भोजपुरी से लेकर बॉलीवुड तक! सिनेमाई कैनवास पर कैसे उतरता रहा है छठ? 'ये प्रेम मोल लिया' से जगी नई उम्मीदें
राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में छठ पर्व को प्रमुखता से दिखाया गया है, जिससे सिनेमा में छठ के चित्रण को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।

ये प्रेम मोल लिया में छठ पूजा की झलक
HighLights
'ये प्रेम मोल लिया' फिल्म में दिखा छठ की छठा
भारतीय सिनेमा में छठ के चित्रण का लंबा इतिहास
बॉलीवुड में छठ के सही प्रस्तुतीकरण की चुनौतियां
विनोद अनुपम,बिहार। राजश्री प्रोडक्शन की सूरज बड़जात्या निर्देशित और आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ अभिनीत आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में छठ को प्रमुखता से दिखाने की कोशिश की गई है। छठ पर श्रेया घोषाल का गाया एक मधुर गीत भी फिल्म में है, भले ही वह छठ गीतों के पारंपरिक धुन में न हो।
वैसे सिनेमेटिक लिबर्टी के नाम पर हिंदी सिनेमा जितनी लिबर्टी लेती है, छठ जैसे पर्व के फिल्मांकन के प्रति बहुत आश्वस्त तो नहीं हुआ जा सकता। हां, इस बात पर अवश्य खुश हुआ जा सकता है कि बिहार, उत्तर प्रदेश केंद्रित छठ जैसे पारंपरिक पर्व के प्रति हिंदी सिनेमा की हिचक टूट रही है।
1930 में हुई थी शुरुआत
हालांकि बिहार में इसकी शुरुआत 1930 में ही हो गई थी, जब देव के महाराजा जगन्नाथ प्रसाद सिंह ‘किंकर’ ने 16एमएम पर 4 रील की डाक्यूमेंट्री ‘छठ मेला’ का निर्माण किया था। यह स्वाभाविक भी था, क्योंकि पौराणिक सूर्य मंदिर की छाया में पले-बढ़े देव के महाराजा को पता था कि छठ पर्व के साथ ही बिहार में
सिनेमा विधा को प्रतिष्ठा और स्वीकार्यता मिल सकती है।
-1794711284546.webp)
कुछ उसी तरह जैसे दादा साहब फाल्के ने आम दर्शकों के मध्य सिनेमा की स्वीकार्यता के लिए धार्मिक कथानकों को आधार बनाया था। आश्चर्य नहीं कि 1961
में फणी मजूमदार के निर्देशन में बिहार में पहली मगही फिल्म ‘भैया’ बनी तो उसकी शुरुआत में ही छठ के दृश्य रखे गए और उस दृश्य को उषा मंगेशकर के गाए छठ गीत सुपवे नरियरवे बोझही मोरी नैया, के नैया उतारे पार हो, मैं बनजारिन राम की से समृद्ध किया गया था। गीत लिखे थे विंध्यवासिनी देवी ने और संगीत
चित्रगुप्त का था।
आज तक दोहराया नहीं जा सका ऐसा काम?
