'नूरी' का वो दमदार विलेन, औरतों ने सुनाई थीं गालियां, अमिताभ के बने 'लकी चार्म'; सिनेमा के 'भरत' की दास्तां
दिग्गज अभिनेता भरत कपूर साल 1979 में एक ऐसा किरदार निभाया था, जिसे देखने के बाद सिनेमाघरों में ही औरतों ...और पढ़ें

भरत कपूर के इस किरदार से नफरत करती थीं औरतें/ फोटो- Instagram

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो 80 साल के अभिनेता को कार्डियक अरेस्ट आया था, उन्होंने मुंबई के सायन अस्पताल में अंतिम सांस ली।
आंखों में बड़े-बड़े ख्वाब लेकर इंडस्ट्री में एंटर हुए भरत कपूर यहां हीरो तो नहीं बन पाए, लेकिन उन्होंने विलेन बनकर सबके दिलों में एक अलग छाप छोड़ी। वह अमिताभ बच्चन के तो लकी चार्म बन गए, लेकिन महिलाओं को एक फिल्म देखने के बाद उनसे नफरत सी होने लगी। कौन सी थी वह फिल्म जिसमें भरत कपूर को देखकर औरतों ने सिनेमाघरों में खड़े होकर दी थीं गालियां, नीचे विस्तार से पढ़ें दिग्गज अभिनेता का यह किस्सा:
यशराज की फिल्म में बने थे खतरनाक विलेन
यशराज बैनर तले बनी रोमांटिक फिल्म 'नूरी' में भरत कपूर ने एक ऐसे खूंखार विलेन का किरदार अदा किया था, जिसे देखने के बाद महिलाएं उन्हें काफी गालियां देने लगी थीं। इस फिल्म में भरत कपूर ने 'बशीर खान' का किरदार निभाया था।इंस्टाग्राम पेज 'ओल्ड इज गोल्ड' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 1979 में आई इस सुपरहिट फिल्म में उनका किरदार इतना पावरफुल था कि जब फिल्म सिनेमाघरों में आई, तो महिलाओं ने उन्हें थिएटर्स में गालियां देना शुरू कर दिया था, क्योंकि जिस तरह से वह नूरी (पूनम ढिल्लो) के साथ दुष्कर्म करते हैं, उससे औरतों के अंदर एक गुस्सा भर गया था। हालांकि, महिलाओं का गुस्सा उनके किरदार की सबसे बड़ी जीत बनी। फिल्म हिट हुई और अभिनेता को काफी तारीफ मिली।
यह भी पढ़ें- Bharat Kapoor Dies: दिग्गज एक्टर भरत कपूर का 80 की उम्र में निधन, अंतिम विदाई देने पहुंचे Rakesh Bedi
फिल्म 'नूरी' में फारुख शेख, पूनम ढिल्लों, मदन पुरी, इफ्तिखार, पद्मा खन्ना, गीता सिद्धार्थ, जावेद खान और अवतार गिल जैसे कलाकार नजर आए थे। लता मंगेशकर और नितिन मुकेश की आवाज में गाए गए गाने 'आजा रे ओ मेरे दिलबर आजा' और 'चोरी-चोरी कोई आया', उस समय काफी हिट हुए थे।
अमिताभ बच्चन के थे लकी चार्म थे भरत कपूर
1972 में फिल्म 'जंगल में मंगल' से बतौर पुलिस इंस्पेक्टर अपना पहला रोल पाने वाले भरत कपूर ने अपने करियर में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के साथ काफी काम किया। उन्होंने अभिनेता के साथ 'खुदा गवाह', 'तूफान' और 'आखिरी रास्ता' में अभिनय किया था। भरत कपूर को अमिताभ बच्चन का लकी चार्म भी माना जाता था। दोनों ने साथ में जितनी भी फिल्में कीं, वे सभी बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं।

80 वर्षीय अभिनेता ने अपने करियर में तकरीबन 200 फिल्में कीं, जिनमें 'राम बलराम', 'गुलामी', 'स्वर्ग', और 'साजन चले ससुराल' शामिल हैं। इसके अलावा चार दशक तक एक्टिंग में सक्रिय रहने वाले अभिनेता ने 'चंद्रकांता', 'परम्परा', 'सांस' और 'अमानत' जैसे टीवी शोज किए।
