Box Office: वीकेंड में 'रेस 3' पर भारी पड़ी काजोल की हॉलीवुड फ़िल्म, Incredible कमाई
अगर इस साल रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्मों की बात करें तो सबसे कामयाब फ़िल्म एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर है।
मुंबई। सलमान ख़ान की 'रेस 3' की रफ़्तार बॉक्स ऑफ़िस पर धीमी होने और कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ ना होने से हॉलीवुड सुपरहीरो फ़िल्म 'इनक्रेडिबल्स 2' को ज़बर्दस्त फ़ायदा हुआ है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में छप्पर फाड़ कमाई की है। इस एनीमेशन फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न में लीड फीमेल करेक्टर को काजोल ने आवाज़ दी है।
'रेस 3' ईद के मौक़े पर 15 जून को रिलीज़ हुई थी। ईद पर सलमान ख़ान की फ़िल्मों की कामयाबी के इतिहास को देखते हुए 22 जून को कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई। हॉलीवुड एनीमेशन फ़िल्म द इनक्रेडिबल्स 2 ही सिनेमाघरों में उतरी, जिसने 3.85 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली, जबकि शनिवार को 6.49 करोड़ रुपए और रविवार को 7.51 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। रिलीज़ के तीन दिनों में 'इनक्रेडिबल्स 2' ने 17.85 करोड़ रुपए नेट जमा किये, जबकि 22.89 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। गौरतलब है कि अपन पहले वीकेंड में 'इनक्रेडिबल्स 2', सलमान की 'रेस 3' पर भारी पड़ी है, जिसने दूसरे वीकेंड में सिर्फ़ 15.30 करोड़ रुपए जमा किये।
फ़िल्म कारोबार से जुड़े एक्सपर्ट बताते हैं कि भारत में इतने करोड़ का ओपनिंग वीकेंड करने वाली डिज़्नी-पिक्सर की यह पहली फ़िल्म है। साथ ही इस सोच को भी ग़लत साबित करती है कि भारत में एनीमेशन फ़िल्में सिनेमाघरों में नहीं चलतीं। बता दें कि 'इनक्रेडिबल्स 2' देश में अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ की गयी है। हिंदी में फ़िल्म के मुख्य फीमेल किरदार हेलेन पार यानि इलास्टिगर्ल को काजोल ने आवाज़ दी है। यह एक सुपरहीरो एनीमेशन फ़िल्म है, जिसका प्रीक्वल 'इनक्रेडिबल्स' 2004 में रिलीज़ हुआ था। बताते चलें कि 'इनक्रेडिबल्स' के लीड करेक्टर के लिए शाह रुख़ ख़ान ने हिंदी वॉयसओवर किया था।
उधर, इससे पहले 7 जून को रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्म 'जुरासिक वर्ल्ड फॉलन किंगडम' ने देश में 117 करोड़ का बिज़नेस कर लिया है। इस फ़िल्म के कलेक्शन के बाद भारत में टॉप 10 हॉलीवुड फ़िल्मों की लिस्ट में बदलाव हो गया है। इस लिस्ट में 'जुरासिक वर्ल्ड फॉलन किंगडम' छठे पायदान पर आ गयी है। इरफ़ान ख़ान स्टारर 'लाइफ़ ऑफ़ पाई' 88 करोड़ का कलेक्शन करके इस लिस्ट में 10वें स्थान पर थी, जो अब टॉप 10 की लिस्ट से बाहर हो गयी है। (Top 10 List नीचे दी गयी है)
अगर इस साल रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्मों की बात करें तो सबसे कामयाब फ़िल्म 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' है। 27 अप्रैल को रिलीज़ हुई इस फ़िल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 222 करोड़ से ज़्यादा कलेक्शन किया, जो किसी भी हॉलीवुड फ़िल्म के लिए एक रिकॉर्ड है। 18 मई को रिलीज़ हुई 'डेडपूल2' ने 48 करोड़ रुपए बटोरे थे, जबकि 'रैम्पेज' 26.50 करोड़ पर ही अटक गयी। 'ब्लैक पैंथर' ने लगभग 38 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि 'द पोस्ट' सिर्फ़ 4.17 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी।
भारत में टॉप 10 हॉलीवुड फ़िल्मों की अंतिम लिस्ट इस प्रकार है-
10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- 96 करोड़
9. स्पायडरमैन 3- 100 करोड़
8. 2012- 102 करोड़
7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- 111 करोड़
6. जुरासिक वर्ल्ड- फॉलन किंगडम- 117 करोड़
5. जुरासिक वर्ल्ड- 152 करोड़
4. अवतार- 145 करोड़
3. फ्यूरियस 7- 172 करोड़
2. जंगल बुक- 188 करोड़
1. एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर- 222.69 करोड़