'रिश्ते दोनों तरफ से चलते हैं,' अंतिम पलों में फिल्म छोड़ने पर Adah Sharma की दो टूक
गवर्नर फिल्म में नजर आने वालीं अभिनेत्री अदा शर्मा ने अंतिम पलों मे फिल्म छोड़ने पर अपनी दो टूक राय रखी है।
-1781504759945_m.webp)
अभिनेत्री अदा शर्मा (फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम)
HighLights
अभिनेत्री अदा शर्मा ने दिया बड़ा बयान
फिल्में छोड़ने पर एक्ट्रेस ने किया रिएक्ट
गवर्नर फिल्म में नजर आईं अदा
एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। अपनी पहली फिल्म 1920 के बाद से ही अभिनेत्री अदा शर्मा ने स्वयं को कभी एक सांचें में नहीं बंधने दिया। कमांडो 2 से लेकर द केरल स्टोरी और बस्तर : द नक्सल स्टोरी उन्होंने अलग-अलग तरह की भूमिकाओं में स्वयं को साबित किया।
हालिया प्रदर्शित फिल्म गवर्नर में पत्रकार की भूमिका में नजर आई अदा से उनकी भूमिका, निजी जीवन और सिनेमा जगत से जुड़ी बातचीत:
बतौर कलाकार मीडिया के सवालों का जवाब देना या पत्रकार की भूमिका में स्वयं सवाल पूछना, क्या ज्यादा मुश्किल था?
मेरी भूमिका ऐसी पत्रकार की है, जो एक्सक्लूसिव स्कूप के पीछे भाग रही है और वो हेडलाइन के लिए कुछ भी कर सकती है। बतौर कलाकार मैं इंटरव्यू देती हूं, फिर मैं बाद में पढ़ती हूं तो वो पूरा तोड़-मरोड़ के ऐसे लिखा होता है, ताकि ज्यादा क्लिक पाने वाली हेडलाइन मिल जाए। इससे मुझे अहसास हुआ कि पत्रकार के हाथ में इतनी ताकत होती है कि वो पूरा नैरेटिव एक तरफ मोड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- 'हर चीज पब्लिकली...'The Kerala Story 2 का हिस्सा क्यों नहीं हैं अदा शर्मा? एक्ट्रेस ने फाइनली तोड़ी चुप्पी
-1781505235826.jpg)
अपने आस पास मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा बरकरार रखने का आपका क्या मंत्र है?
मेरा सबसे बड़ा मंत्र है कि फोन को थोड़ी देर के लिए किनारे रखना, गौरैया तथा कौओं के साथ मीटिंग करना। हर स्थिति में सकारात्मक रहना संभव नहीं होता, मैं भी कभी-कभी परेशान हो जाती हूं। फिर याद आता है कि मेरे नियंत्रण में सिर्फ मेरा काम है, दुनिया का नियंत्रण मेरे पास नहीं है।

पशु पक्षियों के प्रति आपका काफी लगाव दिखता है, क्या इससे तनाव मुक्त रहने में मदद मिलती है?
मैं पशु-पक्षियों से बहुत प्यार करती हूं और मुझे इंटरनेट मीडिया पर उनके वीडियोज साझा करना पसंद है। हालांकि, मैं यह भी स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरे घर में कोई पालतू जानवरी नहीं है। मैं किसी को कैद करके नहीं रखती हूं। मैं जो गिलहरियों के वीडियो साझा करती हूं, वो गिलहरियां आती हैं, घर पर खाना खाके फिरअपने घर चली जाती हैं।
-1781505251269.jpg)
फिल्म द केरल स्टोरी के बाद क्या आपको इंडस्ट्री में राजनीतिक तौर पर वर्गीकृत किए जाने जैसा महसूस हुआ?
375 करोड़ रुपये की कमाई के साथ द केरल स्टोरी आज तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली महिला प्रधान फिल्म है। उसके बाद मुझे सनफ्लावर, बस्तर : द नक्सल स्टोरी, रीटा सान्याल और जो मैं फिल्मों में अभी कर रही हूं, उन प्रोजेक्ट्स में मुझे सशक्त भूमिकाएं मिली। इसलिए मुझे नहीं लगता कि मुझे कहीं वर्गीकृत किया गया।
फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर एक दूसरे के लिए आवाज न उठाने की शिकायत होती है, वर्तमान में यह कितना जरूरी है?
कलाकार और निर्देशक, जिन फिल्मों और जिन लोगों के लिए चाहते हैं, उनके लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें सपोर्ट करते हैं। यह सबने देखा है। अब उस बिग हैप्पी फैमिली का हिस्सा कौन-कौन है और कौन नहीं है, वो अलग बात है।
फिल्म शुरू होने से पहले कई कलाकार अंतिम पलों में छोड़ देते हैं। प्रतिबद्धताओं को लेकर आपका क्या रवैया होता है?
रिश्ते दोनों तरफ से चलते हैं। हालांकि, बिना पूरी बात जाने किसी घटना पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। मुझे तो लगता है कि मैं अपनी प्रतिबद्धताओं की बहुत पक्की हूं, लेकिन यह प्रमाण पत्र मुझे स्वयं नहीं देना चाहिए। मैंने जिन लोगों के साथ काम किया है, उनसे पूछिए।
आगामी दिनों में और किस तरह के प्रोजेक्ट कतार में हैं?
मैं एक बायोपिक फिल्म कर रही हूं। दो एक्शन फिल्में भी कर रही हूं। एक दो भाषाओं में बन रही फिल्म कर रही हूं, जिसमें मैं देवी की भूमिका निभा रही हूं। एक सुपरहीरो फिल्म भी कर रही हूं और भी कई फिल्में हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।