'संजू' में बिना कुछ किये संजय दत्त ने बना दिया ऐसा रिकॉर्ड, रणबीर भी पीछे नहीं
यही रणबीर कपूर की सबसे बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने एक ऐसी पर्सनैलिटी को पर्दे पर निभाने का जोख़िम उठाया है...
मुंबई। राजकुमार हिरानी की फ़िल्म 'संजू' बॉक्स ऑफ़िस पर कौन से रिकॉर्ड बनाएगी और कौन से तोड़ेगी, यह पता चलने में अभी कुछ दिन बाक़ी हैं। मगर संजय दत्त और उनका किरदार निभाने वाले रणबीर कपूर, दोनों ने एक दिलचस्प रिकॉर्ड ज़रूर बना लिया है।
संजय दत्त पहले ऐसे जीवित एक्टर बन गये हैं, जिनकी ज़िंदगी को सिल्वर स्क्रीन पर दिखाया जा रहा है। संभवत: वो बॉलीवुड के भी पहले एक्टर होंगे, जिनकी ज़िंदगी पर फ़िल्म आ रही है। वहीं, रणबीर कपूर पहले ऐसे अभिनेता बन चुके हैं, जिन्हें किसी जीवित सिनेमाई शख़्सियत को बड़े पर्दे पर निभाने का मौक़ा मिला है। ...और यही रणबीर कपूर की सबसे बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने एक ऐसी पर्सनैलिटी को पर्दे पर निभाने का जोख़िम उठाया है, जिसे बच्चा-बच्चा जानता और पहचानता है। वो कैसे चलता है, कैसे बात करता है, कैसे रोता है और कैसे हंसता है। इंडस्ट्री में 37 साल गुज़ार चुके संजय की मांसपेशियों की एक-एक हरकत से सिनेप्रेमी वाकिफ़ हैं।
यह भी पढ़ें: रेस 3 के बावजूद काजोल की इस सुपरहीरो फ़िल्म ने कर ली इतनी कमाई
रणबीर से संजय के हाव-भाव की तुलना होना लाज़िमी है। हालांकि 'संजू' के ट्रेलर से यह अंदाज़ा तो लग गया है कि संजय दत्त बनने के लिए रणबीर ने पूरा ज़ोर लगा दिया है, मगर वास्तव में वो 'संजू' बनने में कितना सफल हुए, यह फ़िल्म की रिलीज़ के बाद ही पता चल सकेगा। सिनेमा की दुनिया से संजय दत्त भले ही अकेले ऐसे सेलेब्रिटी हों, जो किसी और को अपनी ज़िंदगी जीते हुए अपनी आंखों से देखेंगे, मगर जीवन के बाक़ी क्षेत्रों में ऐसी पर्सनैलिटीज़ की कमी नहीं है, जिनके जीते-जी उनकी बायोपिक फ़िल्म बनायी गयी हो। यहां ऐसी ही बायोपिक फ़िल्मों का ज़िक्र, जो किसी जीवित शख्स पर बनायी गयी हैं।
संदीप सिंह- सूरमा
ऐसी ही एक बायोपिक है 'सूरमा', जिसके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह बतौर निर्माता पारी शुरू कर रही हैं। 'सूरमा' संदीप सिंह नाम के एक ऐसे हॉकी खिलाड़ी की दास्ताने-ज़िंदगी है, जिसने पैरालाइज़ होने के बावजूद खेल के लिए अपना जज़्बा नहीं खोया और कुछ साल व्हीलचेयर पर बिताने के बाद वापस खेल के मैदान में खड़ा दिखायी दिया। साहस और लगन की इस बेजोड़ कहानी में संदीप सिंह का किरदार पंजाबी एक्टर दिलजीत दोसांझ निभा रहे हैं। फ़िल्म को शाद अली ने निर्देशित किया है।
तापसी पन्नू भी हॉकी खिलाड़ी के किरदार में हैं, जो संदीप सिंह का सहारा बनती है। 'सूरमा' हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फ़िल्म है। 2006 में संदीप सिंह को ट्रेन में यात्रा के दौरान ग़ल्ती से गोली लग गयी थी। दो दिन बाद उन्हें हॉकी वर्ल्ड कप के लिए जाना था। फ़िल्म इसी साल 13 जुलाई को रिलीज़ होगी।
इनकी ज़िंदगी आप देख चुके हैं
महावीर सिंह फोगाट- दंगल
'दंगल' में हरियाणा के कुश्ती चैंपियन और कोच महावीर फोगाट की ज़िदगी को आमिर ख़ान ने बड़ी कामयाबी के साथ पर्दे पर उतारा। फ़िल्म में महावीर की बेटियों गीता और बबीता के कुश्ती चैंपियन बनने की कहानी को प्रमुख रूप से दिखाया गया था। नितेश तिवारी निर्देशित यह फ़िल्म हिंदी सिनेमा की सबसे कामयाब फ़िल्मों में से एक है।
महेंद्र सिंह धोनी- एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी
निर्देशक नीरज पांडेय ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' बनायी। इस फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने लीड रोल निभाया, जबकि कियारा आडवाणी उनकी पत्नी साक्षी के किरदार में थीं। दिशा पाटनी ने धोनी की गर्लफ्रेंड का किरदार प्ले किया था। अनुपम खेर उनके पिता के रोल में थे। हालांकि इस फ़िल्म में धोनी के जीवन से जुड़े विवादों को जगह नहीं दी गयी थी।
