गरीबी, नशेड़ी पति और पंखे से लटकती लाश; दिलों में तबाही मचाने वाली Silk Smitha... जिनका नाम 'बदनाम' होकर हुआ!
साउथ की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता (Silk Smitha) घरेलू हिंसा और संघर्षों से जूझते हुए सिनेमा जगत में अपनी पहचान ...और पढ़ें

साउथ सेंसेशन सिल्क स्मिता की बोल्ड कहानी
HighLights
सिल्क स्मिता का बचपन गरीबी और घरेलू हिंसा में बीता
अत्याचार से भागकर बनीं साउथ सिनेमा की सेंसेशन
स्टारडम के बाद डिप्रेशन में आईं और दुखद अंत हुआ
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली: 'फिल्में सिर्फ तीन ही चीजों के वजह से चलती है... एंटरटेनमेंट, एंटरटेनमेंट, एंटरटेनमेंट... और मैं एंटरटेनमेंट हूं'। इस डायलॉग को जब अभिनेत्री विद्या बालन ने फिल्म डर्टी पिक्चर में बोला तो सिनेमाघरों में हल्ला मच गया।
लोगों ने भर-भरकर सीटियां बजाईं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस डायलॉग को रील लाइफ में बोल विद्या बालन रही थीं पर इसका असली कनेक्शन था साउथ की उस बोल्ड हसीना से, जिसका किरदार विद्या ने पर्दे पर जिया था। आज कहानी उन्हीं सिल्क स्मिता की जो मौत के बाद एक अफसाना लिख गईं, जिसे कोई ना मिटा सका।
गरीबी में बीता सिल्क स्मिता का बचपन
साउथ की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता (Silk Smitha) सिनेमा के उस दौर में आईं जब मेल हीरोज का राज चलता था। फिल्मों में डिमांड मेल हीरोज की ही होती थी। 2 दिसंबर 1960 सिल्क का जन्म एक गरीब तेलुगू परिवार में हुआ था। सिल्क का असली नाम विजयलक्ष्मी था। सिल्क का पूरा बचपन गरीबी में बीता और सिल्क ने चौथी कक्षा में ही पढ़ाई छोड़ दी।
सिल्क के माता-पिता ने सिल्क की शादी 14 वर्ष की उम्र में ही एक मजदूर से कर दी। सिल्क की ये उम्र उनके सपनों को जीने की थी, आजादी की थी, पढ़ने-लिखने की थी लेकिन किस्मत के खेल ने उन्हें शादी के बंधन में बांध दिया। शादी के बाद सिल्क ससुराल आ गईं लेकिन यहीं से सिल्क की जिंदगी में तूफान आया।

ससुराल में सिल्क के साथ मारपीट
सिल्क ससुराल आईं तो यहां भी उन्हें गरीबी का सामना करना पड़ा। ऊपर शराब के नशे में धुत्त रहने वाले पति ने उनकी जिंदगी नर्क बना दी। सिल्क का पति रोज शराब पीता और सिल्क पर जुल्म ढाता। बिना सोचे-समझे वो सिल्क को मारता-पीटता था। अपने परिवार को लेकर गालियां सिल्क को सुननी पड़ती थीं।
इंतेहा तो ये हो गई कि सिल्क को उनकी ननद और उनका पति तक पीट देते थे। अत्याचार की बेड़ियों में जकड़ीं सिल्क कुछ नहीं कर पा रही थीं। आखिरकार सिल्क ने ससुराल छोड़ने का फैसला किया और वह घर छोड़कर भाग गईं। सिल्क को पता था कि वो यहां रहेंगीं तो कुछ नहीं कर पाएंगीं।

फिर ऐसे बनीं सिल्क स्मिता
सिल्क अपने ससुराल से भागकर आ गईं। अब आ तो गईं, लेकिन जिंदगी जीने के लिए कुछ करना पड़ेगा। थोड़ी बहुत जान पहचान के बाद सिल्क को घर में काम-काज करने का मौका मिल गया। वो एक साउथ एक्ट्रेस के घर में काम करने लगीं। धीरे-धीरे सिल्क निर्माताओं-प्रोड्यूसरों के घर में काम करते-करते उनसे मिलने-जुलने का मौका मिल गया। मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर सिल्क काम करने लगीं और लोगों से भी मिलने लगीं।
एक दिन सिल्क एक फिल्म प्रोड्यूसर की गाड़ी को निहार रही थीं और मन ही मन में उसकी चाह रख रही थीं। इस पर उसकी मालकिन ने कहा कि, इस बड़ी गाड़ी को देखकर कहीं उसमें बैठने का सपना तो नहीं देख रही हो? अपनी मालकिन की इस बात का सिल्क ने करारा जवाब दिया और कहा कि, वह एक दिन ऐसी गाड़ी में जरूर बैठेंगी और वह गाड़ी खुद उनकी ही होगी। बस यहीं से सिल्क ने ऑडिशन देना शुरू किया। सिल्क एक्टिंग नहीं आती थी, लेकिन अपनी अदाओं से वो लोगों का दिल जीतने लगीं।