फिल्म का शीर्षक आने के तुरंत बाद ही दृश्य शुरू होता है जिसमें माथे पर छठ का डाला लिए आते हुए लोग दिखते हैं। घाट पर ग्रामीणों की सूप और डाले के साथ अर्घ्य के लिए जुटी भीड़ दिखती है। आश्चर्य यह भी कि छठ के दृश्यों को फणी मजूमदार ने जिस स्वाभाविकता के साथ फिल्माया था, वह पर्दे पर आज तक दोहराया नहीं जा सका।
वैसे सच तो यही है कि बाद के वर्षों में जैसे-जैसे बिहार में सिनेमा विकसित होता गया छठ की ओर पलटकर देखने की आवश्यकता ही उसने नहीं समझी। 1962 में भोजपुरी फिल्म ‘गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो’ से भोजपुरी सिनेमा की शुरुआत हुई और भोजपुरी सिनेमा को बिहार के अपने सिनेमा के रुप में स्थापित करने की
कोशिश की गई, दर्शकों ने भी इन फिल्मों को हाथों हाथ लिया, लेकिन जिस भाषा में छठ के अधिकांश पारंपरिक गीत रचे गए, इस भाषा के सिनेमा ने छठ को प्रदर्शित करने की आवश्यकता नहीं समझी।
-1794711337030.webp)
छठी मैया को लेकर बनाई फिल्म
लंबे अंतराल के बाद विंध्यवासिनी देवी के छठ गीतों के अलबम की लोकप्रियता देखकर बंगाल में सत्यजीत रे सहित कई महत्वपूर्ण फिल्मकारों के साथ काम कर रहे फिल्मकार तपेश्वर प्रसाद को छठ पूजा में सिनेमा की संभावना दिखी और उन्होंने 1979 में अभि भट्टाचार्य, पद्मा खन्ना और जीवन को मुख्य भूमिका में लेकर फिल्म बनाई छठ मैया की महिमा।
इस फिल्म में संगीत दिया था भूपेन हजारिका ने, जबकि गीत लिखे थे पं. प्रदीप और विंध्यवासिनी देवी ने, फिल्म के 10 में से 4 गीत विंध्यवासिनी देवी ने गाए थे, जबकि एक-एक गीत को लता जी और आशा जी ने आवाज दी थी, लेकिन यह फिल्म सही तरीके से दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी और
इसी के साथ सिनेमा में छठ की संभावना भी शायद खत्म हो गई। इसके लगभग 45 वर्ष बाद जब बिहार के साथ-साथ छठ की व्याप्ति वैश्विक हो गई, छठ को यूनेस्को की सूची में शामिल किए जाने की कोशिशें होने लगीं। नीतिन चंद्रा ने भोजपुरी में ‘छठ’ नाम से एक खूबसूरत फिल्म बनाई। नीतिन चंद्रा चूंकि छठ पर दृश्य-श्रव्य माध्यम में काम करते रहे हैं।
-1794711503356.webp)
उन्होंने छठ पर कई खूबसूरत एलबम बनाए हैं, स्वाभाविक है छठ की सामाजिकता से लेकर विधि विधान तक पूर्णता से दर्शकों तक पहुंचाने में वे सफल रहे। पारंपरिक गीतों, स्थानीय फल, पकवान, चित्रकारी, सूप जैसे तमाम चीजों जो छठ पर्व को लोक पर्व होने का पहचान देती हैं, उन सारी बारीकियों को खूबसूरती से चित्रित किया, लेकिन भोजपुरी सिनेमा के लिए यह उत्प्रेरक नहीं बन सकी।
एकता कपूर की फिल्म में भी दिखी झलक
यह उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जब छठ की वैश्विक चर्चा होने लगी, हिंदी सिनेमा का भी छठ के प्रति कायम हिचक टूटता दिखा। हालांकि हिंदी प्रदेशों की सांस्कृतिक धार्मिक परंपरा के प्रति यह लगाव कितना छलावा रहता यह छठ जैसे लोकपर्व के चित्रण में भी दिखा।
जब बिहार के एक मंदिर की पृष्ठभूमि पर बनी एकता कपूर की ‘द वन-फोर्स आफ द फोरेस्ट’ जैसी फिल्म में छठ का नाम तो लिया गया, लेकिन न तो उसकी तिथि का निर्वाह किया गया, न पारंपरिक विधि-विधानों का। और तो और छठ जैसे शांत और पवित्र पर्व को दानवों के आतंक से जोड़ उसे हारर फिल्म का हिस्सा बना दिया गया।
वास्तव में लोहड़ी आप गर्मियों में तो नहीं दिखा सकते न, डांडिया जन्माष्टमी पर तो नहीं दिखाते, फिर छठ पूरे चांद की रात कैसे दिखा सकते? लेकिन हिंदी सिनेमा का सात खून माफ! हालांकि हिंदी सिनेमा से एक-एक कर जिस तरह रक्षाबंधन, होली, दशहरा, दीवाली जैसे भारतीय त्योहार गुम होते जा रहे हैं, छठ की वापसी सुकून तो देती है। भले ही यह छठ की बढ़ती वैश्विक व्याप्ति का प्रभाव हो,आश्वस्त हो सकते हैं परदे पर भी छठ के दृश्यों की उपस्थिति बढे़गी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।