बॉम्बे HC का रुख करेंगे इमरान खान, मुंबई पुलिस ने दिया था भारत छोड़ने का नोटिस
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर मिले देश छोड़ने के नोटिस को लेकर अब इमरान खान बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उनके वकील ने क्या कहा, पढ़ें डिटेल्स।

देश छोड़ने के नोटिस के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट जाएंगे इमरान खान/ Photo-instagram
HighLights
इमरान खान ने मुंबई पुलिस नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने पर नोटिस मिला था
याचिका में नोटिस को कठोर और अवैध बताया गया है
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। एक्टर इमरान खान ने मुंबई पुलिस की तरफ से जारी किए गए नोटिस के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। अभिनेता को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की वजह से 28 अक्टूबर 2026 तक देश छोड़ने का आदेश दिया गया था। अब इस पूरे मामले पर अपडेट देते हुए हाल ही में इमरान के वकील ने बताया कि वह इस नोटिस को कोर्ट में चैलेंज करेंगे।
याचिका में मुंबई पुलिस के नोटिस को बताया कठोर
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी नागरिक इमरान खान (Imran Khan) शुक्रवार या सोमवार तक अपने MZM के वकील जुल्फिकार मेमन के जरिए मुंबई पुलिस के भारत छोड़ने के आदेश को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
उनकी याचिका के अनुसार, भारतीय कानून या किसी भी नियम में ये प्रावधान नहीं है, जो ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) का कार्ड जिनके पास है, उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोक सके। याचिका में मुंबई पुलिस द्वारा भेजे गए नोटिस में 43 वर्षीय एक्टर को भारत छोड़ने का आदेश देने को भी काफी कठोर बताया गया है।

जल्द सुनवाई के लिए मुख्य जज के सामने किया जाएगा पेश
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार या सोमवार तक जैसे ही बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर होगी, तुरंत इसे सुनवाई के लिए चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बेंच के सामने पेश किया जाएगा, ताकि इस पर जल्द से जल्द फैसला हो पाए।
जिन्हें इस मामले के बारे में नहीं पता, उन्हें बता दें कि इमरान खान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और कजिन सिस्टर के साथ 10 अक्टूबर 2026 को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन का हिस्सा बने थे। CJP ने ये प्रोटेस्ट चीफ कमिश्नर ऑफ इंडिया ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर किया था। इमरान खान को प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने हिरासत में भी लिया था।

बीजेपी लीडर ने कराई थी शिकायत दर्ज
इमरान खान के खिलाफ बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा है कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं और उनके पास अमेरिका (US) की सिटिजनशिप है। ऐसे में उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हो रहे प्रोटेस्ट में हिस्सा लेकर नागरिकता अधिनियम का उल्लंघन किया है।