450 से ज्यादा फिल्मों में और 1 लाख फीस
सिल्क की पहली पहली 1979 में आई जो कि एक मलयालम फिल्म 'इनाये थेडी' थी। हालांकि सिल्क को असली पहचान 1980 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'वंडीचक्करम' से मिली। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम 'सिल्क' ही था। बस यहीं से विजयलक्ष्मी फिल्मों की सिल्क स्मिता बन गई। सिल्क को आईटम नंबर्स मिलने लगे।
धीरे-धीरे साउथ सिनेमा में उनका नाम बनने लगा। बड़े-बड़े फिल्ममेकर्स सिल्क के नाम को सुझाने लगे। ऐसा लगने लगा जैसे बिना सिल्क के फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों को अधूरा मानने लगे। यहीं से विजयलक्ष्मी फिल्मों की सिल्क स्मिता बन गई। सिल्क ने अपने करियर में 450 से ज्यादा मूवीज (Silk Smitha Movies) में काम किया। आइटम गानों से लेकर फिल्मों में सिल्क का बोलबाला था। सिल्क की फीस उस वक्त 50 हजार थी। वहीं फिल्मों के लिए 1 लाख से ज्यादा लेने लगीं।

सिल्क को फिल्म इंडस्ट्री में आए हुए सिर्फ चार साल ही बीते थे और इतने कम समय में ही उन्होंने लगभग 200 फिल्मों में काम कर लिया था। तमिल फिल्म इंडस्ट्री में कमल हासन (Kamal Haasan) और रजनीकांत (Rajnikanth) दोनों के साथ सिल्क ने खूब काम किया। सिल्क ने हिंदी सिनेमा में भी काम किया। उन्होंने साल 1983 में आई हिंदी फिल्म 'सदमा' से बॉलीवुड में कदम रखा था।
चकाचौंध में डूबीं सिल्क की ऐसे हुई मौत
सिल्क (Silk Smitha Songs) सुपरस्टार बनीं, जिंदगी को अपनी शर्तों पर जिया। महज 4 साल के अंदर इतनी बड़ी ख्याति प्राप्त की। सिल्क ने फिल्मों का डायरेक्शन भी किया मगर फिल्में नहीं चलीं। फिल्में फ्लॉप होने लगीं, सिल्क नशे में चूर रहने लगीं। इस बीच उन्होंने एक डॉक्टर से शादी और ये शादी नहीं चल सकी।

नशे ने उन्हें अपना आदी बना लिया और वह डिप्रेशन में चली गईं। प्यार, परिवार सब बिखर गया और सिल्क अपनी हीं जिंदगी में गुमनामी के अंधेरे में खो गईं। 23 सितंबर 1996 को सिल्क अपने घर पर पंखे से लटकी पाईं गईं। इस मौत ने स्टारडम और सक्सेस के बीच रहने वाली खामोशी को भी बयां किया, जिसके बारे में दुनिया अंजान थी।
सिल्क सक्सेसफुल हुईं, नाम कमाया, पैसा-शौहरत सब मिला, लेकिन अंदर ही अंदर उन्हें इसी शौहरत ने खोखला भी कर दिया और नतीजा ये हुआ कि सिल्क दुनिया से चली तो गईं लेकिन ये बताकर गईं कि सच में जिंदगी जब मायूस होती है तभी महसूस होती है।

उन्होंने इतने जुल्म और परेशानियां झेलने के बाद भी अपनी जिंदगी शर्तों पर जिया और उनका नाम बदनाम होकर हुआ। सिल्क स्मिता के ऊपर साल 2011 में फिल्म द डर्टी पिक्चर बनी, जिसमें विद्या बालन ने मुख्य किरदार निभाया था। आज सिल्क हमारे बीच तो नहीं हैं, लेकिन उनकी कहानी के हर पन्ने को पढ़ने वाले एक बार दाद तो जरूर देते हैं।
