प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने जा रहे थे Shaan, अब नहीं मिल रहा काम; बोले- 'अरिजीत तो फिर भी टॉप पर...
दिग्गज गायक शान (Shaan) ने खुलासा किया है कि कभी हर फिल्मों में उनके गाने गूंजते थे, लेकिन आज उनके पास काम बहुत कम है।

शान ने काम न मिलने पर की बात। फोटो क्रेडिट- एक्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। इसी साल जनवरी में मशहूर गायक अरिजीत सिंह (Arijit Singh) ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा की थी, जिसने बॉलीवुड को हैरान कर दिया था। उनके करोड़ों फैंस को झटका लगा था। अब दिग्गज गायक शान (Shaan) ने खुलासा किया है कि वह भी प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने वाले थे।
'चांद सिफारिश' और 'तन्हा दिल' जैसे कई सुपरहिट गाने गा चुके शान के मन में भी ख्याल आया था कि वह भी प्लेबैक सिंगिंग छोड़ दे। खुद गायक ने हाल ही में इसका खुलासा किया है।
छोड़ने की सोच रहे थे प्लेबैक सिंगिंग
शान इस बारे में बताते हैं, "33-34 साल की उम्र में हर किस्म के गाने गा लिया था, दो-तीन बड़े-बड़े अवॉर्ड्स भी मिल गए थे। लेकिन तब ऐसा लग रहा था कि बाकी किसी काम के लिए वक्त नहीं मिल रहा है। बस एक के बाद दूसरा काम किए जा रहा था। अरिजीत सिंह तो फिर भी अपने टॉप पर पहुंचने के बाद बहुत चुनिंदा काम कर रहे थे।"
दोस्तों ने दी थी ये सलाह
शान ने आगे कहा, "मैं तो घर से सुबह निकलता था और ए बी सी हर किस्म की फिल्मों के गाने गाकर घर लौटता था। मेरे दोस्तों केके (KK) और सोनू निगम (Sonu Nigam) ने मुझे समझाया भी था कि स्टैंडर्ड बनाकर रखो, हर किसी के लिए मत गाओ। हालांकि, मैं कहता कि अगर कोई प्यार से बुलाता है कि तो मैं किसी को इनकार कैसे कर सकता हूं।"

अब नहीं मिल रहे ज्यादा काम
शान ने कहा, "इतने गाने गाता था कि शाम को घर लौटने के बाद याद ही नहीं रहता था कि क्या गाया? शायद वह बात ऊपरवाले के पास भी पहुंच गई। (मुस्कुराते हुए) उन्होंने कहा कि तुम्हें छोड़ने की जरूरत नहीं है, हम ही कर देते हैं। उसके बाद काम आने कम हो गए।"
