Box Office के Exam में भी लड़कियों ने बाज़ी मारी, 'वीरे' की तगड़ी कमाई, भावेश फुस्स
बॉक्स ऑफिस पर एक ही दिन रिलीज़ हुई सोनम कपूर के भाई हर्षवर्धन कपूर की फिल्म बुरी हालत में शुरू हुई है।
मुंबई। देश में जब भी परीक्षा का परिणाम निकलता है तो एक ही ख़बर सुर्ख़ियों में रहती है। लड़कियों ने इस बार भी बाज़ी मारी। बॉक्स ऑफ़िस पर इस शुक्रवार को रिलीज़ हुई हुई दो फिल्मों का भी कुछ ऐसा ही हाल है। बहन सोनम कपूर ने भाई हर्षवर्धन की फिल्म को कोसों दूर छोड़ दिया है।
इस शुक्रवार को दो फिल्मों को लेकर चर्चा थी। वीरे दी वेडिंग और भावेश जोशी सुपरहीरो। शशांक घोष के निर्देशन में बनी वीरे दी वेडिंग ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर पहले दिन 10 करोड़ 70 लाख का जबरदस्त कलेक्शन ले कर सबको हैरान कर दिया है। फिल्म की ओपनिंग ने तमाम अनुमानों को धरा का धरा रख दिया क्योंकि चार से पांच करोड़ की ओपनिंग का प्रेडिक्शन किया गया था और कहा जा रहा था कि इस तरह की बोल्ड सब्जेक्ट वाली फिल्म लोगों को रास नहीं आएगी। वीरे दी वेडिंग ने इस धमाकेदार कलेक्शन से एक अन्य रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म अब इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है।
करीना कपूर खान , सोनम कपूर ,शिखा तलसानिया और स्वरा भास्कर स्टारर इस फिल्म ने पैड मैन की 10 करोड़ 26 लाख और रेड की 10 करोड़ चार लाख की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया है। बाग़ी 2 और पद्मावत ही इससे आगे है।
फिल्म वीरे दी वेडिंग कहानी है चार सहेलियों, कालिंदी पुरी (करीना कपूर), अवनी शर्मा (सोनम के आहूजा), साक्षी सोनी (स्वरा भास्कर) और मीरा सूद (शिखा तलसानिया) की। यह चारों बचपन की सहेलियां है और तकरीबन सभी अभिजात्य वर्ग से हैं। पूरी फिल्म इन चारों की दोस्ती और इनकी लाइफ से जुडी घटनाओं को दिखाया गया है । भारत में 2177 और विदेश में 470 स्क्रीन्स में रिलीज़ इस फिल्म को सोनम कपूर की बहन रिया और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है।
उधर बॉक्स ऑफिस पर एक ही दिन रिलीज़ हुई सोनम कपूर के भाई हर्षवर्धन कपूर की फिल्म बुरी हालत में शुरू हुई है। विक्रमदित्य मोटवाने के निर्देशन में बनी भावेश जोशी सुपरहीरो को घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर पचास लाख रुपये से भी कम का कलेक्शन मिला है। ये फिल्म पानी माफिया की कहानी पर बेस्ड है।
यह भी पढ़ें: Movie Review: मनोरंजक मगर साधारण 'वीरे दी वेडिंग'