Sunny Deol की 'बेताब' का असली हीरो था 'बूजो', जिसके लिए जावेद अख्तर को बदलवाना पड़ा था फिल्म का क्लाइमेक्स
बेताब (betaab) में मालिक सनी देओल के हर इशारे को समझने वाला कुत्ता बूजो किसी स्टार से कम नहीं था। पूरे पहलगाम में उसके प्रशंसक हो गए थे। जानिए बूजो के साथ शूटिंग के किस्से...
-1795866457137_m.webp)
सनी देओल की फिल्म का एक सीन
HighLights
सनी देओल की फिल्म का असली हीरो था बूजो
पूरा पहलगाम हो गया था बूजो का फैन
सिर्फ डायरेक्टर की बात मानता था बूजो
राहुल रवेल, मुंबई। बेताब फिल्म में डेब्यू ने सनी देओल और अमृता सिंह को स्टार बनाया, पर मैं मानता हूं कि सबसे बड़ा स्टार तो बूजो था। फिल्म ओपनिंग क्रेडिट्स के बाद पहले ही दृश्य में नदी में साथ नहाते सनी और बूजो की बॉन्डिंग नजर आती है। ऑफ स्क्रीन भी बूजो की हरकतें, शरारतें और समझदारी कुछ ऐसी थीं कि पूरी यूनिट को उससे लगाव हो गया था।
शूटिंग लोकेशन पर अकेले जाता था बूजो
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हम शूटिंग कर रहे थे। सनी देओल (Sunny Deol) के घर का सेट नदी किनारे बनाया गया था। होटल से हमारी शूटिंग लोकेशन करीब आठ किमी थी। हम लोग तो गाड़ी से जाते थे, पर बूजो मुंह में एक टोकरी दबाए अकेले घूमते-फिरते लोकेशन तक पहुंचता था। इस टोकरी में उसके बिस्कुट और खाने की अन्य चीजें होती थीं।
यह भी पढ़ें- 'उनके बिना जिंदगी खाली...', Dharmendra की याद कर टूटीं Hema Malini; डेथ एनिवर्सरी पर शेयर की पुरानी तस्वीरें
पूरे दिन वह शूटिंग में यहां-वहां खेलता, लेकिन जैसे ही शाम के साढ़े चार-पांच बजते वह अपनी टोकरी लेकर मेरे सामने आकर बैठ जाता। जाने कैसे पर उसे ये पता था कि मेरे पैकअप कहने पर ही शूटिंग खत्म होगी और वापसी की अनुमति मिलेगी। मानो उसे भी पता था कि मैं ही डायरेक्टर हूं।
पहलगाम में थी बूजो की फैन फॉलोइंग
यूनिट के अन्य लोग मजाक में पैकअप बोलते पर बूजो टस से मस नहीं होता, लेकिन जैसे ही मैं पैकअप बोलता वह अपनी टोकरी उठाकर वापस होटल की ओर चल पड़ता था। पहलगाम छोटी जगह है, वहां सब दुकान वाले बूजो को पहचान गए थे, उसे बड़े प्यार से खाने को देते थे और वह बादशाह की तरह शान से अकेले घूमते हुए सीधे होटल आता।
-1795866680367.webp)
होटल पहुंचते ही वह सबसे पहले मेरे सामने आकर हाजिरी लगाता था। उसका ट्रेनर था लिंगम, उसने इतना बढ़िया प्रशिक्षित किया था कि हमें बूजो को बात समझाने में समस्या नहीं आती थी। जब मैं कहता बूजो बार्क तो वह भौकने लगता। मजेदार बात ये थी कि बाकी लोगों के कहने पर वो कोई प्रतिक्रिया नहीं देता था।
क्लाईमेक्स ने कर दिया सबको इमोशनल
क्लाइमेक्स का दृश्य था बूजो को गोली लगती है। वह काफी भारी-भरकम था, वजन करीब 60 किलोग्राम होगा। काफी कुछ तो हम लोगों ने कैमरे से मैनेज कर लिया था, पर एक शॉट चाहिए था, जिसमें बूजो बेहोश होता दिखे। इसके लिए हमने कुत्तों के डॉक्टर को बुलाया, उन्होंने उसे इंजेक्शन दिया और उसकी आंखे चढ़ गईं, नींद आने लगी। उस समय यूनिट के लोगों की आंखें भी नम थीं।
जब बूजो ने सबको हंसाया
वे सभी मुझे इस तरह देख रहे थे कि जैसे मैं कितना बेरहम इंसान हूं। सबको बूजो की चिंता थी। इतने में हमने देखा कि पास से एक फीमेल डॉगी निकली तो बूजो नींद में भी उठकर लगभग घिसटते हुए उसके पीछे-पीछे चलने लगा। ये देखकर हम सभी मुस्कुरा दिए। बहरहाल दो-तीन घंटे में नींद का असर खत्म हो गया और वह खेलने लगा। सनी के साथ उसके बहुत सीन थे।
-1795866705855.webp)
जब सनी देओल ने बूजो को डांटा
एक सीन फिल्माने में उसने बहुत रीटेक दिए। उस दृश्य में सनी को ग्लिसरीन लगाकर आंसू बहाने थे। इतने रीटेक में सनी झुंझला गए और उन्होंने बूजो को डांट दिया, इसके बाद तो बूजो मेरे पीछे आकर खड़ा हो गया। अब वो सनी के पास ही न जाए, खैर बड़ी मुश्किल से सीन पूरा हुआ। अन्य स्टार्स की तरह ही शूटिंग के लिए बूजो को भी हवाई जहाज से हम बुलाते थे। पांच सितारा होटल में ही उसके रुकने की व्यवस्था की जाती थी।
-1795866731053.webp)
बूजो के एक सीन ने जीता दिल
जावेद अख्तर साहब ने मुझसे कहा कि आपको एक्स्ट्रा शॉट में फिल्म के अंत में दिखाना चाहिए कि बूजो जिंदा है। जब फिल्म पूरी हो गई तब हमने ये शॉट फिल्माया। उसमें बूजो के पट्टी बंधी है और सनी व अमृता आकर उसे दुलार करते हैं। जब ये सीन थिएटर के पर्दे पर आता था तो दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट थमती नहीं थी।
जब सालों बाद मिला बूजो
बेताब (Betaab) के बाद मेरी अगली फिल्म थी अर्जुन। एक दिन हम लोग मुंबई के आजाद मैदान में अर्जुन की शूटिंग कर रहे थे। अंधेरा हो रहा था, मैं और सनी वहां बैठे थे, तभी एक कुत्ता आकर हम लोगों पर चढ़ जाता है, हम कुछ समझते तभी पीछे से उसकी मालिक आई और बोलीं कि आपने पहचाना नहीं, ये बूजो है।
उसकी मालकिन ने बताया कि मैं बूजो को रोजाना दूसरी दिशा में घुमाने ले जाती हूं, पर आज पता नहीं क्या हुआ कि वह अपना पट्टा छुड़ाकर विपरीत भागा और आप लोगों की तरफ आ गया। हम भी हैरत में थे कि इतना सेंस कैसे था बूजो में कि अंधेरे में भी दूर से आकर उसने हमें पहचान लिया। उससे मिलकर हम दोनों भी भावुक हो गए। जानवर भी कितने संवेदनशील और समझदार हो सकते हैं, ये मैंने बूजो को देखकर जाना। उसकी यादें
हमेशा के जैसे मेरे जेहन में अंकित हो गई थीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।