'दीवाली पर फैशन नहीं, कंफर्ट चुनना है पसंद...', Don't Be Shy एक्टर अंश दुग्गल ने बताया अपना फेस्टिव प्लान
अभिनेता अंश दुग्गल (Ansh Duggal) दीवाली पर डिजाइनर कपड़ों की बजाय आरामदायक ट्रेडिशनल कपड़े पहनना पसंद करते हैं।

अंश दुग्गल का दीवाली सेलिब्रेशन। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
अंश दुग्गल को दीवाली पर आरामदायक कपड़े पसंद हैं
अंश दुग्गल दीवाली पर पहनते थे पापा का पुराना कुर्ता
आलिया भट्ट निर्मित फिल्म डोन्ट बी शाय में नजर आए थे एक्टर
प्रियंका सिंह, मुंबई। 'डोंट बी शाय' और 'नखरेवाली' फिल्मों के अभिनेता अंश दुग्गल (Ansh Duggal) दीवाली पर डिजाइनरों की सुनने की बजाय वह पहनना पसंद करते हैं, जिसमें वह सहज हों।
ट्रेडिशनल कपड़ों के हैं शौकीन
अंश दुग्गल कहते हैं कि फैशन को लेकर मैं हमेशा से आत्मविश्वासी रहा हूं कि जो मुझे पहनना है वही पहनना है। दीवाली पर मुझे भारतीय कपड़े पहनना बेहद पसंद है। मुझे लगता है कि कुर्ता-पायजामा में बहुत अच्छा महसूस करता हूं। मैं अपना फैशन हमेशा साधारण रखता हूं। मेरे लिए कपड़ों के मामले में फैशन वह है, जिसे पहनने से अच्छा महसूस हो।
अंश दुग्गल ने आगे कहा, "मैं अपने लिए फैशन करता हूं। हां, चूंकि हम कलाकार हैं, तो हमारी थोड़ी-बहुत मदद डिजाइनर और स्टाइलिस्ट कर देते हैं, लेकिन उसमें आपकी पसंद, आपके विचार होने चाहिए। अगर मुझे कोई कपड़े पहनकर अच्छा लग रहा है, तो वह अच्छा है, फिर किसी को नहीं लग रहा है, तो कोई बात नहीं।"

पापा का पुराना कुर्ता पहन लेते थे एक्टर
अंश दुग्गल कहते हैं, "हां, मैं भी लोगों से मदद लेता हूं, लेकिन आखिरकार आप खुद को कैसे जाहिर करना चाहते हैं, वह आप ही तय करेंगे। यह सब स्टाइलिस्ट तो अब जुड़े हैं, पहले तो दीवाली पर जो मिल जाता था पहन लेता था। कई बार पापा का पुराना कुर्ता ही पहन लेता था।"
अंश दुग्गल ने कहा, "मैंने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया। दीवाली एक ऐसा समय होता है, जब खाना-पीना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना होता है। जब फिल्मों में नहीं या था, तब कपड़ों पर इतना ध्यान भी नहीं देता था। अब देना पड़ता है। उस वक्त नहा-धोकर तैयार होकर दोस्त, भाई-बहन के साथ निकल जाते थे। इंस्टाग्राम पर फैशनेबल कपड़ों में कई लोग अपनी तस्वीरें पोस्ट करते होंगे, मैं इन सब का दबाव नहीं लेता हूं। मैं उसे केवल अपनी फिल्मों को प्रमोट करने के लिए प्रयोग करता हूं।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।