मैरी कॉम- मैरी कॉम
2008 में वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप अपने नाम करने वाली बॉक्सर 'मैरी कॉम' की ज़िंदगी को कामयाबी के साथ पर्दे पर प्रियंका चोपड़ा ने उतारा। 2012 में मैरी ने समर ओलंपिक खेलों में भारत को ब्रांज मैडल दिलाया। उमंग कुमार निर्देशित फ़िल्म में मैरी के संघर्ष और उपलब्धियों की तस्वीर खींची गयी थी। फ़िल्म में दर्शन कुमार ने मैरी के पति का किरदार प्ले किया। दर्शन का यह बॉलीवुड डेब्यू था।
मिलखा सिंह- भाग मिलखा भाग
जीवित पर्सनैलिटीज़ पर बायोपिक बनाने की शुरुआत मौजूदा दौर में लीजेंडरी एथलीट मिलखा सिंह से हुई, जिनकी ज़िंदगी पर बनी बायोपिक 2013 में आयी थी। राकेश ओमप्रकाश मेहरा निर्देशित 'भाग मिलखा भाग' में फ़रहान अख़्तर ने मिलखा का किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए फ़रहान की मेहनत की सभी ने तारीफ़ की। 'भाग मिलखा' भाग उनकी बायोग्राफी द रेस ऑफ़ माय लाइफ़ से प्रेरित फ़िल्म है, जिसे मिलखा ने बेटी सोनिया सनवाल्का के साथ मिलकर लिखा था।
मौहम्मद अज़हरुद्दीन- अज़हर
2016 में आयी अज़हर पूर्व क्रिकेटर मौहम्मद अज़हरुद्दीन की बायोपिक फ़िल्म है। हालांकि अज़हर में अज़हरुद्दीन के कुछ वर्षों को ही कवर किया गया था, जब वो बेटिंग के आरोपों की वजह से क़ानूनी मसले में फंसे थे। फ़िल्म में इमरान हाशमी ने अज़हरुद्दीन का किरदार प्ले किया था, जबकि प्राची देसाई ने उनकी बेगम का रोल निभाया और नर्गिस फ़ाख़री ने संगीता बिजलानी का रोल प्ले किया। फ़िल्म में लारा दत्ता वक़ील के रोल में थीं।
अरुणाचलम मुरुगनाथम- पैडमैन
फरवरी में रिलीज़ हुई 'पैडमैन' में अक्षय कुमार अरुणाचलम मुरुगनाथम के किरदार में नज़र आये। ये फ़िल्म अरुणाचलम की बायोपिक है। अरुणाचलम ने कम क़ीमत के सेनेटरी पैड्स बनाने की विधि की खोज करके आधी आबादी के लिए को बहुत बड़ी सहूलियत दी है। अरुणाचलम गुमनाम हीरो थे, जिनके बारे में लोगों को तभी पता चला, जब ट्विंकल खन्ना ने इस पर फ़िल्म बनाने का सोचा और अक्षय कुमार लीड रोल में फ़ाइनल हुए। आर बाल्की निर्देशित इस फ़िल्म में राधिका आप्टे मुरुगनाथम की पत्नी शांति के किरदार में नज़र आयीं, जिनकी माहवारी की दिक्कत को समझने के बाद उन्होंने इससे निपटने का उपाय खोजने का बीड़ा उठाया और इसी प्रक्रिया में वो हीरो बन गये।
पाइपलाइन में हैं ये बायोपिक
अभिनव बिंद्रा
अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर शूटिंग में ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने वाले अभिनव बिंद्रा की बायोपिक बिंद्रा में शीर्षक किरदार निभा रहे हैं। इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। फ़िल्म अगले साल रिलीज़ हो सकती है। फ़िल्म में अनिल कपूर भी एक अहम रोल में हैं।
सान्या नेहवाल
बैडमिंटन की दुनिया में नाम कमाने वाली सान्या नेहवाल की ज़िंदगी को बड़े पर्दे पर उतारेंगी श्रद्धा कपूर। इस फ़िल्म के श्रद्धा काफ़ी मेहनत कर रही हैं। ख़बर आयी थी कि श्रद्धा ने फ़िल्म छोड़ दी है, मगर ताज़ा अपडेट के अनुसार वो इस बायोपिक का हिस्सा हैं।
आनंद कुमार- सुपर 30
पटना में चलने वाली सुपर 30 कोचिंग का नाम सभी ने सुना होगा। ग़रीब तबके से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को इस कोचिंग में पढ़ाकर उन्हें इस काबिल बनाया जाता है कि आईआईटी जैसी मुश्किल प्रवेश परीक्षा पास कर सकें। इस कोचिंग को आनंद कुमार संचालित करते हैं, जो मूल रूप से मैथमैटिशिन हैं और ख़ुद ग़रीबी की वजह से उच्च शिक्षा का मौक़ा पाने से वंचित रह गये थे। आनंद ने अपनी कसक को ही जीवन का लक्ष्य बना लिया। आनंद की सुपर 30 कोचिंग का परिणाम शत-प्रतिशत रहता है। अब उन पर बन रही फ़िल्म को विकास बहल डायरेक्ट कर रहे हैं। फ़िल्म में रितिक रोशन आनंद कुमार के किरदार में नज़र आएंगे। फ़िल्म अगले साल जनवरी में रिलीज़ होने वाली है।
यह भी पढ़ें: संजय दत्त की ज़िंदगी के लिए ख़ुद को ज़िम्मेदार मानते थे सुनील दत्त