'जो देशद्रोही हैं उन्हें...', Imran Khan पर भड़के 'महाभारत' के 'युधिष्ठिर', इस एक्ट्रेस ने बुलाया 'बेरोजगार'
इमरान खान को मिले देश छोड़ने के नोटिस के बाद सितारे दो हिस्सों में बंट गए हैं। 'महाभारत' के 'युधिष्ठिर' ...और पढ़ें

इमरान खान को 'महाभारत' एक्टर ने कहा देशद्रोही/फोटो-इंस्टाग्राम
HighLights
इमरान खान को 'महाभारत' एक्टर ने बताया देशद्रोही
रजा मुराद बोले-'हमारे देश के मसलों में न पड़ें'
ढोल एक्ट्रेस ने तो इमरान खान को बोल दिया 'बेरोजगार'
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। इमरान खान (Imran khan) को मुंबई पुलिस की तरफ से भेजे गए नोटिस पर कई सितारे अब अपनी राय दे रहे हैं। एक तरफ जहां किरण राव और सबा आजाद जैसे कलाकारों ने इमरान खान का समर्थन किया, तो वहीं अब बी.आर.चोपड़ा की महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता ने इमरान खान को देशद्रोही बता दिया।
'उन्हें निश्चित तौर पर सजा मिलनी चाहिए'
युधिष्ठिर का किरदार अदा करने वाले अभिनेता गजेन्द्र चौहान ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "वह एक अमेरिकन नागरिक हैं और वो यहां पर रह रहे थे। मुझे नहीं लगता है कि उन्हें प्रोटेस्ट में जाना चहिए था, क्योंकि ये कानून के खिलाफ हैं। कोई भी भारत में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्ड लेकर रह रहा है,तो वह ना चुनाव लड़ सकता है और न ही वोट कर सकता है। वह प्रोटेस्ट में भी नहीं जा सकता। तो अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो निश्चित तौर पर उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए। मैं खुश हूं, जो देशद्रोही हैं उन्हें भारत छोड़ने के लिए कहा गया।"

'उन्होंने कानून तोड़ा है'- गजेन्द्र चौहान
गजेन्द्र चौहान ने इमरान खान को जो समय दिया गया है उस पर भी सवाल उठाया है। साथ ही गुजारिश की है कि ऑफिसर्स अपनी कारवाई को और तेज कर दें। एक्टर बोले, "आप भारत के इतने बड़े सेलेब्रिटी हो। आपने पैसा, नाम, पोजिशन सब कमाया है। भारत आपसे प्यार करता था। इसके बावजूद आप इस तरह के प्रोटेस्ट में शामिल हुए, जो उन वैल्यूज के खिलाफ है, जिनके आधार पर आप भारत में रह रहे हैं। यह कानून के नियमों का उल्लंघन है, तो सजा तो मिलेगी ही।"
'हमारे देश के मामलों में दखल नहीं देना चाहिए'
गजेन्द्र चौहान के अलावा रजा मुराद ने भी इमरान खान के खिलाफ गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा, "इमरान हो या बाहर का कोई भी नागरिक, उन्हें हमारे देश के आंतरिक मामलों में घुसने की जरुरत नहीं है। मुझे तो अब पता चला है कि वह यूएस के नागरिक हैं और यहां पर एक्टर हैं। तो एक अमेरिकन नागरिक होने की वजह से उन्हें हमारे मामलों में नहीं पड़ना चाहिए। मुंबई पुलिस कानून के दायरे में रहकर ये कारवाई कर रहीं है और उन्हें अभी तुरंत या 24 घंटे में देश छोड़ने के लिए नहीं बोला गया। उन्हें 15 दिन का समय मिला है।"

बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट ने बुलाया जॉबलेस
इन दोनों सितारों के अलावा बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट और पायल रोहतगी ने इमरान खान को बेवकूफ और जॉबलेस बुलाया है। उन्होंने कहा, "उन्हें ये बात पता होनी चाहिए कि उन्हें इतनी बेवकूफी से भरी हरकत नहीं करनी चाहिए। वह भारतीय नागरिक नहीं हैं। उनके पास यूएस की नागरिकता है पहली चीज, दूसरी वो भारत में रह रहे हैं और यहीं काम कर रहे हैं। मैंने सुना है न तो उन्होंने वीजा लिया है और उनका तलाक भी हो चुका है।"
एक्ट्रेस बोलीं, "तो आप जब नागरिक हैं ही नहीं, तो प्रोटेस्ट साइट पर जा ही क्यों रहे हैं? कई ऐसे बेरोजगार एक्टर्स हैं, जो प्रोटेस्ट के लिए गए थे, ताकि वह दिख सके। उन्हें थोड़ी पब्लिसिटी मिल जाए? मीडिया इन प्रोटेस्ट्स को कवर करती हैं, तो कुछ जॉबलेस लोग वहां चले जाते हैं।"

28 अक्टूबर 2026 तक इमरान खान को छोड़ना होगा देश
जिन्हें इस मामले के बारे में नहीं पता उन्हें बता दें कि इमरान खान को 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन में डिटेन किया गया था। यह प्रोटेस्ट ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर था। कुछ दिनों बाद ही भारतीय नागरिक न होकर प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने की वजह से इमरान खान को मुंबई पुलिस की तरफ से नोटिस भेजा गया और 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया।
