Lok Sabha Elections 2019 : क्या गोविंदा की तरह कांग्रेस को जीत दिला पाएंगी उर्मिला?
Lok Sabha Elections 2019 में मुंबई की एक उम्मीदवार पर सभी की नजरें टिकी हैं और वो हैं उर्मिला मातोंडकर।
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) में आज चौथे चरण के लिए मतदान किए जा रहे हैं। आज के मतदान में महाराष्ट्र की 17 सीटें भी शामिल हैं जिनमें मुंबई की सभी 6 सीटें भी हैं। यहां से कई दिग्गज अपना भाग्य आजमा रहे हैं। लेकिन इस बार के चुनाव में एक उम्मीदवार पर सभी की नजरें टिकी हैं, और वो हैं उर्मिला मातोंडकर। उर्मिला मंबई नॉर्थ सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, भाजपा ने इस सीट पर अपने वर्तमान सांसद गोपाल शेट्टी पर दांव खेला है। भाजपा का गढ़ कही जाने वाली उत्तर मुंबई सीट वो संसदीय सीट है जहां से 2004 में बॉलीवुड एक्टर गोविंद ने भी चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी।
BJP के गढ़ में गोविंदा ने लगाई थी सेंध
उत्तर मुंबई सीट से बॉलीवुड का पुराना नाता रह चुका है। ये सीट लंबे समय तक भाजपा का गढ़ रही है। 1989 में राम नाईक ने पहली बार इस सीट पर भाजपा को जीत दिलाई थी। इसके बाद नाईक ने यहां से लगातार पांच बार जीत दर्ज की। 2004 में भाजपा को उस वक्त झटका लगा जब नाईक को 2004 के लोकसभा चुनाव में बॉलीवुड एक्टर गोविंदा के सामने हार का सामना करना पड़ा। उन दिनों गोविंद का पॉपुलेरिटी आसमान पर थी। इसलिए कांग्रेस ने गोविंदा को इस सीट से चुनावी मैदान में उतारा। गोविंदा ने यहां से कांग्रेस को जीत दिलाई। लेकिन सांसद बनने के बाद गोविंदा को ज्यादा दिनों तक राजनीति रास नहीं आई और वो फिर से फिल्मी दुनिया में लौट गए।
कांग्रेस ने फिर खेला बॉलीवुड सेलिब्रिटी पर दांव
इस बार कांग्रेस ने ‘छम्मा छम्मा’ गर्ल उर्मिला मातोंडकर पर दांव खेला है। उर्मिला न सिर्फ अभिनेत्री हैं, बल्कि वह मराठी भी हैं। वो इसका जमकर फायदा भी उठा रही हैं। उर्मिला ठेठ मराठी में अपना भाषण देती हैं, तो सामने शिवसेना शाखा में बैठी शिवसैनिक महिलाएं भी ताली बजाती दिख जाती हैं। उर्मिला के जनसंपर्क के दौरान उनके साथ भीड़ भी जुट रही है। ऐसे में इस बार कांग्रेस इस सीट से भाजपा को टक्कर देती हुई नजर आ रही है।
ऐसे मिला उर्मिला को मौका
उत्तर मुंबई लोकसभा सीट से उर्मिला मातोड़कर को कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने की पीछे सबसे बड़ी वजह है पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम का चुनाव लड़ने से मना करना। 2014 को लोकसभा चुनाव में संजय, भाजपा के गोपाल शेट्टी के सामने 4.46 लाख वोट के अंतर से हार गए थे। ऐसे इस सीट से कोई भी चुनाव लड़ने में रुचि नहीं दिखा रहा था। कांग्रेस ने फिर इस सीट से उर्मिला को मैदान में उतारा।
#urmilamatondkar #elections2019 #indiavotes #mumbaikarvote #bollywoodvotes @viralbhayani