्रियों को समाज की संकीर्ण सोच का शिकार बार-बार होना पड़ा है। कोई अभिनेत्री अगर मां बन गई है और वजन बढ़ गया है, तो समझ लीजिए ये सोशल मीडिया के ठेकेदार सीधा फैसला सुना देते हैं। ना तो तारीख और ना ही कोई सुनवाई... बस फैसला कि अब तो इसका करियर खत्म हो गया।
ऐश्वर्या राय से लेकर कटरीना कैफ तक, कई अभिनेत्रियों को इसका शिकार होना पड़ा है। आज बात इसी पर कि 'मां' बनने के बाद अभिनेत्रियां निम्न स्तर की सोच का शिकार क्यों और क्यों उन पर ये 'हक'?
क्या है ये मुद्दा?
दरअसल हाल ही में अभिनेत्री कटरीना कैफ अंबानी परिवार के गणेश उत्सव में पहुंची थीं। यहां कटरीना के साथ उनके पति विक्की कौशल भी साथ थे। कटरीना ग्रीन कलर के अनारकली ड्रेस में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, पर किसे पता था कटरीना की इन तस्वीरों और वीडियोज पर सोशल मीडिया के ठेकेदार अपना वर्डिक्ट सुनाने आएंगें।

कटरीना की तस्वीरें जैसे ही इंटरनेट पर वायरल होना शुरू हुईं, तो लोगों ने उन्हें उनके बढ़े वजन के चलते ट्रोल करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब लोगों ने भद्दे कमेंट्स करने शुरू कर दिए। हम आपको वह कमेंट्स दिखा भी नहीं सकते हैं, अब आप इसी ये अंदाजा लगाइए कि ट्रोलर्स का स्तर कितना गिरा हुआ रहा होगा।
कुछ लोगों ने कटरीना की इन तस्वीरों को देखकर रील्स बनाईं और कह डाला कि End Of An Era मतलब कटरीना का करियर ही खत्म हो गया। मतलब इनके मुताबिक एक महिला एक अभिनेत्री मां बन गई, तो क्या उसका करियर बर्बाद हो गया?
मां बाद में, पहले अभिनेत्री हो?
दरअसल इंटरनेट पर कुछ वर्ग के लोगों की समस्या ये है कि उनके मुताबिक कोई भी अभिनेत्री 'परफेक्ट शेप' के बाहर ना दिखे। मतलब हीरोइनें अगर फिल्में करती हैं, ग्लैमर वर्ल्ड से आती हैं, तो जाहिर उन्हें आम लोगों की तरह जीने का हक नहीं है। ना वो आम महिलाओं की तरह बाहर घूम सकती हैं और ना आम महिलाओं की तरह दिख सकती हैं और अपना जीवन जी सकती हैं।

अगर वह अभिनेत्री है, तो उसे हर 24*7 सिर्फ एक्ट्रेस बनकर ही रहना होगा। इसी समस्या से इंटरनेट और ट्रोलर्स ग्रसित हैं। कटरीना कैफ ने साल 2025 में दिसंबर महीने में बेटे विहान को जन्म दिया है। इसके बाद कटरीना का वजन बढ़ गया, जो अमूमन महिलाओं के साथ होता है। कटरीना अपना परिवार के साथ वक्त बिता रही हैं, बेटे पर ध्यान दे रही हैं।
अब कटरीना अपना वजन घटाएं या बढ़ाएं, ये उनकी च्वॉइस हो सकती है, लेकिन इंटरनेट शायद कटरीना के बढ़े वजन से Obssesed हो चुका है। शायद मां बनने के ट्रोलर्स और संकीर्ण सोच वाले लोग ये हजम नहीं कर पा रहे हैं कि कटरीना अभिनेत्री होने के साथ-साथ एक मां भी हैं। हालांकि महज कटरीना ही इसका शिकार नहीं हुई हैं। कटरीना से पहले कुछ यही ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ भी हुआ था।

ऐश्वर्या भी हुईं इसी ट्रोलिंग का शिकार
वैसे कटरीना कैफ से पहले इंटरनेट पर कुछ ऐसा ही ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai Bachchan) को लेकर भी हुआ। हालांकि तब सोशल मीडिया का जमाना ज्यादा नहीं था, लेकिन हां ऐश्वर्या के बढ़े वजन से भी लोगों को कुछ ज्यादा ही आपत्ति हो गई थी। ऐश्वर्या भी 'पॉस्ट-प्रेग्नेंसी वेट' (Post-pregnancy weight) के चलते ट्रोल हुईं। साल 2011 में ऐश्वर्या ने बेटी आराध्या बच्चन को जन्म दिया था।
इसके बाद साल 2012 में ऐश्वर्या Cannes फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनीं थीं। ब्लू कलर के गाउन में ऐश्वर्या ने अपने उसी कॉन्फिडेंस के साथ ग्रेसफुली रेड कारपेट पर वॉक किया। ऐश्वर्या के स्टाइल स्टेटमेंट में कोई कमी नहीं आई, लेकिन स्टेटमेंट पास करने वालों को यह रास नहीं आया। ऐश्वर्या को जमकर ट्रोल किया गया।
-1789985665613.webp)
इसके बाद ऐश्वर्या ने ट्रोलर्स की बोलती भी बंद की और कहा कि इस दौर से हर मां को गुजरना होता है। ऐश्वर्या के बाद यह नेहा धूपिया, करीना कपूर खान, समीरा रेड्डी और बिपाशा बासु समेत कई एक्ट्रेसेस ऐसी ट्रोलिंग का शिकार हुईं। हालांकि बाद में इन्हीं एक्ट्रेसेस ने अपना वजन घटाकर ट्रोलर्स की बोलती भी बंद की।
हार्डवर्किंग हैं कटरीना
कटरीना कैफ (Katrina Kaif) को लेकर जो बवाल इंटरनेट पर कटा, ये एक निचली स्तर की सोच को दिखाता है। जो लोग कटरीना को ट्रोल कर रहे हैं या कर रहे थे, वह यह भूल गए कि यह वही कटरीना हैं जो हमेशा अपने परफेक्ट बॉडी को लेकर चर्चा में रहीं। कटरीना घंटों जिम में पसीना बहाती हैं, खूब वर्कआउट करती हैं।

