विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: ग्लोबल मंच पर छाएगी Ramayana, लॉस एंजेलिस में होगा भव्य वर्ल्ड प्रीमियर; जल्द शुरू होगी एडवांस बुकिंग

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:20 PM (IST)

नमित मल्होत्रा की 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' का वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिलिस के प्रतिष्ठित एकेडमी म्यूजियम में होगा।

रणबीर कपूर की रामायण नवंबर में होगी रिलीज

रणबीर कपूर की रामायण नवंबर में होगी रिलीज

HighLights

  1. रामायण का वर्ल्ड प्रीमियर लॉस एंजिलिस में होगा

  2. अकादमी म्यूजियम में 945 मेहमान होंगे मौजूद

  3. एडवांस बुकिंग 20 अक्टूबर से शुरू

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा और दिवाली की भावना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाते हुए नमित मल्होत्रा की ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ (Ramayana) उन चुनिंदा भारतीय फिल्मों में शामिल होने जा रही है, जिनका वर्ल्ड प्रीमियर प्रतिष्ठित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स के डेविड गेफेन थिएटर में होगा।

इस खास कार्यक्रम में 945 मेहमान शामिल होंगे। नमित मल्होत्रा के निर्माण और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म के टीजर से लेकर ट्रेलर तक, हर नई झलक के साथ दर्शकों के बीच इसका उत्साह लगातार बढ़ा है।

क्या है रामायण की सबसे बड़ी खासियत?

फिल्म का भव्य स्तर, दमदार कलाकार और शानदार दृश्य इसे खास बनाते हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी भावनाओं और मूल भावना से जुड़ी है। शुरुआत से ही फिल्म की टीम ने इसे सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक पवित्र जिम्मेदारी के रूप में देखा है। जहां फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर प्रचार की योजनाएं मार्केटिंग के हिसाब से बनाई जाती हैं।

WhatsApp Image 2026-10-18 at 12.52.26 PM

वहीं ‘रामायण’ को भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जा रहा है। भारतीय संस्कृति के इसी गौरव को वैश्विक मंच पर पहुंचाते हुए, नमित मल्होत्रा की ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ अब हॉलीवुड में इतिहास रचने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इसका भव्य वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिलिस में शाम के समय प्रतिष्ठित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में आयोजित किया जाएगा।

क्या है म्यूजियम की खासियत?

दुनियाभर में सिनेमा के इतिहास और फिल्म निर्माण की उत्कृष्टता के लिए मशहूर यह म्यूजियम, विश्व सिनेमा की कला, तकनीक और कलाकारों को समर्पित एक प्रमुख संस्थान है। बीते वर्षों में यहां कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और ऑस्कर से जुड़े समारोह भी आयोजित किए गए हैं। ऐसे ऐतिहासिक स्थान पर ‘रामायण का वर्ल्ड प्रीमियर होना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

यह सिर्फ फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सिनेमा के लिए गर्व का पल भी है। लॉस एंजिलिस में भारतीय सिनेमा का जादू और दिवाली की रौनक एक साथ देखने को मिलेगी। भारतीय परंपरा और विरासत को सम्मान देने के लिए रेड कार्पेट पर भी भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

Ranbir

मेहमानों से किया गया खास अनुरोध

निर्माताओं ने मेहमानों से पारंपरिक भारतीय उत्सव वाले कपड़े पहनकर आने का अनुरोध किया है, ताकि दिवाली के रंग और रौनक हॉलीवुड तक पहुंच सकें। इस खास प्रीमियर में 945 मेहमान शामिल होंगे। इनमें हॉलीवुड की प्रमुख हस्तियां, फिल्म निर्माता, अंतरराष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधि और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम शामिल होंगे। इस तरह यह कार्यक्रम विश्व सिनेमा की एक यादगार शाम बनने जा रहा है।

फिल्म के प्रीमियर को और खास बनाने के लिए इसकी स्क्रीनिंग 3डी में की जाएगी। इससे फिल्म के दृश्य, गहराई और भव्यता का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा शानदार होगा। 3डी तकनीक दर्शकों को फिल्म की दुनिया के करीब ले जाएगी, जिससे हर दृश्य, हर नजारा और हर भावना अधिक जीवंत महसूस होगी। लॉस एंजिलिस में प्रीमियर में शामिल होने वाले लगभग सभी मेहमान फिल्म को 3डी में देखने का विकल्प चुन रहे हैं, ताकि बड़े पर्दे पर इसका पूरा अनुभव ले सकें।

WhatsApp Image 2026-10-18 at 12.52.26 PM (1)

कब से शुरू होगी एडवांस बुकिंग

फिल्म की कहानी और इसके भव्य दृश्यों को बेहतर तरीके से दिखाने में 3डी तकनीक की अहम भूमिका को देखते हुए निर्माता भारत और दुनियाभर के दर्शकों को भी 3डी में फिल्म देखने की सलाह दे रहे हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग दुनियाभर में 20 अक्टूबर से शुरू होगी।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी।

फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। भारत में यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी। फिल्म आईमैक्स में भी दिखाई जाएगी। भारत को छोड़कर दुनियाभर में इसका वितरण सोनी पिक्चर्स करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म को वितरित करेगी।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में रिलीज होगी रणबीर कपूर की Ramayana? पड़ोसी मुल्क के लोगों ने सोशल मीडिया पर उठाई मांग

यह भी पढ़ें- Ramayana Part 1 के साथ Shah Rukh Khan भी थिएटर्स में करेंगे धमाका, 'किंग' देंगे ऑडियंस को बहुत बड़ा सरप्राइज