विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Shah Rukh Khan की 'चक दे इंडिया' से काटे गए थे 6 दिन के सीन्स, एक्ट्रेस विद्या मालवडे का छलका दर्द

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:59 PM (IST)

अभिनेत्री विद्या मालवडे (Vidya Malwade) ने फिल्मों में सीन्स काटे जाने और माइक्रोड्रामा से नई शुरुआत करने पर बात की है।

माइक्रोड्रामा सीरीज से विद्या का डेब्यू

माइक्रोड्रामा सीरीज से विद्या का डेब्यू

HighLights

  1. विद्या मालवडे ने 'स्कैम 2024' से माइक्रोड्रामा में डेब्यू किया

  2. विद्या ने ऑनलाइन फ्रॉड का पर्सनल अनुभव किया शेयर

  3. शाह रुख की फिल्म से काटे गए थे विद्या के सीन्स

प्रियंका सिंह, मुंबई। यह साल अभिनेत्री विद्या मालवडे (Vidya Malwade) के लिए नए अनुभवों और नए माध्यमों को आजमाने वाला रहा है। उन्होंने स्टोरी टीवी की माइक्रोड्रामा सीरीज स्कैम 2024: द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी (Scam 2024: The Digital Arrest Story) से इस प्लेटफॉर्म पर कदम रखा, वहीं म्यूजिकल शो मेरी गो राउंड- लेट्स ब्लेम इट ऑन बालीवुड के जरिए थिएटर में अभिनय किया।

पहले ठुकरा चुकी हैं कई ऑफर्स

विद्या मालवडे कहती हैं कि नए अनुभवों से गुजरना हर कलाकार ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। माइक्रोड्रामा के ऑफर पहले भी आए थे, लेकिन उस समय मुझे इस माध्यम की बहुत ज्यादा समझ नहीं थी, इसलिए गंभीरता से नहीं लिया। जब स्कैम 2024 की कहानी आई तो उसका विषय मुझे बहुत प्रासंगिक लगा। मेरे घर में भी ऐसा फ्रॉड हो चुका है। हम अक्सर सोचते हैं कि यह घटनाएं हमारे साथ नहीं होंगी, लेकिन एक छोटी सी गलती हमारी सारी जमा-पूंजी खत्म कर सकती है।

Vidya Malwade movies

शुरुआत में मुझे हैरानी इस बात पर हुई कि 90 पेज की स्क्रिप्ट को तीन-चार दिनों में कैसे पूरा किया जाएगा।  हालांकि, किसी भी माध्यम में किरदार को तैयार करने के लिए कलाकार को उतनी ही मेहनत करनी पड़ती है, अंतर केवल शूटिंग के तरीके में होता है। माइक्रोड्रामा में चार कैमरों के साथ शूटिंग होती है और कई बार पूरा सीन या एपिसोड एक मिनट में शूट हो जाता है। कई बार तो एक ही टेक में काम पूरा करना पड़ता है।

ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी घटना

आगे ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी घटना के बारे में बताते हुए विद्या ने कहा कि करीब डेढ़-दो साल पहले मेरी घरेलू सहायक के बैंक खाते से सारे पैसे किसी ने निकाल लिए। एक दिन उसने कहा कि एटीएम कार्ड से पैसे नहीं निकल रहे हैं। मैंने जब उसकी पासबुक देखी तो पता चला कि उसके खाते से दो किस्तों में 10-12 दिन पहले ही सारे पैसे निकाल लिए गए थे। उसे इस बात का पता तक नहीं था। उसकी पूरी जमा-पूंजी चली गई थी। यह देखकर मुझे बहुत बुरा लगा।

इस घटना के बाद मैंने सावधानियां बरतनी शुरू की। संदिग्ध फोन तुरंत काट देती हूं। मेरा जो बैंक खाता नेट बैंकिंग से जुड़ा है, उसमें पैसे नहीं रखती। सारी जमा-पूंजी दूसरे खाते में रखती हूं, जो नेटबैंकिंग से नहीं जुड़ा है। मुझे लगता है कि आज के समय में हर व्यक्ति को अपने बैंक खाते और ऑनलाइन लेन-देन को लेकर जागरूक रहना चाहिए।

Vidya Malwade microdrama

स्क्रीनटाइम काटने पर बोलीं एक्ट्रेस

माइक्रोड्रामा करने के बाद विद्या के लिए अब स्क्रीनटाइम कितना मायने रखता है? इस पर वह कहती हैं कि मेरे साथ तो ऐसा कई बार हुआ है कि मेरा रोल बड़ा होते हुए भी उसे एडिटिंग के दौरान काट दिया गया है। हुमा कुरैशी और साकिब सलीम की पिछली फिल्म (बेबी डू डाई डू) में मेरा रोल छोटा रह गया था, लेकिन फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उसका हिस्सा बनना मेरे लिए अच्छा अनुभव था।

शाह रुख की फिल्म से भी कटे थे सीन्स

चक दे! इंडिया में भी मेरे हिस्से के करीब छह दिन के सीन काट दिए गए थे। जब आप किसी किरदार के लिए मेहनत करते हैं और फिर उसका हिस्सा फिल्म में नहीं आता तो बुरा लगता है। ऐसा भी होता है कि आप किसी फिल्म या किरदार से उम्मीद लगाए बैठे हों और वह उम्मीद के मुताबिक न चले। उस समय दुख होता है। लेकिन मैं इन चीजों से बहुत ज्यादा जुड़ना नहीं चाहती।

मेरा मानना है कि अगर किसी भूमिका का हिस्सा कट गया या फिल्म अच्छा नहीं कर पाई तो खुद को दुखी होने के लिए थोड़ा समय देना चाहिए। उस अनुभव को महसूस कीजिए, उसका दुख मनाइए, लेकिन एक समय के बाद उससे बाहर निकलकर आगे बढ़ना भी जरूरी है।

यह भी पढ़ें- Kartik Aaryan के पीआर गेम पर बॉलीवुड की बुरी नजर? विजय के बाद अब सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कसा तंज 

यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर 'ईठा' से भिड़ेगी Salman Khan की 'मातृभूमि', श्रद्धा कपूर को 'भाईजान' ने भेजा खास संदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।