आपको याद ही होगा कि कैसे एक बार आलिया भट्ट (Alia Bhatt) ने इंस्टाग्राम पर बताया कि कटरीना उन्हें वर्कआउट के लिए मोटिवेट करती हैं। कटरीना ने खड़े होकर आलिया से अपने सामने वर्कआउट कराया। कटरीना के कई को-स्टार्स इस बात को मान चुके हैं, कि वह बेहद हार्डवर्किंग हैं और खूब मेहनत करती हैं।
कटरीना के गानों की लिस्ट अगर आप उठाकर देखेंगे तो समझ पाएंगे कि कटरीना जैसी बॉडी पाने के लिए हर महिला उम्मीद लगाती है, पर जब मां बनने के बाद कटरीना का वजन बढ़ा तो लोग वह सब भूल गए।

मातृत्व का जश्न या 'परफेक्शन' का तराजू?
आमतौर पर ग्लैमर इंडस्ट्री में महिलाओं से हमेशा यह उम्मीद की जाती है कि वह हर वक्त 'पिक्चर परफेक्ट' दिखें। इंस्टाग्राम और रील्स के दौर में लोगों को लगता है कि डिलीवरी के कुछ ही हफ्तों बाद एक्ट्रेसेस को वापस से जीरो साइज या एब्स में दिखना चाहिए। वजन घटाना या बढ़ाना यह हर किसी का अपना निजी अधिकार है।
कई अभिनेत्रियां मां बनने के बाद अपने शरीर को ठीक होने के लिए पूरा समय देना चाहती हैं और तुरंत क्रैश डाइट या सख्त वर्कआउट से बचती हैं। लेकिन समाज इसे उनकी 'नाकामी' या 'लापरवाही' का नाम दे देता है और वही कटरीना के साथ हुआ। कटरीना को लेकर ट्रोलिंग जब ज्यादा बढ़ी तो इंड्स्ट्री के तमाम लोगों ने कटरीना के बचाव में पोस्ट किए।

यहां तक कि सलमान खान (Salman Khan) ने तो नेशनल टेलीविजन पर खुलेआम कटरीना को इनडायरेक्टली सपोर्ट किया और ट्रोलर्स की ऐसी क्लास लगाई कि 'भाईजान' इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगे। सलमान ने शर्टलेस होकर और अपनी बॉडी दिखाते हुए ट्रोलर्स को लताड़ा।
कटरीना कैफ करीब 26 साल सालों से इस इंड्स्ट्री का हिस्सा हैं। अनगिनत फिल्में की हैं, अपना नाम बनाया है। विदेश से आना, हिंदी सीखना, एक्टिंग करना और फिर नंबर वन एक्ट्रेस की कुर्सी पर आकर काबिज होना। यह सफर आसान तो कटरीना के लिए कतई नहीं रहा है।
इसके बाद कटरीना ने अपना खुद का ब्यूटी ब्रांड लॉन्च किया, जिसकी कीमत 350 करोड़ से ज्यादा आंकी गई है और इस सबके बाद जब कटरीना कैफ के मातृत्व और उनके लुक्स को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की चर्चाएं और बॉडी शेमिंग शुरू हुई, तो इससे ये तो बिल्कुल साफ हो गया कि इन बीते सालों में टेक्नोलॉजी और प्लेटफॉर्म तो बदल गए, लेकिन लोगों की मानसिकता जहां की तहां खड़ी है और हर बार की तरह इस बार भी इस पर सिर्फ बहस ही हो रही है।
यह भी पढ़ें- 'मैंने मजाक...' पाकिस्तानी आरजे ने Katrina की बॉडी शेमिंग करने पर मांगी माफी, भाईजान के जवाब के बाद आया रिएक्शन
यह भी पढ़ें- 14 साल पहले मां बनने के बाद Aishwarya के बढ़े वजन पर छिड़ा था विवाद, एक्ट्रेस ने कर दी थी ट्रोलर्स की बोलती बंद
यह भी पढ़ें- 'अपनी शक्ल देखो...' कटरीना की बॉडी शेमिंग पर भड़के Salman Khan? 'बिग बॉस 20' में शर्ट उतारकर ट्रोलर्स को दिया चैलेंज
