प्रियंका चोपड़ा से मिलने मॉम-डैड के साथ इंडिया पहुंचे निक जोनास, देखें तस्वीरें
सलमान ख़ान के साथ ‘भारत’ फ़िल्म से अलग होने के बाद प्रियंका चोपड़ा क्रिस प्रैट के लीड रोल वाली हॉलीवुड फ़िल्म काउबॉय निंजा वाइकिंग के लिए..
मुंबई। हाल के महीनों में प्रियंका चोपड़ा निक जोनास के साथ अपनी नजदीकियों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। दोनों के रिलेशनशिप के अलावा सगाई और शादी तक की बातें हो रही हैं। इन सबके बीच गुरुवार देर रात निक जोनास अपने मॉम और डैड के साथ इंडिया पहुंचे तो एक बार फिर प्रियंका और निक को लेकर चर्चा तेज हो रही है।
हाल ही में हुए एक कार्यक्रम में प्रियंका ने अपने और अमेरिकी सिंगर निक जोनास की सगाई वाली बात पर चुप्पी तोड़ते हुए अपना पक्ष रखा। इस बारे में बताते हुए प्रियंका चोपड़ा कहती हैं कि- 'मेरी पर्सनल लाइफ के बारे में मैं ज्यादा बाहर नहीं बताना चाहती। मैं एक लड़की हूं और यह मेरा अधिकार है कि मैं उसे अपने पास ही रखूं। मेरा परिवार, मेरे दोस्ती, मेरे रिश्ते ऐसी चीजें है, जिन्हें मुझे डिफेंड या किसी को समझाना नहीं है। कभी-कभी मैं हंस देती हूं। कभी-कभी मैं नाराज हो जाती हूं लेकिन, अक्सर मैं अपने प्रवक्ता से कहती हूं कोई बात नहीं, आज की खबरें कल की रद्दी होगी।' गौरतलब है कि इससे पहले भी निक इंडिया का दौरा कर चुके हैं। पहली बार तो वो खुद प्रियंका चोपड़ा के साथ ही इंडिया आये थे। इस बीच निक जोनास की ताज़ा तस्वीरें मुंबई एयरपोर्ट से आई हैं, जिनमें वो अपने चिर परिचित अंदाज़ में ही दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सारा और करीना समेत परिवार ने यूं मनाया सैफ़ अली ख़ान का बर्थडे, देखें तस्वीरें
हाल ही में सिंगापुर से प्रियंका के कुछ फोटोज और वीडियोज़ भी सामने आई थीं। जिसमें प्रियंका निक जोनास के साथ डांस करती हुई नज़र आ रही थीं। इससे पहले भी प्रियंका और निक की कई तस्वीरें सामने आती रही हैं। मुंबई से लेकर गोवा और न्यूयॉर्क से लेकर सिंगापुर तक प्रियंका निक की हाथों में हाथ डाले देखी गयी हैं। बहरहाल, निक को देखकर यह समझा जा सकता है कि उन्हें इस बात का बखूबी अहसास है कि इंडिया में मीडिया के कैमरे उन पर लगातार बने रहेंगे।
प्रियंका से दस साल छोटे निक जोनास अमेरिका के एक लोकप्रिय अभिनेता और सिंगर हैं। पिछली बार जब निक भारत आये थे तब उनके और प्रियंका के हाथों में एक जैसी अंगूठी भी दिखी थी। जिसके लिए दोनों के मजबूत होते रिश्ते की बात सामने आई। इस बार निक जोनास के साथ उनके माता-पिता भी अमेरिका से भारत आये हैं।
इस बीच प्रियंका चोपड़ा की मॉम मधु चोपड़ा भी एयरपोर्ट के आस-पास कुछ इस अंदाज़ में कैमरे में कैद हुईं। हालांकि, प्रियंका और निक के रिश्ते के सवाल पर वो चुप्पी साधने के लिए सुर्ख़ियों में रह चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: ‘गोल्ड’ रिलीज़ के दिन बेटे आरव के साथ सिनेमा हॉल पहुंचे अक्षय कुमार, देखें तस्वीरें
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा का टीवी शो ‘क्वांटिको’ अब खत्म हो गया है। सलमान ख़ान के साथ ‘भारत’ फ़िल्म से अलग होने के बाद प्रियंका चोपड़ा क्रिस प्रैट के लीड रोल वाली हॉलीवुड फ़िल्म 'काउबॉय निंजा वाइकिंग' के लिए चर्चा में रहीं लेकिन, फिलहाल इस फ़िल्म के अभी आगे टलने की ख़बर आ चुकी है। बड़ा सवाल है कि क्या प्रियंका और निक की शादी के लिए ही 'काउबॉय निंजा वाइकिंग' की शूटिंग टाली गयी है? ज़ाहिर है इन सबके जवाब के लिए हमें थोड़ा इंतज़ार करना होगा!